ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News NCRदिल्ली में गुरुवार को गर्मी से मिली मामूली राहत, जानिए शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में गुरुवार को गर्मी से मिली मामूली राहत, जानिए शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम?

गुरुवार को शहर का तापमान 41 डिग्री रहा, इससे पहले बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 42.4 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

दिल्ली में गुरुवार को गर्मी से मिली मामूली राहत, जानिए शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम?
Sourabh JainPTI,नई दिल्लीThu, 23 May 2024 08:57 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में बीते कुछ दिनों से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है और सूरज की तपिश से लोगों का हाल बेहाल हुए जा रहा है।  हालांकि गुरुवार को इस मामले में मामूली राहत मिली। इस दौरान बुधवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई लेकिन यह इस साल के सामान्य तापमान से ज्यादा ही रहा। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक यानी 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान यह येलो अलर्ट जोन में रहा। 

शुक्रवार को शहर के मौसम के बारे में अनुमान लगाते हुए IMD ने बताया कि इस दौरान आसमान बिल्कुल साफ रहने और दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर रात बेहद गर्म रहने की भविष्यवाणी भी की है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। हालांकि विभाग की ओर से शुक्रवार को लू चलने को लेकर कोई भविष्यवाणी नहीं की गई है।

उधर IMD  ने 25 से 27 मई तक दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी दौरान 25 तारीख को राजधानी की 7 लोकसभा सीटों के लिए मतदान भी होगा। गुरुवार को दिन भर के दौरान उमस 42 प्रतिशत से 60 प्रतिशत के बीच रही।

बीते दिनों राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, जिसके बाद शहर में पड़ रही गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी कर दिया गया था। 

इससे पहले बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 42.4 डिग्री सेल्सियस और सोमवार को 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। IMD के आंकड़ों के मुताबिक इस साल गर्मी में सबसे अधिक तापमान 19 मई को 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आमतौर पर किसी भी इलाके में हीटवेव तब मानी जाती है, जब किसी मौसम केंद्र का अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री तक पहुंच जाता है, और सामान्य तापमान में कम से कम 4.5 डिग्री की वृ्द्धि होती है। यदि तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक हो जाता है तो भीषण लू की घोषणा की जाती है।