West Bengal Chunav Voting: बंगाल में छप्पर फाड़ वोटिंग, 90 फीसदी मतदाताओं ने डाला वोट; अब नतीजों पर निगाहें
West Bengal Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण और आखिरी चरण का मतदान खत्म हो गया है जहां वोटिंग के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। करीब 90 फीसदी मतदान हुआ है। 4 मई को वोटों की गिनती होगी।
West Bengal Chunav Voting : पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण और आखिरी चरण का मतदान खत्म हो गया है जहां वोटिंग के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। करीब 90 फीसदी मतदान हुआ है। बता दें किअंतिम चरण के लिए आठ जिलों के 142 निर्वाचन क्षेत्रों में बुधवार को चुनाव हुए। इन जिलों में उत्तर कोलकाता, दक्षिण कोलकाता, हावड़ा, नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान सहित आठ जिले शामिल थे। भवानीपुर विधानसभा सीट पर भी इसी चरण में मतदान हो रहा था। यह सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ है और भाजपा ने यहां नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है।
भाजपा के लिए दूसरे चरण का मतदान असली परीक्षा होगी। इससे यह तय होगा कि क्या बीजेपी सत्ताधारी पार्टी टीएमसी की सबसे मजबूत दीवार में सेंध लगाने में कायमाब होगी या नहीं। इससे पहले पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में इस बात की परीक्षा हुई कि उत्तर बंगाल और आस-पास के जिलों में भाजपा अपनी पारंपरिक बढ़त को बरकरार रख सकी है या नहीं और अब दूसरे चरण में तृणमूल कांग्रेस के गढ़, कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्वी बर्धमान के मुकाबलों पर नजर रहेगी।
दूसरे चरण में जिन 142 सीट पर मतदान हुआ, उनमें से तृणमूल कांग्रेस ने 2021 में 123 सीट जीती थीं, भाजपा ने सिर्फ 18 और 'इंडियन सेक्युलर फ्रंट' (आईएसएफ) ने एक सीट हासिल की थी। चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की गई थी। मतदान से पहले चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। बंगाल सहित अन्य राज्यों के नतीजे 4 मई को आएंगे।
West Bengal Chunav Voting LIVE: बंगाल में छप्पर फाड़ वोटिंग
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव खत्म हो गया है। यहां छिटपुट हिंसा के बीच भी भारी वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक शाम पांच बजे तक 3.21 करोड़ मतदाताओं में से करीब 90 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शाम पांच बजे तक राज्य में 89.99 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य के पूर्वी बर्धमान में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद हुगली में 90.34 प्रतिशत मतदान हुआ। नदिया में 90.28 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 89.74 प्रतिशत, दक्षिण 24 परगना में 89.57 प्रतिशत, हावड़ा में 89.44 प्रतिशत, उत्तर कोलकाता में 87.77 प्रतिशत और दक्षिण कोलकाता में 86.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि मतदान शाम छह बजे तक भी जारी था। राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने कहा कि मतदान के अंतिम आंकड़े पहले चरण में देखे गई रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत के करीब पहुंच सकते हैं या उसे पार कर सकते हैं।
West Bengal Chunav Voting LIVE: गड़बड़ी हुई है तो दोबारा होंगे चुनाव: चुनाव आयोग
West Bengal Chunav Voting LIVE: बंगाल में जारी चुनावों के बीच बीजेपी द्वारा ईवीएम में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अब चुनाव आयोग का बड़ा बयान सामने आया है। राज्य के चुनाव आयुक्त ने कहा है कि अगर किसी बटन पर टेप लगाए जाने की पुष्टि होती है, तो उसे नोट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर यह सच पाया जाता है, तो उन बूथों पर दोबारा मतदान होगा।
West Bengal Chunav Voting LIVE: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक लगेगी: पीएम मोदी
West Bengal Chunav Voting LIVE: बंगाल में जारी चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा है कि भारतीय जनता पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए वर्तमान में हो रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाएगी। पीएम मोदी ने यह बात मेरठ और प्रयागराज के बीच विकसित 'गंगा एक्सप्रेसवे' को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के पांच राज्यों में हो रहे इन चुनावों के चार मई को आने वाले नतीजे 'विकसित भारत' के संकल्प को मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा, "आज लोकतंत्र के उत्सव का एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि वहां भारी मतदान हो रहा है।" उन्होंने कहा कि पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है; मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
West Bengal Chunav Voting LIVE: दूसरे चरण में दोपहर एक बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनावों में दूसरे चरण में भी जमकर वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर एक बजे तक 61.11 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
West Bengal Chunav Voting LIVE: भवानीपुर में टीएमसी कार्यकर्ताओं की शुभेंदु अधिकारी से झड़प, पुलिस का लाठीचार्ज
West Bengal Chunav Voting LIVE: बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी की बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी से झड़प हो गई है। मामला बिगड़ने के बाद पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा है।
West Bengal Chunav Voting LIVE: भवानीपुर में एक ही इलाके में पहुंचे ममता और शुभेंदु अधिकारी, एक-दूसरे पर कसे तंज
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी बुधवार सुबह भवानीपुर के चक्रबेड़िया स्थित एक ही मतदान केंद्र क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान बिना किसी सीधे संवाद या औपचारिक अभिवादन के दोनों एक-दूसरे पर तंज कसते नजर आए।
ममता बनर्जी चक्रबेड़िया के वार्ड नंबर 70 में स्थानीय तृणमूल नेताओं को कथित तौर पर डराने-धमकाने की शिकायत मिलने के बाद मतदान केंद्र के बाहर बैठी हुई थीं, तभी अधिकारी भी वहां पहुंचे। हालांकि, दोनों आमने-सामने नहीं आए। ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर केंद्रीय बलों, पुलिस पर्यवेक्षकों और चुनाव अधिकारियों के जरिए चुनाव में 'धांधली' करने की कोशिश का आरोप लगाया जबकि अधिकारी ने इन आरोपों को 'हताशा' का संकेत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को एहसास हो गया है कि ''उन्हें एक भी वोट नहीं मिल रहा।''
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी भाजपा- नितिन नवीन
West Bengal Chunav Voting LIVE: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को विश्वास जताया कि पार्टी पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान जारी है, जिसमें कोलकाता, हावड़ा और उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना सहित प्रमुख जिले शामिल हैं।
नवीन ने मिर्जापुर में पत्रकारों से कहा, ''भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी। हम प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत रहे हैं।'' इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की।
West Bengal Chunav Voting LIVE: ममता बनर्जी सुबह से ही सक्रिय, लगातार बूथों का दौरा; खुद कर रहीं निगरानी
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मतदान के दिन बुधवार सुबह ही घर से बाहर निकल आईं और खुद बूथों का दौरा कर रही हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि भवानीपुर से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूरा दिन सड़कों पर बिताएंगी। पार्टी उम्मीदवार फिरहाद हकीम के आवास पर केंद्रीय बलों और एक पुलिस पर्यवेक्षक द्वारा देर रात की गई छापेमारी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और डराने-धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "बॉबी (फिरहाद हकीम) की पत्नी घर पर थीं और वे आधी रात को दरवाजा खटखटा रहे थे। महिलाएं डरी हुई थीं।"
बता दें कि दूसरे चरण के मतदान में सबकी निगाहें भवानीपुर पर टिकी हैं, जहां ममता बनर्जी का मुकाबला शुभेंदु अधिकारी से है। दोनों नेताओं ने अपने दिन की शुरुआत जल्दी की और मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ममता बनर्जी सुबह अपने कालीघाट आवास से निकलीं और पद्मपुकुर रोड की ओर बढ़ने से पहले चेतला क्षेत्र का दौरा किया। वह कई बूथों पर रुकीं और एक बूथ का निरीक्षण करने के लिए अपनी कार से बाहर भी निकलीं।
West Bengal Chunav Voting LIVE: बंगाल में 11 बजे तक करीब40 फीसदी मतदान
West Bengal Chunav Voting LIVE: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बीच सुबह 11 बजे तक करीब 40 फीसदी मतदान हुआ है। लोग बड़ी संख्या में वोटिंग के लिए घरों से निकल रहे हैं।
West Bengal Chunav Voting LIVE: फाल्टा विधानसभा में ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप
West Bengal Chunav Voting LIVE: फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। बीजेपी उम्मीदवार के मुताबिक ईवीएम का बटन ठीक से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने दोबारा चुनाव कराने की मांग भी की है। बता दें कि डायमंड हार्बर और फाल्टा में केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं।
