ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News उत्तर प्रदेशभारी बारिश के चलते बटेश्वर रेलमार्ग धंसा, पलटने से बची आगरा-इटावा पैसेंजर

भारी बारिश के चलते बटेश्वर रेलमार्ग धंसा, पलटने से बची आगरा-इटावा पैसेंजर

बारिश से रेलमार्गों पर खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को आगरा-बटेश्वर रेलमार्ग भांडई स्टेशन के नजदीक धंस गया। ट्रैक से गिट्टियां निकल गई। आगरा आ रही इटावा पैसेंजर के ड्राइवर की सतर्कता से ट्रेन पलटने से...

भारी बारिश के चलते बटेश्वर रेलमार्ग धंसा, पलटने से बची आगरा-इटावा पैसेंजर
आगरा, हिन्दुस्तान टीमMon, 30 Jul 2018 11:43 PM
ऐप पर पढ़ें

बारिश से रेलमार्गों पर खतरा मंडरा रहा है। सोमवार को आगरा-बटेश्वर रेलमार्ग भांडई स्टेशन के नजदीक धंस गया। ट्रैक से गिट्टियां निकल गई। आगरा आ रही इटावा पैसेंजर के ड्राइवर की सतर्कता से ट्रेन पलटने से बच गई।

आगरा-इटावा पैसेंजर मैनपुरी से चलकर इटावा, बटेश्वर के भांडई होते हुए सोमवार सुबह करीब नौ बजे आगरा आ रही थी। भांडई स्टेशन के पास ट्रेन के ड्राइवर को ट्रैक धंसा मिला। ट्रेन बीच में ही रोक दी। ट्रेन से सवारियों को उतारा गया। फिर ट्रैक की मरम्मत के लिए गिट्टियां भरी गई। करीब एक घंटे बाद ट्रैक चालू हुआ। पैसेंजर को कॉशन लगाकर गुजारा गया। फिर ट्रेन को क्षतिग्रस्त ट्रैक स्थल से आगे गुजार कर दोबारा सवारियां बैठानी पड़ीं।

वहीं इस संबंध में पीआरओ डॉ. संचित त्यागी ने बताया कि ट्रैक में कुछ खराबी के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा। करीब 15 मिनट ट्रेन लेट हुई। उन्होंने कहा कि सवारियों को नहीं उतारा गया था। ट्रेन रुकने के कारण सवारियां स्वयं उतर गई होंगी। इधर, लगातार हो रही बारिश से आगरा-दिल्ली, आगरा-झांसी और आगरा-कानुपर रेलमार्ग प्रभावित हैं। दर्जनों स्थानों पर ट्रेनों को धीमी रफ्तार से गुजारा जा रहा है। 

जलभराव से मंडराया खतरा
रेलमार्गों पर बारिश और जलभराव से ट्रेनों पर खतरा मंडरा रहा है। जहां एक ओर शहर में कई जगह ट्रैक नीचे हैं, तो आगरा-झांसी रेलमार्ग की स्थिति भी खस्ता है। गुरुवार को बरसात से राजामंडी रेलवे स्टेशन का पूरा ट्रैक पानी में डूब गया। ऐसे में जरा सी लापरवाही किसी बड़े रेल हादसे का सबब बन सकती है। उधर, रेलवे सुरक्षा इंतजामों के नाम पर कागजी खानापूर्ति कर रहा है। आगरा-दिल्ली मार्ग पर 12 से अधिक स्थानों पर जलभराव होता है। आगरा-कानपुर मार्ग पर भी ट्रैक खस्ताहाल है।