'उर्दू जहां बोली जाती है वहां चले जाओ', बंगाल में चुनावी मंच से सीएम योगी ने किसे ललकारा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नंदकुमार इलाके में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘बंगाल प्रेरणा की भूमि है और यह भारत को दिशा देती है। इसी धरती पर एक सन्यासी ने वैश्विक मंच पर सनातन धर्म का झंडा गाढ़ने का काम किया था।’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ताबड़तोड़ चुनावी रैलियों को संबोधित किया। पूर्व मेदिनीपुर में सीएम योगी ने कहा कि कोलकाता के मेयर आज खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की आधी आबादी उर्दू बोलेगी, जिसका मतलब है कि वे बांग्ला भाषा को मिटाना चाहते हैं और बंगाली पहचान को पूरी तरह खत्म करना चाहते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन लोगों से कह दो कि अगर उन्हें उर्दू ही बोलनी है तो वह जगह चले जाएं जहां उर्दू वास्तव में बोली जाती है।
पूर्व मेदिनीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'वही बंगाल जो कभी भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन था, भारत की अर्थव्यवस्था में जिस बंगाल का योगदान एक-तिहाई से भी अधिक था, आज पहले कांग्रेस ने, फिर वामपंथियों ने और 15 वर्षों में TMC की सरकार ने इस बंगाल को नोंच डाला है। कंगाल बनाकर रख दिया है। यहां पर इस हद तक भ्रष्टाचार होता है... गरीबों के हक का पैसा कटमनी में TMC के गुंडे खा जाते हैं, मछुआरों और किसानों के साथ सिर्फ झूठे वादे किए जाते हैं। यहां विकास नहीं केवल वसूली का तंत्र हावी है। याद कीजिए कि कभी शिक्षा, संस्कृति, कला और उद्यम की भूमि रहा बंगाल आज अपनी पहचान के लिए मोहताज है।'
सीएम योगी ने TMC पर जमकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नंदकुमार इलाके में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'बंगाल प्रेरणा की भूमि है और यह भारत को दिशा देती है। इसी धरती पर एक सन्यासी ने वैश्विक मंच पर सनातन धर्म का झंडा गाढ़ने का काम किया था। बंगाल की इसी धरती से नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजादी का उद्घोष किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद पर प्रहार करते हुए कश्मीर से धारा 370 समाप्त कर दी थी। हमारा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान भी बंगाल की धरती ने ही हमें दिया है।'
पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की नीति अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोगों से राज्य में डबल इंजन की सरकार के लिए वोट करने का आग्रह किया। बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल को स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण की भूमि के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने देश की आध्यात्मिक खोज को समृद्ध किया। उन्होंने आरोप लगाया, 'तृणमूल कांग्रेस सरकार विश्व स्तर पर पूजनीय आध्यात्मिक प्रतीकों का अनादर करती है, जिससे राज्य की हिंदू पहचान को खतरा पैदा होता है। बंगाल अब गुंडागर्दी का अड्डा बन गया है, जो उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आने से पहले आम बात थी। उत्तर प्रदेश में विकास और प्रगति की कमी थी, लेकिन अब बदलाव देखिए।'
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

