ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News NCR नई दिल्लीआंधी पैकेज-- शुक्रवार रात चली आंधी में दो की मौत, 23 घायल

आंधी पैकेज-- शुक्रवार रात चली आंधी में दो की मौत, 23 घायल

--पुलिस कंट्रोल रूम के पास आई कुल 409 कॉल -- 9 विमानों को आंधी के

आंधी पैकेज-- शुक्रवार रात चली आंधी में दो की मौत, 23 घायल
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीSat, 11 May 2024 06:30 PM
ऐप पर पढ़ें

--पुलिस कंट्रोल रूम के पास आई कुल 409 कॉल
-- 9 विमानों को आंधी के कारण करना पड़ा डाइवर्ट

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता।

राजधानी में शुक्रवार रात चली आंधी के चलते गिरे पेड़ों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग हादसों में 23 लोग घायल हो गए। आंधी के दौरान घायल हुए लोगों को पास के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। ज्यादातर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

आंधी के दौरान अधिकांश इलाकों में बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए। कई जगह तेज हवा के कारण टिन-टप्पर भी उड़ गए तो कई जगहों पर इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के मुताबिक पुलिस को पेड़ गिरने की 152, मकानों में दरार आने व क्षतिग्रस्त होने की 55, बिजली कट जाने व तार टूटकर गिरने की 202 कॉल मिलीं। कुल मिलाकर 409 कॉल आई।

हादसा एक:-केएन काटजू मार्ग पर पेड़ की चपेट में आने से राहगीर की मौत

शुक्रवार रात करीब 10 बजे केएन काटजू मार्ग पर पेड़ की चपेट में आने से एक राहगीर घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को तत्काल बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाले की पहचान रोहिणी सेक्टर-16 निवासी हरिओम के रूप में हुई है।

हादसा दो:- विकासपुरी में पेड़ गिरने से एक शख्स की मौत

विकासपुरी में घर लौट रहे एक शख्स के ऊपर पेड़ गिर गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में मारे गए शख्स की पहचान 46 वर्षीय जयप्रकाश के रूप में हुई। वह मोपेड पर सवार होकर घर जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि जयप्रकाश अपने परिवार के साथ सीतापुरी इलाके में रहते थे।

------------------------------------

9 विमान डाइवर्ट

आंधी की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उड़ानें प्रभावित हुईं। कुछ समय के लिए जहां विमानों की उड़ान को रोकना पड़ा तो वहीं विमानों के लिए एयरपोर्ट पर उतरना मुश्किल हो गया। मौसम खराब होने के चलते दिल्ली एयरपोर्ट आने वाले 9 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डाइवर्ट करना पड़ा। वहीं, शुक्रवार रात लगभग दस बजे आई आंधी के चलते कई जगहों पर यातायात प्रभावित रहा। तेज आंधी के चलते दोपहिया सवारों के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो रहा था। इस कारण उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी रोक ली। इसके चलते इन जगहों पर यातायात प्रभावित रहा।

------------------------------------

स्मारक परिसरों में भी गिरे पेड़

आंधी में दिल्ली की अलग-अलग स्मारकों के परिसर में भी पेड़ गिरे। राहत की बात यह रही कि किसी स्मारक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लालकिला, हुमायूं का मकबरा, जंतर-मंतर, पुराना किला, कुतुबमीनार, सफदरजंग मकबरा परिसर में तेज आंधी से पेड़ गिर गए। लालकिला में पेड़ गिरने से परिसर में लगी लोहे की ग्रिल और पाथवे को जरूर नुकसान पहुंचा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण दिल्ली मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेज आंधी से किसी स्मारक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। उधर, आंधी से चिड़ियाघर परिसर में भी दो-चार पेड़ गिर गए।

यहां पर ज्यादा गिरे पेड़

वैसे तो राजधानी के तकरीबन सभी इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं, लेकिन इनमें ज्यादातर घटनाएं यमुनापार की हैं। यमुनापार के इलाकों में शाहदरा, अशोक नगर, एलआईजी फ्लैट्स, लोनी रोड, गोकलपुरी, ज्योति कालोनी, सबोली, मंडोली, हर्ष विहार, नंद नगरी, विश्वास नगर, कृष्णा नगर, वेलकम, खजूरी और सोनिया विहार शामिल हैं। वहीं, नई दिल्ली इलाके में भी पेड़ उखड़ने व टहनियों के टूटने की कॉल आई। इसके अलावा रोहिणी, अशोक विहार, विकासपुरी व द्वारका मोड़ में लोगों को पेड़ उखड़ने व गिरने की घटनाओं से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।