अब भाजपा सरकार की शपथ में ही लौटूंगा बंगाल, आखिरी चुनावी रैली में बोले PM मोदी
बैरकपुर की रैली में पीएम अब मैं बंगाल 4 मई के बाद ही लौटूंगा, जब भाजपा की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। यही नहीं उनका कहना था कि मेरी लिए देश की जनता ही परिवार है और अपना घर छोड़ने के बाद से अब तक मैं आपके साथ ही रहा हूं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अब मैं बंगाल 4 मई के बाद ही लौटूंगा, जब भाजपा की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। यही नहीं उनका कहना था कि मेरी लिए देश की जनता ही परिवार है और अपना घर छोड़ने के बाद से अब तक मैं आपके साथ ही रहा हूं। उन्होंने बंगाल के साथ अपने पुराने रिश्ते का भी इस दौरान जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी निजी जिंदगी और आध्यात्मिक यात्रा में बंगाल का अहम योगदान रहा है। शक्ति के प्रति मेरी आस्था भी बंगाल से जुड़ा का एक बड़ा कारण रही है। मेरी निजी आध्यात्मिक यात्रा में यह मेरी लिए शक्ति का बड़ा केंद्र रहा है।
मैंने बंगाल की कई महान हस्तियों से बहुत प्रेरणा ली है। यहां के लोगों से मुझे बहुत प्यार मिला है। बंगाल की धरती से मिले अनुभव मेरी जिंदगी में बहुत महत्वपूर्ण रहे हैं। बैरकपुर की अपनी रैली को आखिरी जनसभा में बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब तो मैं शपथ समारोह में ही आऊंगा। इस तरह उन्होंने में भाजपा सरकार बनने का भरोसा जताया। पीएम मोदी ने कहा, 'बंगाल के इस चुनाव में यह मेरी आखिरी रैली है। मैं बंगाल में जहां भी और जब भी गया हूं तो लोगों का मूड देखा है। मैं इस भरोसे के साथ लौट रहा हूं कि अब 4 मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में ही बंगाल लौटूंगा।'
'रात को बैठकर पढ़ता हूं आप सभी के संदेश, कुछ ने भावुक किया'
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में रैलियों और रोड शो के दौरान मैंने देखा कि लोगों के बेहद भावुक संदेश थे। इन संदेशों को मैं कभी भूल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि मैंने रात के समय फुर्सत में बैठकर सभी लोगों के संदेश देखे। आपके मेसेज और लेटर भी पढ़े। मैंने कई संदेशों में लोगों का दर्द समझा। मैं आपके आशीर्वाद को समझता हूं। मैं जानता हूं कि आपने मेरे ऊपर कितनी जिम्मेदारी दी है और क्या उम्मीदें रखी हैं। पीएम मोदी ने इस दौरान अपनी दशकों के राजनीतिक सफर को भी याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपना घर छोड़ने के बाद से ही आप लोगों के साथ हूं।
4 दशकों से आप लोगों के बीच- कहीं रुका नहीं, बस चलता ही रहा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'बीते तीन से 4 दशकों से मैं देश के हर कोने में यात्रा कर रहा हूं। राजनीति में आने और भाजपा का हिस्सा बनने के बाद मुझे जो भी जिम्मेदारी मिली, मैंने वह अदा की। चुनाव की ड्यूटी मिली तो वह भी किया। मैंने कभी दिन या रात देखकर या फिर मौसम का मिजाज देखकर काम नहीं किया। मैं बस चलता रहा हूं। अपना घर छोड़ने के बाद मैंने हमेशा आराम और शांति बस आप लोगों के बीच ही खोजा है। आप लोग ही मेरा परिवार हैं।' भाजपा कैंडिडेट कौस्तव बागची के लिए रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब मैं आप लोगों से 4 मई के बाद होने वाले भाजपा सरकार के शपथग्रहण समारोह में ही आप लोगों से मिलूंगा।


