
'बाबरी मस्जिद' के लिए हुमायूं का अगला प्लान क्या? बोले- ममता को पूर्व सीएम बना दूंगा
कबीर ने दो दिन बाद 8 दिसंबर को ऐलान किया कि वे 22 दिसंबर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी शुरू करेंगे और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM तथा इस्लामिक सेक्युलर फ्रंट (ISF) के साथ बातचीत चल रही है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने एक बार फिर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोला है। ममता बनर्जी द्वारा 'मीर जाफर गद्दा' कहे जाने पर हुमायूं ने कहा- चुनाव प्रचार में सब सच सामने लाऊंगा कि असल में गद्दार कौन है। उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने दिसंबर 2024 में ही मस्जिद बनाने का ऐलान किया था तब टीएमसी ने कुछ नहीं कहा, क्योंकि तब वे मुझे गंभीरता से नहीं ले रहे थे।
बता दें कि हाल ही में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भरतपुर के विधायक हुमायूं कबीर को पार्टी से निलंबित कर दिया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें मीर जाफर जैसा गद्दार करार देते हुए कहा कि कबीर ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के साथ-साथ सांप्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देने की कोशिश की है। इस निलंबन का कारण 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक नई मस्जिद की नींव रखना है। ठीक उसी दिन '1992 अयोध्या बाबरी मस्जिद विध्वंस' की बरसी होती है। कबीर ने दो दिन बाद 8 दिसंबर को ऐलान किया कि वे 22 दिसंबर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी शुरू करेंगे और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM तथा इस्लामिक सेक्युलर फ्रंट (ISF) के साथ बातचीत चल रही है।
नई पार्टी: 75 सदस्यीय राज्य समिति और 135 सीटों पर दांव
इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में हुमायूं कबीर ने बताया कि नई पार्टी का नाम और ढांचा तय हो चुका है, जिसे 22 दिसंबर को औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई पार्टी में 75 सदस्यीय राज्य समिति होगी। वे 135 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। इनमें 80-90 सीटें अल्पसंख्यक बहुल, जबकि बाकी हिंदू बहुल इलाके होंगे। पार्टी को उन्होंने 'सैकुलर' बताते हुए दावा किया कि इसका फोकस बंगाल के 11.5 करोड़ नागरिक होंगे। कबीर का कहना है कि उनकी पार्टी सभी के लिए दरवाजा खोल रही है और 22 दिसंबर को कई बड़े नाम सामने आएंगे।
AIMIM और ISF से संपर्क में?
कबीर ने खुलकर कहा कि वे कई राजनीतिक पार्टियों के संपर्क में हैं। उन्होंने नाम लेकर AIMIM और ISF के साथ बातचीत की पुष्टि की, लेकिन कहा कि किसी गठबंधन या सहयोग की घोषणा पार्टी लॉन्च के बाद ही करेंगे। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कबीर का दावा बेहद बड़ा है। उनके मुताबिक- राज्य में जादुई आंकड़ा 148 सीटों का है। न TMC और न ही BJP इसे छू पाएगी। वे स्वयं किंगमेकर बनेंगे और ममता बनर्जी को पूर्व मुख्यमंत्री बना देंगे। उनके इन दावों ने पहले से गर्म बंगाल की राजनीति में और ताप भर दिया है।
बाबरी मस्जिद प्रोजेक्ट पर क्या बोले?
25 बीघा जमीन पर बनने वाली इस नई बाबरी मस्जिद परिसर में मस्जिद के साथ-साथ अस्पताल, यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज, पार्क और हेलीपैड भी बनाए जाने का प्लान है। कबीर ने बताया कि अब तक 3 करोड़ रुपये से ज्यादा चंदा मिल चुका है। फंडिंग पर सवाल उठने पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा- BJP और उसके नेताओं जैसे अटल बिहारी वाजपेयी ने ममता बनर्जी को TMC बनाने में मदद की थी। बीजेपी नेताओं ने ममता बनर्जी को तृणमूल बनाने के लिए पैसा दिया था। मुकुल रॉय ने मुझे बताया था कि शारदा चिटफंड घोटाले से 500 करोड़ रुपये ममता बनर्जी को मिले थे। पहले उनसे पूछो। कबीर ने TMC से पूछा- ममता बनर्जी का फंड कहां से आता है?
मैं साम्प्रदायिक राजनीति नहीं कर रहा- हुमायूं
कबीर पर कुछ राजनीतिक हलकों ने साम्प्रदायिक राजनीति का आरोप लगाया है। उन्होंने इसका खंडन करते हुए कहा- कुछ पार्टियां मुसलमानों को और कुछ हिंदुओं को बहका रही हैं, मैं नहीं। TMC ने मुसलमानों के वोट लिए लेकिन न मदरसा शिक्षकों की भर्ती की और न युवाओं को अपराध से रोका। हम एक ऐसी पार्टी बनाएंगे जो BJP और TMC दोनों के खिलाफ लड़ सके।
खतरे के कारण निजी सुरक्षा
कबीर का दावा है कि उन्हें उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से धमकी भरे फोन कॉल आए हैं। इसी कारण उन्होंने हैदराबाद की निजी सुरक्षा एजेंसी को हायर किया है। साथ ही कोलकाता हाई कोर्ट से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग करने की तैयारी में हैं।

लेखक के बारे में
Amit Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




