जय बांग्ला vs जय श्रीराम... पोलिंग बूथ के पास शुभेंदु अधिकारी और TMC समर्थकों के बीच तीखी भिड़ंत; VIDEO
Joy Bangla Vs Jai Sri Ram: कालीघाट इलाके में शुभेंदु अधिकारी जब पोलिंग बूथ पर पहुंचे तो TMC कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और जय बंगला के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसे देखते हुए अधिकारी भी जय श्रीराम के नारे लगाने लगे।

Joy Bangla Vs Jai Sri Ram: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के मतदान के दौरान आज बुधवार को भबानीपुर में एक मतदान केंद्र के बाहर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इससे वहां तनाव बढ़ गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों और पुलिस को हल्का लाठीचार्ज कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।
दरअसल, हुआ ये कि कालीघाट इलाके में मतदान के बीच शुभेंदु अधिकारी जब पोलिंग बूथ पर पहुंचे तो तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और वहां "जय बंगला" के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसे देखते हुए अधिकारी भी अपने समर्थकों संग जय श्रीराम के नारे लगाने लगे।
इसके थोड़ी ही देर बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गयी। अधिकारी ने जय श्री राम के साथ-साथ हिन्दू-हिन्दू, भाई-भाई के नारे भी लगाए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
केंद्रीय बलों को करना पड़ा हस्तक्षेप
स्थिति बिगड़ने पर केंद्रीय बलों और कोलकाता पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया। पुलिस के अनुसार अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मुख्यमंत्री और तृणमूल उम्मीदवार ममता बनर्जी का निवास भवानीपुर के कालीघाट में है। यह इस चुनाव में राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल है।
अधिकारी ने टीएमसी समर्थकों को बाहरी और बांग्लादेशी मुसलमान कहा
भाजपा उम्मीदवार अधिकारी ने घटना के दौरान आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मतदाताओं को प्रभावित और भयभीत करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मतदान की रफ्तार धीमी है और केंद्रीय बलों की मौजूदगी से तृणमूल घबराई हुई है। अधिकारी ने कहा, "ममता उम्मीदवार हैं, बूथ जा सकती हैं, लेकिन इतने लोगों के साथ आकर क्या मतदाताओं को डराने की कोशिश हो रही है?" तृणमूल समर्थकों के "जय बंगला" नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिकारी ने विवादास्पद टिप्पणी भी की और कहा कि मुसलमान जय बंगला के नारे लगा रहे हैं, जबकि हिन्दू भाजपा के साथ हैं। अधिकारी ने टीएमसी समर्थकों को बाहरी और बांग्लादेशी मुसलमान भी कहा। उन्होंने ये भी कहा कि ममता का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
नंदीग्राम में ममता को शुभेंदु ने हराया था
उल्लेखनीय है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर अधिकारी ने ममता बनर्जी को करीबी अंतर से हराया था, हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने राज्य में प्रचंड बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। बाद में ममता बनर्जी भवानीपुर उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचीं। भवानीपुर में यह सीधा मुकाबला राज्य की राजनीति के सबसे प्रतीकात्मक चुनावी संघर्षों में गिना जा रहा है जिस पर पूरे देश की निगाहें लगी हैं।


