ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News हिमाचल प्रदेशPM नरेंद्र मोदी आज हिमाचल में करेंगे दो चुनावी रैली, विपक्ष पर बड़े सियासी वार के आसार

PM नरेंद्र मोदी आज हिमाचल में करेंगे दो चुनावी रैली, विपक्ष पर बड़े सियासी वार के आसार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल का दौरा कर दो बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। पीएम सुबह 11 बजे शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत नाहन के चौगान में विजय संकल्प को संबोधित करने के पहुंचेंगे।

PM नरेंद्र मोदी आज हिमाचल में करेंगे दो चुनावी रैली, विपक्ष पर बड़े सियासी वार के आसार
Praveen Sharmaशिमला। लाइव हिन्दुस्तानFri, 24 May 2024 09:33 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश का दौरा कर दो बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत नाहन के चौगान में विजय संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे उनकी मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत पड्डल ग्राउंड मंडी में विजय संकल्प रैली होगी। इन रैलियों के जरिये पीएम मोदी भाजपा के पक्ष में हवा बनाने की कोशिश करेंगे। 1 जून को हिमाचल की चारों लोकसभा सीट पर होने वाले मतदान से पहले प्रधानमंत्री की यह प्रदेश में पहली चुनावी रैली है। 

प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने बताया कि नाहन और मंडी में होने वाली इन चुनावी रैलियों के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री के हिमाचल से लगाव को देखते हुए उन्हें सुनने के लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है और दोनों रैलियों में अपार जनसमूह उमड़ेगा।

भाजपा नेताओं को भरोसा है कि पीएम मोदी की रैली से शिमला और मंडी लोकसभा सीटों में खासा प्रभाव पड़ेगा। मोदी के जरिये भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में क्लीन स्वीप करने पर जोर लगा रही है। 2014 और 2019 के आम चुनाव में भाजपा ने सभी चारों सीटों पर परचम लहराया था। हालांकि, मंडी सीट पर 2021 में हुए लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने जीत दर्ज कर सभी को हैरान कर दिया था। इस सीट पर भाजपा ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को उतारा है, वहीं कांग्रेस ने यहां की निवर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

वहीं, शिमला में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाने के बाद लगातार चौथी जीत की आस में है। मोदी की इस रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी जोश है और कांग्रेसी भी नजर गड़ाए बैठे हैं। कांग्रेस की नजर है कि आखिर मोदी नाहन और मंडी में कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधेंगे या फिर संकेतों में राजनीतिक हमला करेंगे।