फोटो गैलरी

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News मौसमकश्मीर की वादियों में लू के थपेड़े, श्रीनगर में पारे ने तोड़ा एक दशक का रिकॉर्ड; कहां पहुंचा तापमान?

कश्मीर की वादियों में लू के थपेड़े, श्रीनगर में पारे ने तोड़ा एक दशक का रिकॉर्ड; कहां पहुंचा तापमान?

Jammu Kashmir Heat Wave and Weather Update: ठंडक के लिए मशहूर श्रीनगर में चढ़ते पारे ने पिछले 11 सालों का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गुरुवार को मई का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।

कश्मीर की वादियों में लू के थपेड़े, श्रीनगर में पारे ने तोड़ा एक दशक का रिकॉर्ड; कहां पहुंचा तापमान?
Pramod Kumarलाइव हिन्दुस्तान,श्रीनगरFri, 24 May 2024 06:19 PM
ऐप पर पढ़ें

Jammu Kashmir Heat Wave and Weather Update: पूरा उत्तर भारत इस वक्त प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़े झेल रहा है, हालांकि, पछुआ हवा चलने से थोड़ी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह  न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। सुबह 8.30 बजे हवा में नमी 61 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उधर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत जम्मू-कश्मीर में भी प्रचंड गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। अपनी हसीन वादियों और ठंडक के लिए मशहूर कश्मीर की घाटी में भी लू के थपेड़े चल रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि श्रीनगर में चढ़ते पारे ने पिछले 11 सालों का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। गुरुवार को मई का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। वहां तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इससे पहले  23 मई 2013 को भी श्रीनगर में इतना ही तापमान रिकॉर्ड किया गया था। भीषण गर्मी के कारण कश्मीर के अन्य सभी मौसम केंद्रों पर भी इस मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

स्थानीय मौसम विभाग ने आगे और गर्म और शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीनगर में अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 34 डिग्री सेल्सियस तक रहा है। स्वतंत्र मौसम पूर्वानुमानकर्ता फैज़ान आरिफ़ केंग के हवाले से कश्मीर ऑब्जर्वर ने बताया है कि 2011 में मई महीने में श्रीनगर का तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2007 में यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, 2001 में 34.2 डिग्री सेल्सियस, 2000 में 33.8 डिग्री सेल्सियस और 1995 में 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा चुका है।

केंग ने बताया है कि पिछले एक दशक में यह सबसे गर्म मई रिकॉर्ड किया गया है। श्रीनगर के अलावा कश्मीर के काजीगुंड, पहलगाम, कुपवाड़ा, कोकेरनाग, गुलमर्ग, गांदरबल और अनंतनाग में भी भीषण गर्मी और हीटवेब रिकॉर्ड किया गया है। IMD के मुताबिक, काजीगुंड में पारा 32.6 डिग्री, पहलगाम में 27.3, कुपवाड़ा में 30.6, कोकेरनाग में 30.1 डिग्री और गुलमर्ग में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि  बनिहाल और बटोट में क्रमश: 29.8 और 29.9  डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माता वैष्णो देवी के लिए मशहूर कटरा में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि 28 मई तक लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है लेकिन 29-31 मई के बीच तापमान में गिरावट आ सकती है और हल्की बारिश भी हो सकती है।