ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरगोरखपुर-कानपुर समेत पांच रूट पर वंदे भारत चलाने की तैयारी

गोरखपुर-कानपुर समेत पांच रूट पर वंदे भारत चलाने की तैयारी

पूर्वोत्तर रेलवे के पांच रूटों पर वंदे भारत ट्रेन चलेगी। इतना ही नहीं पांच छोटी दूरी वाले रूटों पर वंदे मेट्रो चलाने की भी तैयारी...

गोरखपुर-कानपुर समेत पांच रूट पर वंदे भारत चलाने की तैयारी
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरSat, 27 May 2023 02:20 AM
ऐप पर पढ़ें

गोरखपुर। आशीष श्रीवास्तव

पूर्वोत्तर रेलवे के पांच रूटों पर वंदे भारत ट्रेन चलेगी। इतना ही नहीं पांच छोटी दूरी वाले रूटों पर वंदे मेट्रो चलाने की भी तैयारी है। 23 मई को हुई इंडियन रेलवे टाइम टेबल कांफ्रेस (आईआरटीटीसी) की बैठक के बाद रेलवे बोर्ड ने पत्र भेजकर एनईआर प्रशासन ने प्रस्ताव मांगा था। एनईआर प्रशासन ने वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए यूपी और उत्तराखंड के पांच रूट तय कर प्रस्ताव भेज दिया है जबकि वंदे मेट्रो को लेकर अभी मंथन चल रहा है।

दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे यात्री प्रधान जोन है। इसके बावजूद अभी तक एक भी वंदेभारत एनईआर के हिस्से नहीं आई है। नई दिल्ली से वाराणसी के लिए वंदे भारत संचालित जरूर है लेकिन वह ट्रेन नॉर्दर्न रेलवे की है। बताया जा रहा है कि आईआरटीटीसी की बैठक में एनईआर में भी वंदे भारत चलाने की चर्चा हुई। इसके बाद बोर्ड ने एनईआर मुख्यालय से पांच रूटों पर वंदे भारत ट्रेन सेवा और छोटी दूरी वाले पांच रूटों पर वंदे मेट्रो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव मांगा। इस पर यहां से प्रस्ताव बोर्ड को भेज दिया गया है।

इन रूटों का भेजा प्रस्ताव

गोरखपुर-लखनऊ-कानपुर

गोरखपुर-प्रयागराज

काठगोदाम-आनंद विहार

लखनऊ-पटना वाया गोरखपुर

टनकपुर-देहरादून रूट

जून में टाइम टेबल को लेकर होगी बैठक

सिकंदराबाद में आगामी जून में होने वाली आईआरटीटीसी की बैठक के पहले सभी जोन को अलग-अलग रूटों पर प्रस्तवित वंदे भारत ट्रेनों की समय सारिणी भेजनी है। सभी जोन से समय सारिणी मिल जाने के बाद आईआरटीटीसी में इस पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

वंदे मेट्रो के लिए रूट तय करने में जुटे

वंदे भारत की टाइमिंग के साथ ही एनईआर के अफसर वंदे मेट्रो के लिए रूट तय करने में जुट गए हैं। सूत्रों के अनुसार ऐसे रूट चयनित किए जा सकते हैं, जहां कम दूरी की इंटरसिटी चल रही है।

आटोमेटिक दरवाजे और एसी कोच

वंदे भारत ट्रेन में 16 वातानुकूलित चेयर कार कोच लगते हैं। यह दो श्रेणी के कोच होते हैं। इकॉनमी और एग्जीक्यूटिव क्लास। एग्जीक्यूटिव क्लास में रिवॉल्विंग चेयर दी गई है जो 180 डिग्री तक मुड़ सकती है। वंदे भारत एक्सप्रेस के दरवाजे मेट्रो की तरह आटोमेटिक खुलते और बंद होते हैं। सभी कोच में सीसीटीवी कैमरे लगे होते हैं।

ऑनबोर्ड वाई-फाई

वंदे भारत एक्सप्रेस में इंटरनेट सेवाओं का उपयोग करने के लिए ऑनबोर्ड वाई-फाई की सुविधा मिलती है। यात्री मोबाइल फोन या टैबलेट पर काम के लिए इंटरनेट का उपयोग कर सकते हैं।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।