कुछ लोगों को 4 शादी की छूट, भाजपा आई तो लगा देंगे प्रतिबंध; बंगाल में बोले अमित शाह

Jagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन वाली सरकार बनेगी।

कुछ लोगों को 4 शादी की छूट, भाजपा आई तो लगा देंगे प्रतिबंध; बंगाल में बोले अमित शाह

West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोमवार को टीएमसी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। इस दौरान एक चुनावी सभा में बोलते हुए शाह ने एक बार फिर राज्य में समान नागरिक संहिता को लागू करने का भाजपा का वादा भी दोहराया। अमित शाह ने कहा कि बंगाल में कुछ लोगों को 4 शादी करने की छूट है, अगर भाजपा सत्ता में आई तो यूसीसी लागू कर इस पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भाजपा के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा, “हमने हमारा संकल्प पत्र घोषित किया है। बंगाल में कुछ लोग चार शादी करते हैं, कुछ लोग एक शादी करते हैं। सबके लिए कानून बराबर होने चाहिए कि नहीं?” किसी को चार शादी की छूट मिलनी चाहिए क्या?” अमित शाह ने आगे कहा, “आप पांच तारीख को भाजपा सरकार बना दो, हम यूनिफॉर्म सिविल कोड लाकर 4 शादी पर प्रतिबंध लगा देंगे।”

इस दौरान अमित शाह ने भाजपा के दूसरे वादे भी गिनवाए। शाह ने राज्य की महिलाओं को यह भरोसा दिलाया कि अगर यहां भाजपा सत्ता में आती है तो वे दिन-रात अपने काम स्वतंत्र रूप से कर सकेंगी। उन्होंने यह आरोप लगाया कि हर क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण राज्य की जनता को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है, भाजपा सरकार इसे दूर करेगी।

बम का जवाब वोट से देगी जनता- अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'डबल इंजन' वाली सरकार बनेगी। गृह मंत्री शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से राज्य में शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को बम और गोलियों का गोदाम बना दिया है। उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी सरकार को विदा करने का मन बना लिया है और वह बम और गोलियों का जवाब वोटों से देगी।''

बहुसंख्यकों को डराने की कोशिश का आरोप

अमित शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है। शाह ने प्रश्नात्मक लहजे में कहा, ''दीदी, हम यहां सदियों से रह रहे हैं। हमें धमकाने वाली आप कौन हैं?'' अमित शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी शोभायात्रा पर हमले किए गए और कुछ स्थानों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं दी गई। गृह मंत्री शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से राज्य में शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को बम और गोलियों का गोदाम बना दिया है। उन्होंने कहा, ''मैं तृणमूल के गुंडों से कहना चाहता हूं कि वे मतदान के दिन घर में रहें वरना चार मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।''

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें