ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News देशऑपरेशन कावेरीः सूडान में फंसे 360 भारतीयों का पहला जत्था दिल्ली पहुंचा, विदेश मंत्री जयशंकर ने किया स्वागत

ऑपरेशन कावेरीः सूडान में फंसे 360 भारतीयों का पहला जत्था दिल्ली पहुंचा, विदेश मंत्री जयशंकर ने किया स्वागत

सूडान से लौटकर आए भरत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को धन्यवाद देते हुए कहा कि सऊदी अरब की सरकार ने भी बेहतर काम किया। एक अन्य ने कहा कि केवल भारत सरकार ही इस स्तर पर लगी है।

ऑपरेशन कावेरीः सूडान में फंसे 360 भारतीयों का पहला जत्था दिल्ली पहुंचा, विदेश मंत्री जयशंकर ने किया स्वागत
Ankit Ojhaएजेंसियां,नई दिल्लीThu, 27 Apr 2023 06:21 AM
ऐप पर पढ़ें

सूडान इस समय गृह युद्ध में सुलग रहा है। यहां फंसे 360 भारतीयों का पहला जत्था बुधवार रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। विमान के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही लोगों के चेहरे खिल गए। हवाई अड्डे पर उतरते ही यात्रियों ने भारतीय सेना जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे लगाए। वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी ट्वीट करके इन भारतीयों का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, 'भारत अपने लोगों की वापसी पर स्वागत करता है। ऑपरेशन कावेरी के तहत 360  भारतीयों को लेकर पहला विमान नई दिल्ली पहुंच चुका है।'

पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

नई दिल्ली के हवाई अड्डे पर उतरे जत्थे में आई एक महिला ने कहा कि भारत सरकार ने हमें बहुत मदद की। वहां स्थिति काफी खतरनाक थी और हमारा यहां सुरक्षित पहुंचना बड़ी बात है। मैं प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार को धन्यवाद देती हूं। एक अन्य भारतीय सुरेंद्र सिंह यादव ने सकुशल भारत लौटने के बाद कहा कि मैं वहां आईटी प्रोजेक्ट के लिए गया था और वहीं फंस गया। दूतावास और सरकार ने बहुत मदद की। करीब एक हजार लोग जेद्दा में हैं। सरकार काफी तेजी से बचाव अभियान चला रही है। 

सूडान से लौटकर आए भरत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को धन्यवाद देते हुए कहा कि सऊदी अरब की सरकार ने भी बेहतर काम किया। एक अन्य नागरिक गौरव जैन ने कहा कि अभी केवल भारत सरकार ही है, जो अपने नागरिकों को बचाने पर ध्यान दे रही है। विकसित देश केवल अपने राजनयिकों को बचाने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।

बता दें कि यह विमान रात करीब 9 बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। इससे पहले केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने विमान को जेद्दा से रवाना करने के बाद इसकी जानकारी दी थी कि विमान रवाना हो गया। गौरतलब है कि संकटग्रस्त सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल के बीच संघर्ष विराम खत्म होने से पहले 534 भारतीयों को सकुशल निकाल लिया गया है। भारतीय नौसेना द्वारा 278 भारतीय नागरिकों को सूडान से निकालने के एक दिन के बाद बुधवार को भारतीय वायु सेना के दो सी- 130 जे सैन्य परिवहन विमान 256 भारतीयों को पोर्ट सूडान से जेद्दा लेकर आए। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ऑपरेशन कावेरी के तहत अब तक सूडान से 534 भारतीयों को निकाल लिया गया है। अब जेद्दा से इन लोगों को स्वदेश लाया जा रहा है। भारत ने सऊदी अरब के शहर जेद्दा में पारगमन सुविधा स्थापित की है और भारत के विदेश मामलों के राज्य मंत्री वी मुरलीधरन जेद्दा में पूरे मिशन का निगरानी कर रहे हैं।

बता दें कि आईएनएस सुमेधा से मंगलवार को 278 भारतीयों के पहले जत्थे को पोर्ट सूडान से निकाला गया था। विदेश मंत्री एस जयशंकर के अनुसार पहले सी-130जे विमान से 121 यात्रियों को जेद्दा लाया गया था और दूसरे विमान से 135 यात्रियों को लाया गया। सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायु सेना का सी-17 सैन्य परिवहन विमान बुधवार को भारतीय नागरिकों को जेद्दा से मुंबई लाने के लिए रवाना हो गया। यह विमान गुरुवार की सुबह मुंबई पहुंच जाएगा।