बंगाल की धरती से शरणार्थियों को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, घुसपैठियों को दी चेतावनी

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरणार्थियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सभी शरणार्थियों को संवैधानिक अधिकार दिए जाएंगे, जबकि घुसपैठिओं को निष्कासित किया जाएगा।

बंगाल की धरती से शरणार्थियों को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, घुसपैठियों को दी चेतावनी

पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल में लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के बीच की यह जंग लगातार दिलचस्प होती जा रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरणार्थियों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि देश में मौजूद शरणार्थियों को पूर्ण संवैधानिक अधिकार मिलेंगे जबकि घुसपैठियों को निष्कासित किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल के कटवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता सरकार के 15 साल के शासन में उन्होंने बंगाल की जनता को केवल भय और डर के सिवा कुछ नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को अपना सामान पैक करना शुरू कर देना चाहिए और अब जाने का समय आ गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ममता सरकार पर अवैध प्रवासियों को समर्थन देने और उन्हें वोटबैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहे कितना भी प्रयास कर ले अवैध प्रवासियों की मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें, केंद्र सरकार लगातार ममता बनर्जी के ऊपर बांग्लादेशी घुसपैठियों को जानबूझकर देश में प्रवेश करवाने और उन्हें वोट बैंक के लिए इस्तेमाल करवाने का आरोप लगाती रही है। राज्य में मुस्लिम समुदाय की आबादी को तृणमूल कांग्रेस का एकमुश्त वोट बैंक माना जाता है। भारत में मौजूद रोहिंग्या मुस्लिमों को लेकर भी भाजपा ने ममता बनर्जी सरकार के ऊपर ही आरोप लगाया है। हालांकि, ममता बनर्जी इन सभी आरोपों से इनकार करते हुए इन लोगों को भारत का ही नागरिक बताती आई हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पश्चिम बंगाल की ममता सरकार के ऊपर हमला बोला। ओंडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के सिंडिकेट राज ने पश्चिम बंगाल की सरकार को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के युवाओं को राज्य से पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।

भाजपा नेताओं के हमलों के बीच टीएमसी ने भी पलटवार किया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अन्य राज्यों में बंगाली भाषी लोगों पर कथित हमलों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बंगाल को विभाजित करने की साजिश रची है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें