झालमुड़ी खा रहे थे नरेंद्र मोदी, इसलिए रोकी गई हेमंत सोरेन की उड़ान; TMC का दावा

Apr 20, 2026 02:11 pm ISTSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share

तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि पीएम नरेंद्र मोदी जब झारग्राम में झालमुड़ी खा रहे थे तो उस समय झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी के विमान को रोक कर रखा गया। उनका विमान नहीं उड़ सका। टीएमसी का कहना है कि यह आदिवासी भाइयों का अपमान है और नरेंद्र मोदी ने अपनी आदिवासी विरोधी मानसिकता दिखा दी।

झालमुड़ी खा रहे थे नरेंद्र मोदी, इसलिए रोकी गई हेमंत सोरेन की उड़ान; TMC का दावा

पीएम नरेंद्र मोदी बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान रविवार को झारग्राम में एक जगह रुके थे और वहां एक दुकान पर जाकर झालमुड़ी खाई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। पीएम नरेंद्र मोदी के इस तरह से आम लोगों के बीच जाकर संपर्क करने और एक दुकान पर खड़े होकर 10 रुपये में झालमुड़ी खाए जाने की तारीफ भी कुछ लोग कर रहे हैं। इस बीच टीएमसी ने इस मामले को लेकर अलग ही दावा किया है। टीएमसी का कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी जब झारग्राम में झालमुड़ी खा रहे थे तो उस दौरान झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन के विमान को वहां से उड़ने नहीं दिया गया।

इसके चलते उन दोनों को ही घंटों इंतजार करना पड़ा। टीएमसी ने एक्स पर लिखा, 'प्रधान सेवक ने झारग्राम में रुककर झालमुड़ी खाने का फैसला लिया था। इसके चलते झारग्राम के आसमान से झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन के विमान को उड़ने नहीं दिया गया। इस तरह लोकतांत्रित प्रक्रिया से चुने गए दो प्रतिनिधियों को घंटों इंतजार करना पड़ा कि वे उड़ान भर सकें। हालात ऐसे हो गए कि दोनों ही रांची लौट आए। वे अपने तय कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सके। ऐसा सिर्फ इसलिए हुआ क्योंकि पीएम ने स्नैक्स ब्रेक लिया था और उसकी तस्वीरें खिंचवाने में लगे थे। इसके चलते हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों का हनन किया गया।'

ऐसा दावा करते हुए टीएमसी ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा पर आदिवासी विरोधी मानसिकता रखने का भी आरोप लगाया है। इसके आगे टीएमसी लिखा कि इस घटना से पता चलता है कि पीएम नरेंद्र मोदी के मन में आदिवासी समुदाय के लोगों के लिए कितना सम्मान है। पीएम मोदी उन लोगों के लिए किस तरह का सम्मान रखते हैं, जो उनके आगे झुके नहीं। इस घटना ने बता दिया है। टीएमसी ने लिखा, ‘वह आदिवासी वोट बटोरने के लिए झारग्राम आए थे, लेकिन उन्हीं लोगों के प्रतिनिधियों को अपमानित किया। बंगाल ने यह देखा है और इसका परिणाम 4 मई को दिखेगा।’

जब दुकानदार से बोले PM मोदी- प्याज खाता हूं, लेकिन दिमाग नहीं

बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी विक्रेता से बात की थी। दुकानदार ने उनसे पैसे लेने से भी इनकार किया था, लेकिन पीएम मोदी ने कहा कि यह तो आपको लेने होंगे। दुकानदार ने जब झालमुड़ी तैयार करते हुए यह पूछा कि क्या आप प्याज खाते हैं? इस पर पीएम मोदी ने कहा कि हां प्याज खाता हूं, लेकिन दिमाग नहीं खाता।

Surya Prakash

लेखक के बारे में

Surya Prakash

दुनियादारी में रुचि पत्रकारिता की ओर खींच लाई। समकालीन राजनीति पर लिखने के अलावा सामरिक मामलों, रणनीतिक संचार और सभ्यतागत प्रश्नों के अध्ययन में रुचि रखते हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले सूर्यप्रकाश को पत्रकारिता जगत में करीब डेढ़ दशक का अनुभव है। 10 वर्षों से ज्यादा समय से डिजिटल मीडिया में कार्यरत हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं राज्यों से संबंधित खबरों का संपादन करते हैं एवं डेस्क इंचार्ज के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। समाचारों के त्वरित प्रकाशन से लेकर विस्तृत अध्ययन के साथ एक्सप्लेनर आदि में भी रुचि रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज प्रकाशित करने और खबरों के अंदर की खबर को विस्तार से समझाने में रुचि रखते हैं। हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को समझते हैं और उसके अनुसार ही पाठकों को खबरें देने के लिए तत्परता रखते हैं।


अकादमिक योग्यता: एक तरफ डेढ़ दशक का सक्रिय पत्रकारिता करियर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सूर्यप्रकाश अकादमिक अध्ययन में भी गहरी दिलचस्पी रखते रहे हैं। पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन और मास्टर्स की पढ़ाई के साथ ही 'हाइब्रिड वारफेयर में मीडिया के इस्तेमाल' जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते विषय पर पीएचडी शोध कार्य भी किया है। पत्रकारिता, समाज, साहित्य में रुचि के अलावा वारफेयर में मीडिया के प्रयोग पर भी गहरा अध्ययन किया है। इसी कारण डिफेंस स्टडीज जैसे गूढ़ विषय में भी वह रुचि रखते हैं। इस प्रकार सूर्यप्रकाश का एक लंबा पेशेवर अनुभव रहा है तो वहीं गहरी अकादमिक समझ भी रही है।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय महत्व के समाचारों में गहरी दिलचस्पी रखते हैं तो वहीं नैरेटिव वारफेयर के बारे में भी गहरा अध्ययन है। खबरों के अंदर की खबर क्या है और किसी भी समाचार के मायने क्या हैं? ऐसी जरूरी चीजों को पाठकों तक पहुंचाने में भी रुचि रखते हैं। लाइव हिन्दुस्तान में बीते 5 सालों से जुड़े हैं और गुणवत्तापूर्ण समाचार देने की मुहिम को बल प्रदान किया है। सूर्यप्रकाश को पाठकों की पसंद को समझने और उसके अनुसार समाचारों के प्रस्तुतिकरण में भी महारत हासिल है। कठिन विषयों को सरल शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने की रुचि है और इसी कारण एक्सप्लेनर आदि भी लिखते हैं।

और पढ़ें