बीजेपी जीती तो कौन बनेगा पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री? अमित शाह ने बताई दो खासियतें

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share

पश्चिम बंगाल में एक रैली के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अगर बीजेपी जीतती है तो ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री होगा जो कि बंगाली भाषी हो और बंगाल में ही पला-बढ़ा हो। शाह ने कहा कि बंगाल में यूसीसी लागू किया जाएगा और चार-चार विवाह करने का चलन रुकेगा।

बीजेपी जीती तो कौन बनेगा पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री? अमित शाह ने बताई दो खासियतें

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। खैरासोल में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि बीजेपी जीतती है तो ऐसा मुख्यमंत्री होगा जो कि बंगाली बोलता हो और जो बंगाल में ही पला-बढ़ा हो। बता दें कि बीजेपी इस बार विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत का दावा कर रही है। शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा की जीत के बाद संदेशखालि, आर जी कर, साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज, दुर्गापुर लॉ कॉलेज जैसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।

'जनता का पैसा लौटाना होगा'

शाह ने कहा, तृणमूल सरकार ने घोटालों के जरिए 5,000 करोड़ रुपये की हेराफेरी की। भाजपा के सत्ता में आने के बाद घोटालेबाजों को जनता को एक-एक पैसा लौटाना होगा। ममता सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन आवंटित नहीं की, भाजपा बंगाल में सत्ता संभालने के 45 दिनों के भीतर इसके लिए जमीन आवंटित करेगी।

घर पर ही रहें टीएमसी के गुंडे- शाह

बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में पर्याप्त केंद्रीय बल भेजे हैं। शाह ने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस के गुंडे चुनाव के दिन घर पर ही रहें, अन्यथा चार मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।'

ममता बनर्जी ने भी बीजेपी पर किया अटैक

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी एक रैली में बीजेपी पर करारा हमला किया है। उन्होंने कहा, केंद्र और 19 राज्य उनके खिलाफ एकजुट हैं और वह अकेले ही आम लोगों के लिए लड़ रही हैं। बीरभूम जिले के सूरी में एक रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ने कहा कि भाजपा दिल्ली की ताकतों का उपयोग करके पश्चिम बंगाल चुनाव नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 226 से अधिक सीटें हासिल करेगी।'' बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण युवाओं को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है।

उधर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी बंगाल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आखिर बंगाल में मुसलमानों की हालत इतनी खराब क्यों है। पिछले 50-60 सालों में बंगाल में सेक्युलर सरकारें रही हैं लेकिन अल्पसंख्यकों का जीवन स्तर नहीं सुधार पाई हैं। इसलिए अल्पसंख्यकों को स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व की जरूरत है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें