यह उनका कल्चर, भाजपा पर क्यों भड़की TMC उम्मीदवार; लगाया बड़ा आरोप

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का दौर शुरू हो चुका है। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी चलने लगा है। उत्तर 24 परगना के बारानगर विधानसभा में ऐसा ही कुछ देखने को मिला।

यह उनका कल्चर, भाजपा पर क्यों भड़की TMC उम्मीदवार; लगाया बड़ा आरोप

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का दौर शुरू हो चुका है। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी चलने लगा है। उत्तर 24 परगना के बारानगर विधानसभा में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। यहां से ममता बनर्जी की टीएमसी उम्मीदवार, भाजपा के ऊपर भड़क उठीं। टीएमसी उम्मीदवार का नाम सायंतिका बनर्जी है।

मार-पीट के लगाए आरोप
सायंतिका ने मीडिया से बात करते सवाल उठाए। उन्होंने कहाकि आप भाजपा से सवाल पूछिए कि क्या हुआ है? उन्होंने कहाकि मैं चुनाव प्रचार कर रही थी। भाजपा के लोग बाहरी लोगों को लेकर आए। सायंतिका ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने कुछ दिव्यांग लोगों को भी मारा। उन्होंने महिलाओं से भी बदसलूकी के आरोप लगाए। टीएमसी उम्मीदवार ने भड़कते हुए कहाकि यही तो भाजपा का कल्चर है। उन्हें पता है कि वह लोग चुनाव में जीत नहीं पाएंगे। इसलिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

दिन में ममता ने बोला था हमला
इससे पहले दिन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से लोगों के मताधिकार छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सबसे बड़ा घुसपैठ करने वाला करार दिया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने कोलकाता के प्रतिष्ठित रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद नमाजियों को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों को लोकतांत्रिक अधिकारों और बंगाल के बहुल सामाजिक ताने-बाने की रक्षा की लड़ाई करार दिया। ममता ने कहाकि हम मोदी जी और भाजपा को आपके मतदान के अधिकार छीनने नहीं देंगे। हम अंत तक लड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को चुनौती देने के लिए उन्होंने कोलकाता से लेकर दिल्ली तक की अदालतों का रुख किया है। उनकी ये टिप्पणी निर्वाचन आयोग द्वारा कराई जा रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच आई है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर के कारण वैध मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, खासकर अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों से। उन्होंने कहाकि जब आप विदेश जाते हैं, तो नेताओं से हाथ मिलाते हैं और मित्रता की बातें करते हैं। यह आपकी पसंद है, और मैं सभी देशों का सम्मान करती हूं। लेकिन जब आप भारत लौटते हैं, तो अचानक हिंदू-मुस्लिम विवाद शुरू हो जाता है, और लोगों को घुसपैठिया कहा जाने लगता है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें