ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News झारखंड रांचीखेलो झारखंड में बढ़ाए गए खेल, अब 32 स्पर्धाएं और बैंड प्रतियोगिता

खेलो झारखंड में बढ़ाए गए खेल, अब 32 स्पर्धाएं और बैंड प्रतियोगिता

दो सितंबर से पांच नवंबर तक राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं, 47,500 खिलाड़ी लेंगे भाग, ट्रायल के माध्यम से 18 खेलो में होगा अंडर 14-17-19 बालक-बालिकाओ का...

खेलो झारखंड में बढ़ाए गए खेल, अब 32 स्पर्धाएं और बैंड प्रतियोगिता
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSun, 26 May 2024 07:15 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची । हिन्दुस्तान ब्यूरो
झारखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग और राज्य शिक्षा परियोजना द्वारा खेलो झारखंड प्रतियोगिता में खेलों की संख्या बढ़ा दी गई है। अब 32 स्पर्धाओं पर प्रतियोगिता होगी। इसमें स्केटिंग प्रतियोगिता और बैंड प्रतियोगिता भी होगी। राज्य में खेलो झारखंड प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। इस साल भी अंडर 11-14-17-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शामिल होने का मौका मिलेगा।

सभी सरकारी विद्यालयों ( मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, आदर्श विद्यालय, नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय, एकलव्य आवासीय विद्यालय सहित) और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओ में शामिल होंगे। दिनांक 20 जून से विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओ का सिलसिला शुरू हो जाएगा। विद्यालय स्तर पर विजयी खिलाड़ियों को प्रखंड, जिला फिर राज्यस्तर पर खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष 11 आयु वर्ग तक के बच्चों के लिए स्केटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए जिला और राज्यस्तर पर बैंड प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।

इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता में बच्चे दिखाएंगे प्रतिभा

खेलो झारखंड 2024-25 के तहत इस वर्ष राज्यस्तरीय बैंड प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें कक्षा 8-12 तक के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रत्येक बैंड दल में न्यूनतम 25 और अधिकतम 33 सदस्य भाग ले सकेंगे। बैंड प्रतियोगिता का आयोजन जिला और राज्यस्तर पर होगा।

इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट

इस वर्ष जिलों के बीच इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट भी होगा। प्रत्येक टीम में 15 प्रतिभागी होंगे। जिलास्तर पर एक दिवसीय ट्रायल आयोजित कर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीमों का चयन होगा। प्रतियोगिता 20-20 ओवर की अथवा नॉक आउट टूर्नामेंट पर आधारित होगी। इस प्रतियोगिता में पावर प्ले (30 यार्ड सर्कल) के नियम का पालन नहीं होगा।

दो सितंबर से पांच नवंबर तक राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं

इस वर्ष खेलो झारखंड 2024-25 की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं दो सितंबर से शुरू होंगी। यह प्रतियोगिताएं पांच नवंबर तक चलेंगी। दो से पांच सितंबर तक फुटबॉल। 10 से 13 सितंबर तक खो खो। 19 से 21 सितंबर तक क्रिकेट और रेसलिंग। 24 से 27 सितंबर तक कबड्डी। 30 सितंबर से दो अक्तूबर तक हॉकी और वुशु। पांच से आठ अक्तूबर तक वॉलीबॉल। 15 से 16 अक्तूबर तक आर्चरी, योगा और चेस। 24 से 27 अक्तूबर तक एथलेटिक्स। चार और पांच नवंबर को राज्यस्तरीय बैंड प्रतियोगिता होगी। 18 और 19 अक्तूबर को ताइक्वांडो, जुडो, बैडमिंटन, साइकिलिंग, बास्केटबॉल, टेबलटेनिस। 20 अक्तूबर को गटका, हैंडबॉल, वेटलिफ्टिंग, स्केटिंग, स्क्वाश, फेंसिंग, स्पीक टकराव प्रतियोगिता होगी। 20 और 21 अक्तूबर को कराटे। 21 अक्तूबर को बॉक्सिंग, टेनिस, नेटबॉल, मलखम्ब, जिमनास्टिक्स, शूटिंग, स्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं में 47,508 खिलाड़ी शामिल होंगे।

प्रमाण पत्रों की होगी विस्तृत जांच, त्रुटि पाए जाने पर होगी कार्रवाई

आयु वर्ग 14-17-19 के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं के आयु प्रमाण पत्रों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसमें त्रुटि पाए जाने पर संबंधित खिलाड़ी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अन्यथा की स्थिति में अभिभावक की सहमति को आधार बनाकर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इन खेलों का होगा आयोजन

खेलो झारखंड 2024-25 में अंडर 14-17-19 वर्ष वर्ग तक के विद्यार्थियों के लिए एथलेटिक्स, आर्चरी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, हॉकी, योगासन, चेस, कराटे, ताइक्वांडो, जुडो, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, मलखम्ब, जिमनास्टिक्स, हैंडबॉल, स्विमिंग, बास्केटबॉल, शूटिंग, स्केटिंग, स्क्वाश, टेबल टेनिस, टेनिस, नेटबॉल, फेंसिंग, रेसलिंग (बालिका) प्रतियोगिता का आयोजन होगा। अंडर 17-19 बालक-बालिका वर्ग के विद्यार्थियों के लिए क्रिकेट, रेसलिंग, वुशु, गटका, वेटलिफ्टिंग का आयोजन होगा।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।