West Bengal Chunav Voting LIVE: पानिहाटी में बीजेपी उम्मीदवार का घेराव
West Bengal Chunav Voting LIVE: बंगाल में वोटिंग के बीच पानिहाटी में बीजेपी उम्मीदवार का घेराव किए जाने की खबर सामने आई है। यहां कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के उम्मीदवार रत्ना देबनाथ को घेराव कर नारेबाजी की।
West Bengal Chunav Voting LIVE: हुगली में हाथपाई, आपस में भिड़े तृणमूल और ISF के कार्यकर्ता
West Bengal Chunav Voting LIVE: वोटिंग के बीच हुगली के खानाकुल स्थित एक बूथ पर हाथापाई की खबर सामने आई है। यहां TMC और इंडियन सेकुलर फ्रंट ISF के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। जानकारी के मुताबिक फर्जी पोलिंग एजेंट नियुक्त करने के आरोपों के बाद दोनों पार्टी के समर्थक आपस में भिड़ गए।
West Bengal Chunav Voting LIVE: चुनाव के बीच टीएमसी का पीएम मोदी को बड़ा चैलेंज
Narendra, aapne announce kiya tha, Bangal ki sabhi 294 seats par aap hi candidate hain
Badi-badi baat chhodiye. Ye challenge sweekar kijiye
4 May ko jab Mamata Banerjee aur TMC Bangal jeetenge, PRADHAN MANTRI PAD SE RESIGNATION DIJIYE
— Derek O'Brien | ডেরেক ও'ব্রায়েন (@derekobrienmp) April 29, 2026
West Bengal Chunav Voting LIVE: चुनाव के बीच टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने एक पोस्ट में पीएम मोदी को बड़ा चैलेंज दिया है। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, “नरेंद्र, आपने घोषणा की थी, बंगाल की सभी 294 सीटों पर आप ही कैंडिडेट हैं। बड़ी-बड़ी बात छोड़िए. ये चैलेंज स्वीकार कीजिए। 4 मई को जब ममता बनर्जी और टीएमसी बंगाल जीतेंगे, प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दीजिए। है दम?”
West Bengal Chunav Voting LIVE: चुनाव का जायजा लेने डायमंड हार्बर पहुंचे ‘सिंघम’ अजय पाल शर्मा
West Bengal Chunav Voting LIVE: चुनाव आयोग के विशेष पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा बुधवार को वोटिंग के बीच स्थिति का जायजा लेने के लिए डायमंड हार्बर पहुंचे हैं। इससे पहले 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' और ‘सिंघम’ के नाम से जाने जाने वाले अजय पाल का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने गड़बड़ी करने वाले उपद्रवियों को चेतावनी दी थी।
West Bengal Voting Live: बर्धमान में सबसे अधिक मतदान
West Bengal Voting Live: सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक शुरूआती दो घंटों में राज्य के पूर्वी बर्धमान जिले में सबसे अधिक 20.86 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण जिला में सबसे कम 16.81 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिलेवार आंकड़े-
पूर्वी बर्दमान- 20.86%
हुगली- 20.16%
नादिया- 18.50%
हावड़ा- 17.76%
कोलकाता उत्तर- 17.28%
कोलकाता दक्षिण- 16.81%
उत्तर 24 परगना- 17.80%
दक्षिण 24 परगना- 17.25%
West Bengal Voting Live: आखिरी मौका… चुनाव वाले दिन सनातनी हिंदुओं को शुभेंदु अधिकारी का संदेश
West Bengal Voting Live: भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव के बीच लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान की अपील की है। भवानीपुर में ममता बनर्जी को सीधी चुनौती पेश कर रहे शुभेंदु अधिकारी ने एक बयान में कहा कि सनातनी हिंदुओं को अपने ही देश में शरणार्थी बनने से बचने के लिए बड़ी संख्या में वोट डालना चाहिए। उन्होंने कहा, "अभी कुछ भी बोलना ठीक नहीं। अभी मैं सिर्फ अपील करूंगा कि ज्यादा से ज्यादा वोट करें।… खास कर के मैं सनातनी हिंदुओं से बोलूंगा कि अगर अपनी ही जमीन पर रिफ्यूजी नहीं बनना है, तो आकर वोट डालिए। ये आपका आखिरी मौका है।"
West Bengal Voting Live: आईएसएफ उम्मीदवार ने वोटिंग से पहले वोटों की हेराफेरी का लगाया आरोप
West Bengal Voting Live: पश्चिम बंगाल में जारी चुनाव के बीच आईएसएफ उम्मीदवार अरबुल इस्लाम ने कैनिंग ईस्ट विधानसभा क्षेत्र को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मतदान शुरू होने के ढाई घंटे के भीतर ही उन्होंने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए दावा किया कि इलाके में वोटों की हेराफेरी हो रही है और चुनाव आयोग निष्पक्ष रूप से काम नहीं कर रहा है।
अरबुल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल और राज्य पुलिस तृणमूल कांग्रेस की मदद कर रहे हैं। इसके अलावा, एजेंटों को बूथों में बैठने नहीं दिया जा रहा है और अगर बैठने की अनुमति भी दी जाती है, तो उन्हें बाहर निकाल दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में निष्पक्ष मतदान संभव नहीं है।
West Bengal Voting Live: बंगाल में सुबह 9 बजे तक 18.39 फीसदी मतदान, पहले चरण से कम या ज्यादा?
