बिना तलाक दूसरी महिला से शादी? बीजेपी विधायक के खिलाफ पत्नी ने दर्ज करवाई एफआईआर

Jan 23, 2026 10:55 pm ISTAnkit Ojha भाषा
share Share
Follow Us on

पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक हिरन चटर्जी के खिलाफ उनकी पत्नी ने शिकायत दर्ज करवाई है। पत्नी का दावा है कि बिना तलाक दिए ही बीजेपी विधायक ने दूसरी शादी कर ली। इसकी तस्वीरें भी वायरल हुई थीं।

बिना तलाक दूसरी महिला से शादी? बीजेपी विधायक के खिलाफ पत्नी ने दर्ज करवाई एफआईआर

पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक हिरन चटर्जी की पत्नी अनिंदिता चटर्जी ने उनपर मानसिक और शारीरिक यातना देने और कथित तौर पर कानूनी तलाक प्राप्त किए बिना किसी अन्य महिला के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया है।अनिंदिता ने हिरन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पत्नी ने तीन दिन पहले चटर्जी की कथित दूसरी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अनिंदिता ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने शहर के आनंदपुर पुलिस थाने में अपने पति और पेशे से मॉडल उनकी कथित दूसरी पत्नी रितिका गिरि के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने वाराणसी में कथित तौर पर शादी के बाद खड़गपुर सदर विधायक और गिरि के माथे पर तिलक लगी तस्वीरों के प्रसारित होने का का हवाला देते हुए कहा कि खबर सामने आने के बाद से उन्हें और उनकी 19 वर्षीय बेटी को अत्यधिक मानसिक तनाव और समाज में अपमान का सामना करना पड़ रहा है। अनिंदिता ने कहा कि हिरन द्वारा तलाक का कोई नोटिस नहीं भेजा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी शादी 11 दिसंबर, 2000 को हुई थी, और हमारी बेटी की हालत की कल्पना कीजिए। मैंने लंबे समय तक इस यातना को सहन किया लेकिन अपनी बेटी और परिवार की खातिर चुप रही।’’ अनिंदिता ने कहा कि पश्चिम मेदिनीपुर जिले में अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के बावजूद, हिरन अपने निर्वाचन क्षेत्र के काम से अवकाश के दौरान परिवार से मिलने आते थे और दावा किया कि आधिकारिक जिम्मेदारियों के अलावा उनका रितिका के साथ कोई संबंध नहीं था।

विधायक की बेटी नियासा ने कहा कि उन्हें अपने परिवेश में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है और यह स्वीकार करना मुश्किल है कि उनके पिता कथित तौर पर उन्हें या उनकी मां को सूचित किए बिना ऐसा कदम उठा सकते हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी गुरुवार को दर्ज की गई और जांच शुरू कर दी गई है।

रितिका गिरि ने पहले वाराणसी के बरसाना मंदिर में फूलों की माला पहने हुए पूजा करते हुए अपनी और विधायक की एक तस्वीर पोस्ट की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर अनिंदिता के आरोपों का खंडन करते हुए दावा किया कि उनके बारे में ‘‘गलत जानकारी’’ फैलाई गई थी। रितिका ने कहा कि अनिंदिता को तलाक का कानूनी नोटिस भेजा गया था। उन्होंने कहा, ‘‘हम पिछले पांच सालों से साथ हैं, और उन्हें सब कुछ पता था।’’ रितिका के मुताबिक उनका सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक है और कुछ भी छिपाया नहीं गया है। विधायक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।