हो गया शंखनाद, बंगाल में पीएम मोदी बोले- 4 मई के बाद TMC के गुंडों को नहीं मिलेगी छिपने की जगह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की रैली में कहा कि बंपर मतदान ने दिखा दिया है कि इस बार बंगाल में महापरिवर्तन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद टीएमसी के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पानीहाटी और यादवपुर की रैली में टीएमसी पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि पहले चरण में इतना बंपर मतदान देखकर टीएमसी घबरा गई है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान ने तृणमूल के 'महाजंगल राज' का अंत सुनिश्चित कर दिया है। प्रधानमंत्री ने पानीहाटी में कहा कि चार मई को चुनाव परिणाम आने के बाद, तृणमूल के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।
महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलने देती टीएमसी- पीएम मोदी
उन्होंने कहा, बंगाल की बहनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि महिलाओं की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि रहेगी। हम टीएमसी के कुशासन, भ्रष्टाचार और घुसपैठियों के चंगुल से बंगाल को मुक्त कराने के लिए जनता का आशीर्वाद, यानी वोटों का आशीर्वाद चाहते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब न्याय की मांग करना चाहती हैं तो टीएमसी उन्हें घरों से बाहर नहीं आने देती।
प्रधानमंत्री ने कहा, ' बंगाल में जहां तृणमूल ने अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, वहां के लोगों ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया है। अब दूसरे चरण में आपको इस मंदिर पर विजय ध्वज फहराना है।'
उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद तृणमूल ''बेहद घबराई हुई'' है। उन्होंने उन महिला उम्मीदवारों का जिक्र किया जिन्हें भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है और कहा कि पार्टी ने उन लोगों को प्रतिनिधित्व दिया है जिन्होंने अन्याय सहा है।
टीएमसी ने एक मां की बेटी को छीना, मैंने उम्मीदवार बनाया
मोदी ने पानीहाटी से पार्टी की उम्मीदवार, आरजी कार बलात्कार-हत्या पीड़िता की मां का जिक्र करते हुए कहा, ''इस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनने में मदद की। लेकिन टीएमसी ने उस बेटी को इनसे छीन लिया। हमने उस मां को उम्मीदवार बनाया है।'' उन्होंने कहा, ''भाजपा ने संदेशखाली की पीड़िता को भी नेतृत्व करने का मौका दिया है। जब बंगाल की महिलाएं न्याय की मांग करती हैं, तो टीएमसी उन्हें घर से बाहर न निकलने के लिए कहती है।'
यादवपुर की रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार के मतदान से स्पष्ट हो गया है कि कई जिलों में टीएमसी अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी। उन्होंने कहा कि घुसपैठ और तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कारण युवा रोजगार की तलाश में बंगाल छोड़ने के लिए मजबूर हैं। भाजपा राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना चाहती है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस और उसके सहयोगी इसका विरोध कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल की पहचान को नष्ट कर दिया; घुसपैठिए जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, लोगों की आजीविका छीन रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा संरक्षण प्राप्त अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाया जाए।


