ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News विदेशविमान में एक सीट पाने के लिए 21 लाख रुपये तक खर्च कर रहे रूसी लोग, पुतिन के एक फैसले से देश में मची खलबली

विमान में एक सीट पाने के लिए 21 लाख रुपये तक खर्च कर रहे रूसी लोग, पुतिन के एक फैसले से देश में मची खलबली

अराजकता के बीच, अमीर रूसी नागरिक अर्मेनिया, तुर्की और अजरबैजान तक पहुंचने के लिए निजी विमानों की सीटों के लिए अत्यधिक कीमत चुका रहे हैं। ये देश रूसियों को वीजा-फ्री एंट्री की अनुमति देते हैं।

विमान में एक सीट पाने के लिए 21 लाख रुपये तक खर्च कर रहे रूसी लोग, पुतिन के एक फैसले से देश में मची खलबली
Amit Kumarलाइव हिन्दुस्तान,मास्कोTue, 27 Sep 2022 08:28 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

यूक्रेन पर रूसी हमले को करीब सात माह से भी ज्यादा का वक्त हो गया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तीन लाख आरक्षित सैनिकों की आंशिक तैनाती की घोषणा की है। पुतिन ने 3,00,000 ‘रिजर्विस्ट’ (आरक्षित सैनिक) की आंशिक तैनाती की योजना बनाई गई है। पुतिन की ताजा योजना से भयभीत रूसी नागरिक जल्द से जल्द देश छोड़ना चाहते हैं। कहा जा रहा है कि पुतिन की घोषणा के बाद रूस ऐसे लोगों के लिए अपनी सीमाओं को बंद कर देगा जो युद्ध लड़ सकते हैं। इसी को देखते हुए लोग देश छोड़ने को बेताब हैं। इसके लिए वे निजी विमानों में सीट बुक करने के लिए मनमाने पैसे खर्च कर रहे हैं।  

अराजकता के बीच, अमीर रूसी नागरिक अर्मेनिया, तुर्की और अजरबैजान तक पहुंचने के लिए निजी विमानों की सीटों के लिए अत्यधिक कीमत चुका रहे हैं। ये देश रूसियों को वीजा-फ्री एंट्री की अनुमति देते हैं। निजी विमानों में सीटों की लागत 20,000 पाउंड (17 लाख रुपये से ज्यादा) और 25,000 पाउंड (21 लाख 92 हजार रुपये) के बीच है। द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, आठ सीटों वाले जेट को किराए पर लेने की कीमत 80000 पाउंड से लेकर 140,000 पाउंड के बीच है, जो सामान्य लागत से कई गुना अधिक महंगा है।

ब्रोकर जेट कंपनी योर चार्टर के निदेशक येवगेनी बीकोव ने कहा, "इस समय स्थिति बिल्कुल भयभीत करने वाली है। हमें एक दिन में 50 रिक्वेस्ट मिल रही थीं, अब यह लगभग 5,000 हो गई हैं।" बीकोव ने कहा कि उनकी फर्म ने कीमत कम करने और मांग को पूरा करने के लिए बड़े कॉमर्शियल विमानों को किराए पर लेने की कोशिश की थी, लेकिन फिर भी सभी के लिए पर्याप्त सीटें नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड कमर्शियल प्लेन में सबसे सस्ती सीट 3,000 पाउंड की थी। इस बीच, एक अन्य निजी जेट फर्म फ्लाईवे ने कहा कि आर्मेनिया, तुर्की, कजाकिस्तान और दुबई के लिए एकतरफा उड़ानों की मांग 50 गुना बढ़ गई है।

कंपनी के प्रमुख एडुआर्ड सिमोनोव ने कहा कि जेट विमानों को किराए पर लेना मुश्किल हो गया है। इव विमानों की उपलब्धता यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के प्रतिबंधों से गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा, “सभी यूरोपीय निजी जेट फर्मों ने बाजार छोड़ दिया है। अब सप्लाई की तुलना में मांग अधिक है और छह महीने पहले की तुलना में कीमतें आसमान छू रही हैं।” पिछले बुधवार को पुतिन द्वारा "आंशिक लामबंदी" की घोषणा के बाद से रूस छोड़ने वाले लोगों की सही संख्या बहुत ज्यादा बढ़ी है। 

इससे पहले पुतिन ने टेलीविजन के जरिए देश को संबोधित करते हुए चेतावनी भरे लहजे में पश्चिमी देशों से कहा कि रूस अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा और ‘‘यह कोरी बयानबाजी’’ नहीं है। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और यह प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ हो जाएगी। रिजर्विस्ट ऐसा व्यक्ति होता है जो ‘सैन्य आरक्षित बल’ का सदस्य होता है। यह आम नागरिक होता है जिसे सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है तथा आवश्यकता पड़ने पर इसे कहीं भी तैनात किया जा सकता है। शांतिकाल में यह सेवाएं नहीं देता है। यूक्रेन की सेना ने सितंबर महीने में बड़े पैमाने पर उन क्षेत्रों में पुन: कब्जा कर लिया है जिन पर रूसी सैनिकों ने कब्जा कर लिया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें