ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News NCRदिल्ली में भीषण गर्मी से हाहाकार, 48 डिग्री के पार तापमान, 4 दिन रेड अलर्ट; राहत कब?

दिल्ली में भीषण गर्मी से हाहाकार, 48 डिग्री के पार तापमान, 4 दिन रेड अलर्ट; राहत कब?

Delhi Weather Update News: दिल्ली-एनसीआर में 4 दिन तक गर्मी और भीषण लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इसके बाद हल्की बारिश की संभावना भी उम्मीद है। पढ़ें यह रिपोर्ट...

दिल्ली में भीषण गर्मी से हाहाकार, 48 डिग्री के पार तापमान, 4 दिन रेड अलर्ट; राहत कब?
Krishna Singhहिन्दुस्तान,नई दिल्लीSun, 26 May 2024 08:41 PM
ऐप पर पढ़ें

Delhi Weather News: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में रविवार को अधिकांश इलाकों में लू चली। कुछ जगहों पर भीषण लू देखी गई। दिल्ली के मुंगेशपुर में सबसे ज्यादा 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में 4 दिन तक गर्मी और भीषण लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इस दौरान हवा की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। हालांकि इसके बाद एक दिन हल्की बारिश की संभावना भी जताई है।

सामान्य से आठ डिग्री तक ज्यादा रहा तापमान
मुंगेशपुर---48.3---08 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
नजफगढ़---48.1---07 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
नरेला---47.8---07 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
पीतमपुरा---46.7---06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
पूसा---46.8---06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
जफरपुर---46.9---06 डिग्री सेल्सियस ज्यादा

घर से निकलना मुहाल
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन में नौ बजे ही धूप काफी तेज हो गई और ग्यारह बजे के बाद तो घर से निकलना ही मुहाल होने लगा। दिन के समय हवा की गति भी 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक से ज्यादा रही। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि इस समय का सामान्य तापमान है।  

सीजन में सबसे गर्म रहा रविवार का दिन
यूं तो दिल्ली कुछ मौसम केन्द्रों में लगातार ही अधिकतम तापमान ज्यादा रिकार्ड किया जा रहा है। लेकिन, दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग के लिए यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन है। पहली बार दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इससे पहले 20 मई को सफदरजंग का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जो कि अभी तक इस सीजन का सबसे अधिकतम तापमान रहा था।

मुंगेशपुर और नजफगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी
दिल्ली के मुंगेशपुर और नजफगढ़ इलाके दिल्ली में सबसे ज्यादा गर्म रहे। इन दोनों ही जगहों का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकार्ड किया गया। इसके अलावा, नरेला मौसम केन्द्र का भी अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पता हो कि वर्ष 2022 में 15 मई के दिन मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 49.2 डिग्री और नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

क्यों तपिश में झुलस रही दिल्ली?
मौसम निगरानी संस्था स्काईमेट के मौसम विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि हवा की दिशा में बदलाव के बाद अब दिल्ली में हवा पाकिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल की ओर से आ रही है। यह हवा काफी हद तक सूखी और अपने साथ गर्मी लेकर आ रही है। एक दिन पहले तक हवा की दिशा पूर्वी होने के चलते नमी की मात्रा बढ़ी थी। जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा था। अब उमस से तो राहत मिली है। लेकिन, सूखी हवा की तपिश परेशान कर रही है।

दिल्ली की हवा साफ-सुथरी
मौसम के अलग-अलग कारकों की वजह से दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से फिलहाल थोड़ी राहत है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 190 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।

कहीं तूफान का अलर्ट, कहीं भीषण लू
मौसम विभाग की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की उत्तरी खाड़ी पर चक्रवाती तूफान रेमल पिछले 6 घंटों के दौरान उत्तर की ओर बढ़ते हुए गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। IMD ने चक्रवाती तूफान 'रेमल' के मद्देनजर तटीय पश्चिम बंगाल में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते कोलकाता एयरपोर्ट पर 26 मई को अपराह्न 1200 बजे से 27 मई को सुबह नौ बजे तक उड़ानों के संचालन को निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। 

चार दिन तक रेड अलर्ट
फिलहाल किसी पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय पर दस्तक देने की संभावना नहीं है। इससे उत्तर पश्चिमी भारत के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 29 मई तक भीषण गर्मी और लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। 30 मई को भी मौसमी स्थितियां कमोबेश ऐसी ही रहेंगी। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 30 मई के बाद मौसमी परिस्थितियों के बदलने का अनुमान है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर के इलाकों पर भी नजर आएगा। 

इस दिन बारिश देगी राहत
मौसम विभाग ने दिल्ली में 31 मई को दिल्ली में मौसम बदलने और हल्की बारिश/बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने पहली जून से तापमान में थोड़ी कमी आने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई है।