ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News उत्तर प्रदेशUP Weather: 26 मई तक पश्चिमी यूपी में गर्मी का रेड अलर्ट, पारा दो से तीन डिग्री बढ़ेगा

UP Weather: 26 मई तक पश्चिमी यूपी में गर्मी का रेड अलर्ट, पारा दो से तीन डिग्री बढ़ेगा

UP Weather: गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 26 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दरम्यान दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है।

UP Weather: 26 मई तक पश्चिमी यूपी में गर्मी का रेड अलर्ट, पारा दो से तीन डिग्री बढ़ेगा
Yogesh Yadavहिन्दुस्तान,लखनऊWed, 22 May 2024 11:44 PM
ऐप पर पढ़ें

मौसम विभाग ने आगामी 26 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दरम्यान दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार 23 व 24 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर लू चलने की आशंका है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस अवधि में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने, आंधी आने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। 25 व 26 मई को पूरे उत्तर प्रदेश में गर्म रात रहेगी।

बुधवार को दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। आगरा व मथुरा वृंदावन व कानपुर में पारा क्रमश: 42-42 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रयागराज, सुल्तानपुर व हमीरपुर में दिन का तापमान 41-41 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश भी हुई। 

पुरवा बयार ने फिर थामे झुलसाती लू के तेवर 
मुरादाबाद। मंडल में हीट वेव का सितम जारी है। दिन के समय चिलचिलाती धूप ने कामकाज के लिए घर से निकले लोगों को बेहाल किया, अलबत्ता, हवा की दिशा पश्चिम दिशा के बजाय पूर्व दिशा से बने रहने के चलते झुलसा देने वाली हवा के कहर से लगातार दूसरे दिन भी राहत बनी रही। मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

मौसम विभाग ने मुरादाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों के लिए एक बार फिर हीट वेव और वार्म नाइट यानि रातें काफी गर्म बने रहने का रेड जारी जारी किया। मौसम विभाग ने तीन दिन पहले इस आशय का रेड अलर्ट जारी किया था। हालांकि, यह रेड अलर्ट जारी होने के बाद रात के न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी आई थी। हीट वेव और वार्म नाइट संबंधी मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी होने से ठीक पहले मुरादाबाद में रात का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

रेड अलर्ट जारी होने के बाद मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में काफी तेज रफ्तार से पुरवा यानि पूर्व दिशा की हवा चली थी। जिसके चलते रात का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस कम होकर 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जबकि अब पिछले चौबीस घंटों में रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।

बुधवार को भी पुरवा हवा चली। जिसके चलते लोगों को झुलसा देने वाली पछुआ हवा यानि लू के झोंकों से राहत रही। तीन दिन पहले तक पश्चिम दिशा से झुलसाती हुई हवा चलने के चलते मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके चलते आसपास के कुछ जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार भी जा पहुंचा था।