West Bengal Voting Live: पश्चिम बंगाल चुनाव में दूसरे चरण के दौरान सुबह 9 बजे तक 18.39 फीसदी मतदान हुआ है। यह आंकड़ा पहले चरण के मुकाबले थोड़ा कम है। पहले चरण में इस समय तक 18.76 फीसदी मतदान हुआ था।
West Bengal Voting Live: हमारे लोगों को उठा ले जा रहे, चुनाव के बीच ममता बनर्जी के बड़े आरोप
West Bengal Voting Live: पश्चिम बंगाल में जारी चुनावों के बीच टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को मीडिया को एक क्लिप दिखाते हुए दावा किया कि तृणमूल के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। बीजेपी पर चुनाव में धांधली की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, "यह किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग इस तरह से नहीं होती। वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से होती है। यह लोकतंत्र का त्यौहार है। लेकिन इन्होंने इसे पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम चाहते हैं कि वोटिंग की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो। लेकिन, कई ऐसे अधिकारी और ऑब्जर्वर लाए गए हैं। कुछ ऑब्जर्वर ऐसे हैं जो TMC के एजेंटों को निशाना बना रहे हैं। कल रात CRPF ने, बिना पुलिस के, 70 नंबर वार्ड के पार्षद के घर पर हमला कर दिया। उस समय वह घर पर नहीं थे, घर पर सिर्फ उनकी पत्नी और बच्चा था। फिर भी उन्होंने उनके घर में तोड़-फोड़ की।"
West Bengal Voting Live: मतदान केंद्र पर BJP के पोलिंग एजेंट पर हमला
West Bengal Voting Live: बंगाल में आखिरी चरण के लिए वोटिंग शुरू होने के शुरुआती घंटों में बंगाल के कुछ हिस्सों में हिंसा की खबरें आई हैं। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक BJP नेताओं ने आरोप लगाया है कि नदिया जिले के चापरा में बूथ नंबर 53 पर TMC के लोगों ने एक पोलिंग एजेंट पर हमला कर दिया।
West Bengal Voting Live: EVM में गड़बड़ी के बाद हिंसा, CRPF ने 2 को हिरासत में लिया
West Bengal Voting Live: बंगाल में चल रही वोटिंग के बीच कथित तौर पर EVM में आई गड़बड़ी के बाद बैली में हिंसा भड़क उठी। घटना के बाद CRPF के जवानों ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
West Bengal Voting Live: सोनार बांग्ला के लिए करें रिकॉर्ड वोटिंग-अमित शाह
West Bengal Voting Live: पश्चिम बंगाल में चल रहे मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से रिकॉर्ड वोटिंग की अपील है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि लोगों को सोनार बांग्ला के लिए मतदान करना चाहिए। अमित शाह ने लिखा, “बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।”
उन्होंने आगे कहा, “आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का माध्यम बनेगा। बंगाल के युवाओं के सपनों को सिर्फ एक ऐसी सरकार ही पूरा कर सकती है, जिसके पास विकास का विजन भी हो और घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर करने की संकल्प शक्ति भी हो। ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करें।”
West Bengal Voting Live: बंगाल में मतदान के बीच बारिश का भी अलर्ट
West Bengal Voting Live: बंगाल में जारी दूसरे चरण के मतदान के बीच कई जगहों पर बारिश का भी अलर्ट है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा और पूर्वी बर्दवान जैसे जिलों के लिए आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिम मेदिनीपुर और हुगली में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
West Bengal Voting Live: ई रिक्शा से वोट डालने पहुंचीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा
West Bengal Voting Live: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार सुबह नदिया में मतदान किया है। इससे पहले वे मतदान केंद्र तक ई रिक्शा से पहुंचीं। वहीं इसके बारे ने पूछे जाने पर मोइत्रा ने कहा कि चुनाव आयोग ने कहा है कि मोटरबाइक नहीं चला सकते, इसीलिए मैं टोटो से आई।
West Bengal Voting Live: कब आएंगे एग्जिट पोल?
