ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News उत्तर प्रदेशसहारनपुर तक बढ़ाई जाएगी संगम एक्सप्रेस, रेल मंत्री ने किया ऐलान

सहारनपुर तक बढ़ाई जाएगी संगम एक्सप्रेस, रेल मंत्री ने किया ऐलान

सहारनपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं हैं। इसके तहत मेरठ-प्रयागराज के बीच चलने वाली संगम एक्सप्रेस को सहारनपुर तक बढ़ाने का ऐलान किया।

सहारनपुर तक बढ़ाई जाएगी संगम एक्सप्रेस, रेल मंत्री ने किया ऐलान
Shivendra Singh वार्ता,सहारनपुरSat, 16 Jul 2022 04:59 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं हैं। इसके तहत मेरठ-प्रयागराज के बीच चलने वाली संगम एक्सप्रेस को सहारनपुर तक बढ़ाए जाने और सिद्धपीठ शाकुंबरी देवी स्थल को भी रेल मार्ग से जोड़ा जाना शामिल है। रेलमंत्री ने कहा कि मेरठ-प्रयागराज के बीच चलने वाली संगम एक्सप्रेस को सहारनपुर तक बढ़ाया जाएगा, सहारनपुर के सभी प्रमुख लोगों ने उनके सामने यह मांग प्रमुखता से रखी है। उन्होंने कहा कि लाखों हिन्दू श्रद्धालु सिद्धपीठ शाकुंबरी देवी के दर्शनों को आते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि शाकुंबरी देवी स्थल को रेलवे मार्ग से जोड़ा जाए।

पिछले चुनाव में भाजपा के हाथ से फिसली सहारनपुर सीट पर पार्टी के समीकरण बैठाने और कार्यकर्ताओं से मिलकर जीत का खाका तैयार करने यहां आए रेलमंत्री ने दो दिवसीय दौरे के दौरान दर्जनों बैठकों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को मन टटोलने के साथ उनका उत्साहवर्धन भी किया ताकि पिछले साल भाजपा के खाते से बाहर रही इस सीट पर 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर से भगवा लहराया जा सके।

भाजपा के सहारनपुर प्रभारी बनाए गए अश्विनी वैष्णव ने इय यात्रा के दौरान सभी छोटे से बड़े तक सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। भाजपा नेतृत्व की भरसक कोशिश है कि वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले चुनावों में हारी सभी सीटों पर जीत दर्ज करे। पिछले 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सहारनपुर, बिजनौर, नगीना, मुराबादा, संभव और अमरोहा की सीटें जीतीं थी लेकिन 2019 में भाजपा ने सपा और बसपा के हाथों इन्हें गंवा दिया था। उनको भाजपा नेतृत्व ने सहारनपुर, नगीना और बिजनौर लोकसभा सीटों को जिताने की जिम्मेदारी सौंपी है।

रेलमंत्री ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ा जाएगा साथ ही माना कि भाजपा के जिला और महानगर संगठन को मजबूत किए जाने की जरूरत है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की जरूरत है। जनप्रतिनिधियों को आम लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि वह सहारनपुर में आते रहेंगे और यहां के लोगों की जो भी समस्याएं और आंकाक्षाएं होंगी उस पर पूरा ध्यान देंगे।  उनका दो दिवसीय दौरा शुरुआत भर है। वह यहां के प्रबुद्ध लोगों के सीधे संपर्क में रहेंगे और उनके जो भी कीमती और जनकल्याणकारी सुझाव होंगे उन पर पूरा ध्यान देंगे।

वैष्णव महत्वपूर्ण रेल मंत्रालय के साथ-साथ संचार, आईटी और इलेक्ट्रानिक जैसे विभागों के भी मंत्री हैं। उन्होंने शाकुंबरी देवी क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाए जाने की जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी की मांग को पूरी करने का भरोसा दिया। शाकुंबरी देवी महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है लेकिन वहां मोबाइल टावर नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं और निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।