मुंडन की कसम पूरी? मेरे सिर पर बाल उग आएंगे… ममता बनर्जी को 'पूर्व सीएम' बता कौस्तव बागची ने कसा तंज
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने भारी बढ़त बना ली है। अब तक आये रुझानों के अनुसार भाजपा 192 सीटों पर आगे है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 96 सीटों पर सीमित रह गई है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भारी बढ़त बना ली है। अब तक आये रुझानों के अनुसार भाजपा 192 सीटों पर आगे है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) 96 सीटों पर सीमित रह गई है। भाजपा नेता कौस्तव बागची ने इस बढ़त पर बोलते हुए कहा कि मेरे सिर पर फिर बाल उग आएंगे, लेकिन ममता बनर्जी आज से पूर्व मुख्यमंत्री हैं। बता दें कि साल 2023 में कौस्तव बागची ने मुंडन कराकर कसम खाई थी कि जब तक ममता सरकार गिरा न दूं तक तक बाल नहीं रखूंगा। उस वक्त कौस्तव बागची कांग्रेस में थे और फरवरी 2024 में बीजेपी में शामिल हो गए।
बता दें कि 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत है। रुझानों में भाजपा इस आंकड़े को पार करती दिख रही है, जो 2011 से सत्ता में काबिज तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब तक आये रुझान राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में गहरे बदलाव का संकेत दे रहे हैं। भाजपा सीमावर्ती, आदिवासी और औद्योगिक क्षेत्रों में मजबूत बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस कोलकाता के कुछ इलाकों और अपने पारंपरिक ग्रामीण गढ़ों तक सिमट गई है। 2021 के चुनाव में मिली बढ़त को इस बार सत्ता में बदलने के लिए भाजपा ने आक्रामक रणनीति अपनाई थी, जो रुझानों में साफ नजर आ रही है।
मत प्रतिशत में भी भारी बदलाव
इतना ही नहीं, मत प्रतिशत के रुझानों में भी बड़ा बदलाव दिख रहा है। भाजपा का वोट शेयर बढ़कर 44.8 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस का वोट शेयर घटकर 41.7 प्रतिशत रह गया है। भाजपा ने 2021 में जीती सभी सीटों पर अपनी पकड़ बनाए रखी है और तृणमूल के कई पारंपरिक गढ़ों में सेंध लगाई है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने गढ़ भवानीपुर में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी पर 15494 मतों से आगे चल रही हैं। आठ दौर की गिनती के बाद यह बढ़त तृणमूल के लिए राहत भरी खबर है। वहीं, नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी तृणमूल के पवित्र कर पर 7379 मतों से आगे हैं।
ममता ने कार्यकर्ताओं से की हिम्मत नहीं हारने की अपील
रुझानों में तृणमूल कांग्रेस के पिछड़ने के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से हिम्मत नहीं हारने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में शुरुआती बढ़त अपेक्षित थी, लेकिन अंतिम परिणाम तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों से मतगणना केंद्रों पर डटे रहने और पूरी सतर्कता बरतने का आग्रह किया। टीएमसी सुप्रीमो ने मतगणना प्रक्रिया में हस्तक्षेप की कोशिशों का आरोप लगाते हुए कहा कि यह भाजपा की योजना है। कृपया सुनिश्चित करें कि कोई भी उम्मीदवार या काउंटिंग एजेंट मतगणना केंद्र न छोड़े। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस शुरुआती रुझान का पहले से अंदाजा था और मतगणना आगे बढ़ने पर तृणमूल कांग्रेस के आंकड़े सुधरेंगे।
ममता बोली- सूर्यास्त तक करें प्रतीक्षा
ममता बनर्जी ने कई जगहों पर गिनती रोक दिए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने केंद्रीय बलों और पुलिस पर कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने तथा तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों पर हमले व कब्जे का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी वास्तव में 100 से अधिक सीटों पर आगे है, लेकिन आंकड़े छिपाए जा रहे हैं। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर केंद्रीय बलों की मदद से मनमाना व्यवहार करने और राज्य पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि निराश होने की कोई वजह नहीं है। अभी केवल तीन-चार दौर की गिनती हुई है, जबकि कुल 18-19 दौर होने हैं। सूर्यास्त तक प्रतीक्षा करें, आप ही जीतेंगे।


