ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News झारखंडझारखंड में कुल 62.74 प्रतिशत मतदान, कहां हुई सबसे ज्यादा वोटिंग

झारखंड में कुल 62.74 प्रतिशत मतदान, कहां हुई सबसे ज्यादा वोटिंग

Jharkhand Lok Sabha Voting Live: झारखंड के चीर सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही पोलिंग बूथ पर वोटर्स की लंबी लाइन दिख रही है। मतदाता आझ 93 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

झारखंड में कुल 62.74 प्रतिशत मतदान, कहां हुई सबसे ज्यादा वोटिंग
Sneha Baluniलाइव हिन्दुस्तान,रांचीSat, 25 May 2024 08:49 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड में तीसरे चरण (देश में छठे) में लोकसभा की चार सीटों रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह में शनिवार को वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में राज्य की चारों सीटों के लिए कुल 93 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। झारखंड के 8,963 मतदान केंद्रों पर 82,16,506 मतदाता 93 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद करेंगे। वोटरों में 42,06,926 पुरुष, 40,09,290 महिला और 290 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों की निगरानी दो-दो 4डी कैमरे से की जाएगी।

झारखंड में चार सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। चारों सीटों पर कुल मिलाकर 62.74 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस दौरान जमशेदपुर में सबसे ज्यादा 66.79 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के मामले में दूसरे नंबर पर गिरीडीह लोकसभा सीट रही। यहां कुल 66.14 प्रतिशत वोटिंग हुई। रांची तीसरे नंबर पर रहा। यहां कुल 60.10 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं धनबाद में सबसे कम 59.20 प्रतिशत मतदान हुआ।

7.00 PM: 5 बजे तक झारखंड में 61.41 प्रतिशत मतदान, किस सीट पर सबसे ज्यादा वोटिंग

गिरिडीह में सबसे अधिक 64.75 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद जमशेदपुर में 64.30 प्रतिशत, धनबाद में 58.90 प्रतिशत और रांची में 58.73 मतदान दर्ज किया गया।

5.30: झारखंड की चार लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। चारों लोकसभा सीट पर कुल 61.41 प्रतिशत मतदान हुआ है। पांच बजे तक धनबाद लोकसभा क्षेत्र में कुल 58.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा गिरिडीह में 64.75 प्रतिशत, जमशेदपुर में 64.30 प्रतिशत कुल मतदान हुआ है।

 

3.15 PM: छठवें चरण में झारखंड की चार लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक प्रदेश की चार सीटों पर कुल 54.34 प्रतिशत मतदान हुआ। 

गिरीडीह- 57.11 प्रतिशत

जमशेदपुर- 56.14 प्रतिशत

रांची- 54.25 प्रतिशत

धनबाद- 50.69 प्रतिशत

3.00 PM: रांची में मतदान के लिए पहुंचे भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी। लाइन में लगकर डाला वोट।

2.30 PM: धनबाद जिला के छह विधानसभा क्षेत्र में सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 41.64% रहा। टुंडी में 44.33, बाघमारा में 42.83, धनबाद में 36.79, झरिया में 38.67, सिंदरी में 44.97 और निरसा में 43.83 प्रतिशत मतदान हुआ।

2.21 PM: घाटशिला प्रखंड के 102 नंबर बूथ पर मतदान करने आए बड़ाजुड़ी पंचायत के मुड़ाकाटी गांव निवासी बुढ़ान हांसदा की मौत हो गई है। बुढ़ान हांसदा शनिवार को लगभग 1 बजे बड़ाजुड़ी हाईस्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 102 पर मतदान करने आए थे। लू लगने के कारण वह बेहोश हो गए।

2.05 PM: झारखंड में छठे चरण के चुनाव में दोपहर एक बजे तक 42.54 प्रतिशत मतदान हुआ।

2.03 PM: जमशेदपुर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने लोयोला स्कूल के बूथ नंबर 161 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने जमशेदपुर वासियों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग अभी भी अपने घरों से नहीं निकले हैं, वे मतदान के लिए निकलें। अभी नहीं तो कभी नहीं, वोट करेगा जमशेदपुर। इसी बूथ पर डीसी मनीष कुमार ने भी मतदान किया। मतदान के बाद दोनों अधिकारियों ने वहीं पर पौधे लगाए। उपायुक्त ने बताया कि वे तीसरी बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