West Bengal Voting Live: बंगाल में वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल आने शुरू हो जाएंगे। चूंकि चुनाव आयोग ने बुधवार शाम साढ़े 6 बजे तक एग्जिट पोल के अनुमान जारी करने पर रोक लगा दी है, इसीलिए मतदान का समय खत्म होने के बाद ही एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे।
West Bengal Voting Live: टीएमसी ने धांधली के लिए खरीदी नकली उंगलियां- शुभेंदु अधिकारी
West Bengal Voting Live: भाजपा के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर बड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने कुछ तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि TMC ने भवानीपुर विधानसभा चुनावों में धांधली करने के लिए 750 नकली उंगलियां खरीदी हैं।
West Bengal Voting Live: इन हॉट सीटों पर नजरें
West Bengal Voting Live: बंगाल में हो रहे अंतिम चरण के मतदान में कुछ हॉट सीटों पर नजरें हैं। इन सीटों में भवानीपुर भी शामिल है जहां ममता बनर्जी का मुकाबला BJP के शुभेंदु अधिकारी से है। वहीं शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं और इसीलिए यह सीट भी चर्चा में है। इसके अलावा बहरामपुर से कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी 25 साल बाद विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
West Bengal Voting Live: 3 करोड़ मतदाता करेंगे 1448 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
West Bengal Voting Live: बंगाल में हो रहे दूसरे चरण के चुनाव में कुल 1,448 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में 3.22 करोड से अधिक मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 ट्रांसजेंडर्स शामिल हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। वहीं कांग्रेस और वामपंथी दल भी अपनी ताकत आजमा रहे हैं। भवानीपुर सीट इस बार के चुनाव में सबसे हॉट सीट बनी हुई है जहां मुकाबला टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के बीच है।
West Bengal Voting Live: पीएम मोदी ने की रिकॉर्ड वोटिंग की अपील
West Bengal Voting Live: बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू होने के बाद पीएम मोदी ने लोगों से रिकॉर्ड वोटिंग की अपील की है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि महिलाओं और युवाओं को भारी संख्या में मतदान करना चाहिए। पीएम मोदी ने लिखा, “आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा चरण है। मैं आज सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में अपने अधिकार का प्रयोग करें, ताकि लोकतंत्र को और जीवंत बनाया जा सके। खास तौर पर यह बेहद जरूरी है कि पश्चिम बंगाल की नारी शक्ति और युवा शक्ति बड़ी संख्या में बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।”
West Bengal Voting Live: कड़ी सुरक्षा के बीच दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू
West Bengal Voting Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। कोलकाता, नंदीग्राम, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पुरबा बर्दवान, नादिया और अन्य जगहों पर लोग मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।
West Bengal Voting Live: भवानीपुर में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला
West Bengal Voting Live: भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी चुनौती पेश कर रहे हैं। या सीट दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी हुई है। इसे नंदीग्राम की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था। अब पांच साल बाद यह सियासी जंग तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के गढ़ तक पहुंच गई है। तृणमूल कांग्रेस के लिए भवानीपुर सीट बचाए रखना ममता बनर्जी की राजनीतिक पकड़ को बनाए रखने और प्रतिष्ठा का सवाल है। वहीं भाजपा ममता बनर्जी के इस अजेय किले को भेदना चाहेगी।