Hindi Newsऑटो न्यूज़Mahindra Bolero running on under construction bridge over Chenab river in Kashmir

एफिल टॉवर से भी ऊंचे ब्रिज पर बन रहे इस भारतीय रेलवे ट्रैक पर दौड़ी बोलेरो, इसका वीडियो देख आनंद महिंद्रा ने कही ये बड़ी बात!

एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें महिंद्रा बोलेरो दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज (चिनाब रेलवे पुल, ऊंचाई-359 मीटर) पर दौड़ती नजर आ रही है, जिसकी ऊंचाई फ्रांस के एफिल टावर (324 मीटर) से भी ज्यादा है।

Sarveshwar Pathak लाइव हिंदुस्तान, नई दिल्लीWed, 29 March 2023 11:19 AM
हमें फॉलो करें

आपने रेलवे कर्मचारियों को अलग-अलग मशीनों द्वारा रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते हुए जरूर देखा होगा। लेकिन, आज हम आपको जो बताने जा रहे हैं, वह एक अनोखा मामला है। जी हां, यहां पर महिंद्रा की सबसे खास और सबसे ज्यादा बिकने वाली बेहतरीन एमपीवी (multi-purpose vehicle) महिंद्रा बोलेरो (Mahindra Bolero) दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज (Bridge over Chenab river in Kashmir) पर दौड़ती नजर आई। इतना ही नहीं बोलेरो ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज के रेलवे ट्रैक का निरीक्षण भी किया। इस वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है। यहां तक की बोलेरो बनाने वाली कंपनी महिंद्रा के मालिक आनंद महिंद्रा भी इस वीडियो को देखकर हैरान रह गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर हो रहा है।

यह भी पढ़ें- 14 पैसे में 1km दौड़ लगाने वाले इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को मिले नए कलर ऑप्शन, सिंगल चार्ज में 137km तक जाएगी; इतनी है कीमत 

दरअसल, यह वीडियो राजेंद्र बी. आकलेकर (Rajendra B. Aklekar) नाम के एक लेखक व पत्रकार के ट्विटर हैंडल (@rajtoday) से पोस्ट किया गया है। उनके द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि महिंद्रा बोलेरो एमपीवी (multi-purpose vehicle) को एक सर्वे व्हीकल के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। पोस्ट में दावा किया गया है कि बोलेरो कश्मीर में चेनाब नदी (Chenab river Bridge in Kashmir) पर बन रहे अंडर कंस्ट्रक्शन ब्रिज पर दौड़ रही है, जिसे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बताया जा रहा है।

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने कहा कि बोलेरो की क्षमता नई ऊंचाई पर पहुंच रही है। आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने इस वीडियो पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा है कि इससे पता चलता है कि महिंद्रा के संस्थापकों ने स्वतंत्र भारत में ऑफ-रोड वाहन बनाने का फैसला क्यों किया। वे वहां जाने के लिए बनाए गए थे, जहां कोई रास्ता नहीं था। उन्होंने लिखा कि मैं इन फोटोज को संभाल कर रखूंगा। 

एफिल टॉवर से भी ऊंचा है ब्रिज

इस वीडियो में बोलेरो को रेलवे ट्रैक पर निरीक्षण करने के लिए कस्टमाइज किया गया है। एमपीवी को ट्रैक पर लाने के लिए खास प्लेटफॉर्म बनाया गया है, जिस पर बोलेरो दौड़ती नजर आ रही है। बता दें कि चिनाब रेल पुल की नदी तल से ऊंचाई 359 मीटर (1178 फिट) है। यह ब्रिज एफिल टॉवर (324 मीटर) से भी ऊंचा है।

ऐप पर पढ़ें