1.57 PM: रांची संसदीय क्षेत्र में विधानसभा वार वोट का प्रतिशत कितना रहा-
हटिया: 40.00
इचागढ़: 54.87
कांके: 40.11
खिजरी: 42.11
रांची: 34.10
सिल्ली: 44.75
कुल: 41.83

1.56 PM: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने लाइन में लगकर वोट डाला। वह रांची के मतदान केंद्र पहुंची थी।

1.45 PM: झारखंड के चार लोकसभा सीटों में से गिरिडीह में 12.91 प्रतिशत, धनबाद में 11.75, रांची में 12.19 और जमशेदपुर में अबतक 10.05 प्रतिशत वोट पड़े हैं।  

1.41 PM: गिरिडीह महिला कॉलेज में बूथ संख्या 36 में नोंकझोंक हुई है। एजेंट कार्ड नहीं देने का आरोप है। एजेंट के साथ मतदानकर्मी की नोंकझोंक हुई है।

1.16 PM: बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त  विजया जाधव, पुलिस अधीक्षक  पूज्य प्रकाश, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार एवं अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने अपने अपने मतदान केंद्रों पर अपने-अपने मत का प्रयोग किया।

1.11 PM: बोकारो के भर्रा उर्दू हाई स्कूल, भर्रा में 9 पर्दानशी बूथ- बूथ संख्या 379 से लेकर 387 तक बनाए गए हैं। पहली बार मतदान करने वाली इशरत जहां ने कहा कि पहली बार हमने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निष्पक्ष मतदान के लिए पर्दानशी बूथ अच्छा है। इसके अलावा शब्बा नाज ने भी पहली बार रोजगार के मुद्दे पर मतदान किया।

12.52 PM: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रांची के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

12.45 PM: जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सह बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार महंती ने शनिवार को चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित अभ्यास मध्य विद्यालय की बूथ संख्या 50 पर अपनी पत्नी नैना मोहंती और भतीजा राकेश मोहंती के साथ पहुंचे। सभी ने मतदान किया। मतदान के बाद समीर मोहंती ने आम मतदाताओं से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने घरों से निकलें और मतदान करें।

12.40 PM: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी के बदिया गांव निवासी रंजीत सरकार मतदान के लिए कोलकाता से अपनी 90 वर्षीय मां गीता सरकार, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं, को लेकर आए। उनकी पत्नी शिल्पी सरकार ने भी वोट डाला।

12.37 PM: रांची लोकसभा की इंडिया गठबंधन गठबंधन कि प्रत्याशी यशस्विनी सहाय व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने सपरिवार मतदान किया। रांची में वोटर्स बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

12.34 PM: आम दिनों में हजारों लोगों से भरे रहने वाले जमशेदपुर के  साकची बाजार में शनिवार को दुकानें बंद थीं और सन्नाटा था। दूसरी ओर, बूथों पर लोगों की कतार वोट करने के लिए लगी है।

12.17 PM: जमशेदपुर के बिरसानगर गुड़िया मैदान बूथ पर पी 2 रेनुबाला शर्मा की तबीयत बिगड़ने के चलते मतदान की गति धीमी हो गई। आधे घंटे बाद पी 2 कर्मचारी को बदला गया।

12.05 PM: रांची में सुबह से ही तीखी धूप होने के बावजूद लोग मतदान के लिए घरों निकले हैं। हालांकि सुबह 9 बजे के मुकाबले जैसे जैसे सूर्य को तपिश बढ़ रही है, लोगों की संख्या कम हुई है। उम्मीद है कि दोपहर बाद मतदान करने वालों की संख्या में और तेजी आएगी। 

12.02 PM: जमशेदपुर के टाटा पावर जोजोबेरा सीएसआर के क्लब एनर्जी प्रोग्राम के तहत जोजोबेरा क्षेत्र के हरिजन मध्य विद्यालय मतदान केंद्र को ग्रीन एनर्जी थीम पर सजाया गया है। टाटा पावर ने स्थानीय समुदाय और स्कूली छात्रों के साथ मिलकर यह पहल की है। ग्रीन एनर्जी थीम बूथ द्वारा स्थानीय समुदाय को ग्रीन एनर्जी और बिजली की बचत से जुड़े महत्व के बारे में अधिक से अधिक जागरूक किया जा रहा है।

12.00 PM: धनबाद लोकसभा क्षेत्र में सुबह 07:00 बजे से 11:00 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 26.06 रहा।

11.59 AM: धनबाद लोक सभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह ने चिन्मया विद्यालय का भ्रमण कर आम जनों को अपना मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

11.52 AM: बोकारो में सुबह 11 बजे ‌तक 26.33 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत 29 फीसदी है।

11.50 AM: जमशेदपुर के पटमदा के कांकीडीह 96 बूथ पर बिना किसी पार्टी एजेंट के 9 बजे तक मतदान हो रहा था। जब झामुमो के एजेंट पंचानन मांडी व सुनील हांसदा ने विरोध किया और पीठासीन अधिकारी को लिखित देने के बाद घुसने दिया। यहां भाजपा का एजेंट नहीं है। कांकीडीह 95 बूथ पर भाजपा के चक्रधर महतो, नेपाल महतो जबकि झामुमो के गोपाल हेंब्रम व सालखू बेसरा हैं।

11.45 AM: रांची संसदीय क्षेत्र में विधानसभा वार वोट का प्रतिशत नौ से 11 बजे के बीच बढ़ा है। रांची लोकसभा सीट पर अभी तक कुल 28.06 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

11.40 AM: धनबाद विधानसभा सीट से विधायक राज सिन्हा, उनकी पत्नी विनीता सिन्हा और  बेटी श्रेया राज ने वोट डाला।

11.37 AM: रांची के सिल्ली प्रखंड के बूथ 81 में समाजसेवी नंदकिशोर महतो ने 95 वर्षीय दिव्यांग वृद्ध महिला को वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पहुंचाने में मदद की।

11.32 AM: झारखंड की राजधानी रांची में वोट डालने के लिए मतदाता काफी उत्साहित हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि किसी का पैर टूटा तो कोई चलने में असमर्थ है, फिर भी वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे।

11.30 AM: धनबाद शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर धूप और गर्मी का असर दिखने लगा है। एंप्लॉयमेंट एक्सचेंज में बनाए गए मतदान केंद्र संख्या 140 और 141 पर मतदाता नहीं के बराबर हैं। सुबह इस केंद्र पर भीड़ थी। धूप और गर्मी बढ़ने के साथ मतदान धीमा पड़ गया है।

11.25 AM: जमशेदपुर के पोटका के उमवि में विधायक संजीव सरदार ने मतदान किया।

11.15 AM: जमशेदपुर के घाटशिला विधानसभा के धालभूमगढ़ प्रखंड स्थित 154 नंबर बूथ पर ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर मतदान नहीं करने का निर्णय लिया है। यहां सुबह 10:30 बजे तक इस बूथ पर एक भी वोट नहीं पड़ा है।

11.05 AM: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से विधायक सरयू राय ने जमशेदपुर के केएमपीएम वोकेशनल कॉलेज, बिष्टुपुर के मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने की अपील की।

10.58 AM: झारखंड में सुबह 10 बजे तक 11.74 प्रतिशत वोट पड़े हैं। पोलिंग बूथ पर लंबी लाइनें लगी हैं। मतदाता गर्मी की परवाह किए बिना लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बन रहे हैं।

10.55 AM: मॉक पोल के दौरान रांची में 16 बैलेट यूनिट, 12 कंट्रोल यूनिट और 16 वीवीपैट बदले गए। वहीं गिरिडीह में 18 बैलेट यूनिट, 4 कंट्रोल यूनिट और 14 वीवीपैट बदले गए। इसी तरह गिरिडीह में 18 बैलेट यूनिट, 4 कंट्रोल यूनिट और 14 वीवीपैट बदले गए। धनबाद में 12 बैलेट यूनिट, 8 कंट्रोल यूनिट और 11 वीवीपैट बदले गए। इसके अलावा जमशेदपुर में 8 बैलेट यूनिट, 7 कंट्रोल यूनिट और 14 वीवीपैट बदले गए।

10.35 AM: कांके ब्लॉक अंतर्गत बुकरू गांव के सभा भवन (मतदान केंद्र संख्या 228) में मतदान देने के लिए मतदाताओं की लंबी कतारें। भीषण गर्मी के बीच महिला मतदाता छाता लेकर अपने वोट देने के लिए प्रतीक्षा में खड़ी है।

10.49 AM: रांची संसदीय क्षेत्र के टाटीसिल्वे में वोट के लिए वोटर्स लंबी कतार में खड़े हैं। वोटर्स में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

10.30 AM: धनबाद के कतरास के भंडारीडीह सामुदायिक भवन में बूथ संख्या 263 में ईवीएम खराब होने के कारण आधे घंटे से मतदान बाधित है।

10.10 AM: धनबाद लोकसभा क्षेत्र में  पहले दो घंटे 07:00 बजे से 09:00 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 11.75 रहा। इस दौरान धनबाद में 10.8, झरिया में 11.64, सिंदरी में 13.03, निरसा में 13.38, बोकारो में 10.75 और चंदनकियारी में 11.95 फीसदी मतदान हुआ।

10.00 AM: चंपाई सोरेन सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जमशेदपुर के कदमा में मतदान किया।

9.50 AM: बोकारो डीआईजी एसटीएफ इंद्रजीत महथा ने पत्नी के साथ चंदनकियारी साबरा स्थित मतदान केंद्र में मताधिकार का प्रयोग किया।

9.45 AM: गिरिडीह में राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद ने बूथ नम्बर 18 फॉरेस्ट कालोनी में अपनी पत्नी के साथ डाला वोट।

9.42 AM: धनबाद के गोमो-तोपचांची प्रखंड के घुनघसा पंचायत के चीराबाद के ग्रामीणों ने आज वोट का बहिष्कार कर दिया। गांव के करीब 650 वोटर गांव से अभी तक बूथ पर नहीं गए। बूथ नंबर-195 पर चीराबाद के लोग वोट दिया करते थे। ग्रामीणो की मांग है कि जब तक रोड नही तब तक वोट नहीं। ग्रामीणो ने मतदान का बहिष्कार करते हुए नारेबाजी की है।

9.40 AM: धनबाद जिला अंर्तगत सुबह 07:00 बजे से सुबह 09:00 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 12.34 रहा। इस दौरान टुंडी में 13.3, बाघमारा में 12.3, धनबाद में 10.8, झरिया में 11.64, सिंदरी में 13.03 और निरसा में 13.38 फीसदी मतदान हुआ।

9.35 AM: गिरिडीह जिले के सदर प्रखंड के चुंजका पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोदी सरहच्चा की बूथ संख्या 191 में मतदाताओं की लंबी कतार लगी है।

9.27 AM: धनबाद जिले के सिंदरी खाद कारखाना के विस्थापित सिंदरी बस्ती के ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार कर दिया है। हालांकि पुलिस प्रशासन ग्रामीणों से वोट कराने की कोशिश में लगा हुआ है। सिंदरी बस्ती के दुर्गा मंदिर प्रांगण में डीएसपी विधि व्यवस्था शंकर कामती, एसडीपीओ भूपेंद्र प्रसाद राउत बलियापुर बीडीओ ग्रामीणों के साथ बैठक कर रहे हैं।

9.25 AM: जमशेदपुर के बालीगुमा निवासी 90 वर्षीय सतीश मिश्रा ने एनएच-33 स्थित एस एस अकादमी में अपना मतदान किया। अधिक उम्र हो जाने के कारण हुए चलने फिरने में असमर्थ थे। इस कारण उनके पोते और बेटे मतदान केंद्र लाने में उन्हें सहयोग किया। सतीश मिश्रा ने कहा कि उन्होंने देश के विकास के लिए अपना वोट दिया है और लोगों से भी मतदान करने की अपील की है।

9.13 AM: बोकारो के विस्थापित इलाकों रानी पोखर सहित अन्य स्थानों पर मतदान के लिए में भीड़ उमड़ी है। जिले के चंदनकियारी में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी ने अपना वोट डाला।

9.11 AM: बोकारो के पेटरवार स्थित मतदान केंद्र संख्या 216 जोभिया में मतदान के बाद वीवीपैट मशीन से पर्ची नहीं निकल रही थी। शिकायत के बाद सहायक निर्वाचक पदाधिकारी अशोक राम ने वीवीपैट मशीन बदल दी। वहीं, मतदान केंद्र संख्या 251 राजकीयकृत बालिका मध्य विद्यालय में मतदान की गति काफी धीमी रही।

9.10 AM: बोकारो जिले के चास निगम क्षेत्र के स्वर्णकार मोहल्ला, शेखार कुली, नूरी मस्जिद, रविन्द्र भवन के बूथ संख्या- 367, 368, 369, 370 में वोट डालने को लेकर लोगों की भारी भीड़दिख रही है। सुबह 6.39 बजे से लोग कतार में लगे हैं।

9.07 AM: जमशेदपुर के आंध्रा एसोसिएशन मतदान केंद्र, कदमा में वोट देने पहुंचे 90 साल के मतदाता डी. बाबू राव को जिला प्रशासन की ओर से गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया।

9.05 AM: जमशेदपुर के गालूडीह महुलिया पंचायत उच्च विद्यालय का बूथ संख्या 19 ईवीएम मशीन खराब हो गई है। घाटशिला से इंजीनियर पहुंचे।

8.55 AM: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के घाटशिला प्रखंड के बलदेव दास महिला कॉलेज में लगी वोटर्स की लंबी कतार। यह बूथ संख्या 80 है।

8.52 AM: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड की मुटूरखाम पंचायत अंतर्गत गोबराबनी गांव के ग्राम प्रधान सुरेंद्रनाथ हांसदा 65 की शनिवार सुबह एक हाथी के हमले में मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, वह सुबह मतदान करने के लिए जंगल के रास्ते धोलाबेड़ा स्थित मतदान केंद्र पर जा रहे थे। इस दौरान एक हाथी ने उनपर हमला कर दिया और पटककर मार डाला।

8.46 AM: झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रांची में अपना वोट डालने के बाद कहा, 'मुझे बहुत खुशी है कि यह पहली बार है जब मैं घर से दूर मतदान कर रहा हूं। मुझे राज्य के पहले नागरिक के रूप में झारखंड में मतदान करने में बहुत खुशी हो रही है। मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे बाहर आएं और जिसे चाहते हैं उसे वोट दें।'

8.43 AM: टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा, 'मतदान करना हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य है। हमने पहले सुना था कि झारखंड के जमशेदपुर में पिछली बार वोटिंग प्रतिशत कम था। मुझे उम्मीद है कि इस बार यह बेहतर होगा और ज्यादा लोग मतदान करने के लिए आएंगे।'

8.32 AM: धनबाद जिले के सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्र संख्या-264 गांव बंदरचुआं में मतदान के लिए लगी वोटर्स की लंबी कतार।

8.25 AM: गिरिडीह शहर के न्यू बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में वोट देकर बाहर आए भाजपा नेता विनोद सिन्हा।

8.22 AM: रांची में वोट देने से पहले कतार में लगकर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने अपनी बारी का इंतजार किया।

