Hindi News क्रिकेट KKR vs SRH Final Highlights: कोलकाता का 10 साल बाद हल्ला बोल, हैदराबाद को तहस-नहस कर जीती आईपीएल 2024 ट्रॉफी

KKR vs SRH Final Highlights: कोलकाता का 10 साल बाद हल्ला बोल, हैदराबाद को तहस-नहस कर जीती आईपीएल 2024 ट्रॉफी

KKR vs SRH IPL 2024 Final Highlights: कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 का खिताब जीत लिया। केकेआर ने फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से धूल चटाई। केकेआर का 10 साल बाद खिताबी सूखा समाप्त हुआ।

KKR vs SRH Final Highlights: कोलकाता का 10 साल बाद हल्ला बोल, हैदराबाद को तहस-नहस कर जीती आईपीएल 2024 ट्रॉफी
KKR vs SRH IPL 2024 Final Highlights
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Md.akram
Sun, 26 May 2024 10:34 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Highlights: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2024 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली केकेआर ने फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। केकेआर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 114 रन का लक्ष्य मिला, जो उसने 10.3 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से चेज कर लिया। कोलकाता का यह तीसरा खिताब है। उसका 10 साल बाद खिताबी सूखा समाप्त हुआ। केकेआर ने 2012 और 2014 में गौतम गंभीर की अगुवाई में ट्रॉफी जीती थी, जो अब फ्रेंचाइजी के मेंटोर हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सुनील नरेन (6) को पैट कमिंस ने दूसरे ओवर में पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद, रहमानुल्लाह गुरबाज और वेंकटेश अय्यर ने टिककर बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 91 रन की दमदार पार्टनरशिप की। गुरबाज 32 गेंदों में 30 रन बनाने के बाद नौवें ओवर में शाहबाज अहमद का शिकार बने। उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। वेंकटेश जिताकर लौटे। उन्होंने 26 गेंदों में चार चौकों और 3 छक्कों की बदौलत नाबाद 52 रन जुटाए। श्रेयस 6 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, एसआरएच 18.3 ओवर में 113 रन पर ढेर हो गई। यह आईपीएल फाइनल इतिहास का सबसे छोटा स्कोर है। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान पैट कमिंस (19 गेंदों में 24, दो चौके, एक सिक्स) ने बनाए। कोलकाता के लिए आंद्रे रसेल ने तीन जबकि मिचेल स्टार्क और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट चटकाए। वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक शिकार किया। टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी एसआरएच ने निराशाजनक आगाज किया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (2) को स्टार्क ने पहले ओवर में बोल्ड किया। ट्रेविस हेड का खाता नहीं खुला। उन्हें वैभव ने दूसरे ओवर में अपने जाल में फंसाया। राहुल त्रिपाठी (9) का बल्ला भी नहीं चला। एडेन मार्करम ( 20) ने नितीश रेड्डी (13) के साथ हैदराबाद की पारी को संभालने का प्रयास किया मगर कामयाब नहीं हुए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। हैदराबाद की आधी टीम 62 रन पर पवेलियन लौट गई। शाहबाज अहमद (8) और अब्दुल समद (4) प्लॉप रहे। कमिंस ने जयदेव उनादकट (4) के साथ नौवें विकेट के लिए 23 रन जोड़े और एसआरएच को सैकड़े के पार पहुंचाया। कमिंस आउट होने वाले आखिरी प्लेयर रहे।

KKR vs SRH Final Score

KKR 114/2 (10.3 ओवर)

SRH 113/10 (18.3 ओवर)

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीप), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिशेल स्टार्क, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम, नितीश रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), शाहबाज़ अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी नटराजन।

Sun, 26 May 2024 10:33 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीता खिताब

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: केकेआर ने खिताब जीत लिया है। कोलकाता ने फाइनल में हैदराबाद को 8 विकेट से मात दी। केकेआर का यह तीसरा आईपीएल खिताब है। वेंकटेश 52 और श्रेयस 2 रन बनाकर नाबाद रहे।

Sun, 26 May 2024 10:23 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: जीत से पहले गुरबाज लौटे पवेलियन

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: गुरबाज जीत से कुछ देर पहले पवेलियन लौट गए। उन्होंने 32 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। उन्हें शाहबाज ने नौवें ओवर में एलबीडब्ल्यू किया।

Sun, 26 May 2024 10:14 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: केकेआर को चैंपियन बनने के लिए 21 रन की दरकार

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: केकेआर को चैंपियन बनने के लिए महज 21 रन की दरकार है। वेंकटेश अर्धशतक के करीब हैं। उन्होंने 44 रन जोड़ लिए हैं। गुरबाज 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

Sun, 26 May 2024 10:05 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: पावरप्ले में उधड़ी हैदराबाद बॉलर्स की बखिया

  KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: केकेआर ने पावरप्ले में एक विकेट गंवाकर 72 रन जोड़े हैं। गुरबाज और वेंकटेश हैदराबाद बॉलर्स की बखिया उधेड़ रहे हैं। दोनों के बीच 60 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है। गुरबाज 21 और वेंकटेश 40 रन बनाकर टिके हैं। वेंकटेश ने छठे ओवर में नटराज के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का लगाया।

Sun, 26 May 2024 09:47 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: वेंकटेश ने भुवी को लिया आड़े हाथ

  KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर में 20 रन लुटाए। उन्हें वेंकटेश अय्यर ने आड़े हाथ लिया। वेंकटेश ने पहली गेंद पर चौका और अगली दो गेंदों पर सिक्स मारा। वह 19 रन बना चुके हैं। गुरबाज 9 के निजी स्कोर पर हैं।

Sun, 26 May 2024 09:41 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: सुनील नरेन सस्ते में आउट

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: केकेआर ने पहला विकेट गंवा दिया है। सुनील नरेन 2 गेंदों में 6 रन ही बना सके। उन्होंने कमिंस द्वारा डाले गए दूसरी ओवर की पहली गेंद पर सिक्स ठोका और अगली गेंद पर शाहबाज को कैच थमा दिया। गुरबाज (8*) का साथ देने के लिए वेंकटेश अय्यर आए हैं।

Sun, 26 May 2024 09:34 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: कोलकाता की पारी का आगाज

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: कोलकाता की पारी का आगाज हो गया है। रहमानुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन लक्ष्य क पीछा करने उतरे हैं। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में पांच रन दिए, जिसमें एक वाइड शामिल है। गुरबाज ने दूसरी गेंद पर चौका जमाया।

Sun, 26 May 2024 09:21 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: कोलकाता को मिला 114 रन का टारगेट

 KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: कोलकाता को फाइनल में 114 रन का टारगेट मिला है। एसआरएच की पारी 18.3 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। हैदराबाद की ओर से आउट होने वाले आखिरी प्लेयर कमिंस रहे। उन्होंने 19 गेंदों में 24 रन की पारी खेली और रसेल के जाल में फंस गए।

Sun, 26 May 2024 09:12 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: जयदेव उनादकट एलबीडब्ल्यू आउट

 KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: एसआरएच ने नौवां विकेट जयदेव उनादकट के तौर खोया है। उनादकट को 18वें ओवर में नरेन ने एलबीडब्ल्यू आउट हुए। उन्होंने 11 गेंदों में चार रन बनाए।

Sun, 26 May 2024 09:08 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: हैदराबाद टीम पहुंची 100 रन के पार

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: हैदराबाद टीम लड़खड़ाते हुए 100 रन के पार पहुंच गई है। कमिंस केकेआर बॉलर्स से लोहा ले रहे हैं। हर्षित ने 17वें ओवर में 10 रन खर्च किए। कमिंस डबल-सिंगल लेने के अलावा छक्का जड़ा।

Sun, 26 May 2024 08:59 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: पैट कमिंस को मिला जीवनदान

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: कप्तान पैट कमिंस को जीवनदान मिला है। स्टार्क ने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उनका कैच टपका दिया। कमिंस ने उठाकर शॉट मारा और लॉन्ग पर मौजूद स्टार्क के हाथों से गेंद छिटक गई। कमिंस 11 और जयदेव उनादकट 2 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

Sun, 26 May 2024 08:50 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: क्लासेन नहीं दिखा पाए कोई कमाल

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: हैदराबाद का आठवां विकेट हेनरिक क्लाेसन के रूप में गिरा है। क्लासेन कोई कमाल नहीं दिखा सके। उन्होंने 17 गेंदों का सामना किया और 16 रन जुटाए। उन्होंने एक चौका ठोका। हर्षित राणा ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर क्लासेन को बोल्ड किया।

Sun, 26 May 2024 08:42 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: शाहबाज और समद हुए फ्लॉप

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: हैदराबाद ने 77 रन पर सात विकेट गंवा दिए हैं। शाहबाज अहमद (7 गेंदों में 8) और अब्दुल समद (4 गेंदों में 4) फ्लॉप रहे। शाहबाज को स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 12वें ओवर में अपने जाल में फंसाया। समद का 13वें ओवर में रसेल ने शिकार किया। क्लासेन 13 और कप्तान पैट कमिंस 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।

Sun, 26 May 2024 08:34 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: हैदाराबाद की आधी टीम लौटी पवेलियन

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score: हैदाराबाद की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। एडेन मार्करम को आंद्रे रसेल ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। मार्करम ने ऑफ स्टंप के बाहर आई शॉर्ट पिच गेंद पर हवाई फायर करने का प्रयास किया मगर लॉन्ग ऑन पर स्टार्क को कैच दे बैठे। उन्होंने 23 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 20 रन की पारी खेली।

Sun, 26 May 2024 08:20 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- बड़ी पारी नहीं खेल पाए नितीश

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- हैदराबाद को चौथा झटका नितीश रेड्डी के तौर पर गिरा है। वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 10 गेंदों में 13 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और एक छक्का मारा। नितीश को हर्षित राणा ने सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट के पीछे गुरबाजों को कैच कराया। उन्होंने मार्करम के साथ चौथे विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। मार्करम 18 और हेनरिक क्लासेन 2 के निजी स्कोर पर पहुंच गए हैं।

Sun, 26 May 2024 08:12 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- पावरप्ले में एसआरएच ने जोड़े 40 रन

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- एसआरएच ने पावरप्ले में तीन विकेट खोकर 40 रन जोड़े। वैभव अरोड़ा ने छठे ओवर में 17 रन लुटाए, जिसमें एक वाइड शामिल है। वैभव की मार्करम ने कुटाई की। उन्होंने पहली और दूसरी गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद पर छक्का ठोका। मार्करम 15 और नितीश रेड्डी 8 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

Sun, 26 May 2024 08:03 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- राहुल त्रिपाठी का बल्ला भी नहीं चला

 KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई है। राहुल त्रिपाठी भी सस्ते में पवेलियन लौटे। उन्होंने 13 गेंदों में एक चौके के जरिए 9 रन बनाए। राहुल को स्टार्क ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह फ्लिक करना चाहते थे लेकिन गेंद मिडविकेट की दिशा में खड़ी हो गई और रमनदीप सिंह ने कैच लपक लिया।

Sun, 26 May 2024 07:51 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- ट्रेविस हेड गोल्डन डक का शिकार

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- हैदराबाद को दूसरा तगड़ा झटका ट्रेविस हेड के रूप में लगा है। वह गोल्डन डक का शिकार (पहली गेंद पर आउट) हुए। उन्हें वैभव अरोड़ा ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर गुरबाजों के हाथों कैच कराया। हेड चौथे स्टंप पर आई गुड लेंथ से गच्चा खा गए। 

Sun, 26 May 2024 07:41 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- अभिषेक शर्मा बने स्टार्क का शिकार

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- हैदराबाद ने खराब आगाज किया है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला नहीं चला। वह पांच गेंदों में दो रन ही बना सके। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिषेक को बोल्ड किया।

Sun, 26 May 2024 07:37 PM

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- खिताबी जंग का हुआ आगाज

KKR vs SRH IPL 2024 Final Live Score- खिताबी जंग का आगाज हो गया है। हैदराबाद की ओर से बल्लेबाजी के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड आए हैं। केकेआर की गेंदबाजी आक्रमण की कमान मिचेल स्टार्क ने संभाली।