8.20 AM: भाजपा के मौजूदा सांसद और रांची लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार संजय सेठ ने मतदान से पहले मंदिर में पूजा की। इसके बाद उन्होंने कहा, 'मैंने 'नंदी बाबा' से कहा कि देश के प्रधानमंत्री को और अधिक शक्तिशाली बनाएं... मैं रांची के लोगों से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और बड़ी संख्या में वोट करें। इस बार रांची का मतदान प्रतिशत 80 प्रतिशत से अधिक होना चाहिए ताकि रांची देश में एक रोल मॉडल बन सके।'

8.11 AM: गिरिडीह लोस सीट के लिए शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया है। इस सीट के लिए गिरिडीह जिले में पड़ने वाले 740 बूथों पर वोट डाले जा रहे हैं।  गिरिडीह, पीरटांड़ और डुमरी के इलाकों में सुबह से बूथों पर कतार लगी हुई है।

8.10 AM: गिरिडीह के हरसिंगरायडीह के बूथ पर गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार ने पत्नी संग वोट डाला।

8.09 AM: रांची के पिस्कानगड़ी में बने बूथ पर सुबह 7 बजे से मतदाता लाइन में लगे हैं।

8.06 AM: जमशेदपुर के डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन के मतदाता आरोप लगा रहे हैं कि यहां मतदान स्लो है। सुबह 7:00 बजे लाइन में लगे मतदाता कह रहे हैं की 8:00 बजे भी वह वहीं पर हैं जहां पर खड़े हुए थे।

7.59 AM: रांची के विधायक सीपी सिंह वोट देने के लिए परिवार के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं।

7.57 AM: गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो ने टाटा सिजुआ छह नंबर स्थित मध्य विद्यालय सिजुआ के 324 नंबर बूथ में किया मतदान। मतदान के बाद उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। उन्होंने कहा कि इस बार झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन की जीत होना तय है। 

7.50 AM: सामान्य मौसम में गिरिडीह संसदीय सीट के लिए 25 मई को सुबह 7 बजे से बेरमो क्षेत्र में मतदान शुरू हो चुका है। यहां के अधिकांश सामान्य सहित शेष अति नक्सल-नक्सल प्रभावित इलाकों में शांतिपूर्ण चुनाव हो रहा है।

7.45 AM: अपना वोट डालने के बाद झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा, 'झारखंड के मतदाताओं से मेरी अपील है कि आप सभी बाहर आएं और वोट करें। मैंने विकास के लिए वोट किया है। मुझे हमेशा विकास में दिलचस्पी रही है। क्योंकि हमें वेल्थ बनानी है जिसे गरीबों में वितरित किया जा सके। वेल्थ के अलावा कुछ भी गरीबी को नहीं मिटाएगा। इसलिए धन संचय केवल विकास के जरिए ही संभव है...'

7.35 AM: गिरिडीह के हरसिंग राय डीह के दूसरे बूथ पर महिलाओं मतदाताओं की भीड़ लगी है।

7.30 AM: झारखंड में चार संसदीय सीट रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह के लिए मतदान शुरू हो चुका है। मौसम के मिजाज को देखते हुए सुबह साढ़े 6 बजे से ही रांची के बूथों पर लोग जुटने लगे थे।

7.25 AM: रांची के हिंदपीढ़ी के राजकीयकृत मध्य विद्यालय के 176 और 177 बूथ पर वोट देने के लिए वोटर्स की लंबा लाइन लगी है।

7.20 AM: धनबाद जिले के बूथ नंबर 44 व 45 बिशनपुर में वोट देने के लिए वोटरों की लगी लंबी कतार लगी है।

7.15 AM: धनबाद जिले के मैथन एरिया छह में वोट देने के लिए महिला पुरुष वोटर्स लाइन में लगे हुए हैं।

7.10 AM: बोकारो में उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिराचास स्थित बूथ संख्या 355 में वोटिंग करने सुबह छह से ही लोगों ने मतदान के लिए कतार में खड़ा होना शुरू कर कर दिया था जबकि मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इस स्कूल में स्थित कई बूथ पर लोग कतार में खड़े हैं।