सिंघम IPS अजय पाल शर्मा के खिलाफ बंगाल में FIR, घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट का आरोप

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया कि आयोग को खबर मिली थी कि जहांगीर खान के समर्थक फाल्टा में लोगों से कथित तौर पर उनके मतदाता पहचान पत्र एकत्र कर रहे थे और उन्हें धमका रहे थे, जिसके बाद शर्मा ने क्षेत्र का दौरा किया।

FIR registered against Singham IPS Ajay Pal Sharma at Falta police station in West Bengal

पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा थाने में आईपीएस अजय पाल शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। उन पर रात के वक्त घरों में जबरन घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ितों में से एक महिला ने खुद यह शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा गया कि शर्मा केंद्रीय बलों के जवानों के साथ पहुंचे थे। मालूम हो कि भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इस बीच, इलेक्शन कमीशन ने चुनाव संबंधी ड्यूटी से 2 अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेटों को हटा दिया है। दक्षिण 24 परगना में भास्कर पाल और बीरभूम में सौविक भट्टाचार्य के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है।

इससे पहले, फाल्टा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने शर्मा के क्षेत्र का दौरा करने पर आपत्ति जताई थी। खान ने कहा कि अगर शर्मा सिंघम हैं, तो वह पुष्पा हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीएमसी समर्थकों ने शर्मा पर पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए फाल्टा में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने बताया कि अजय पाल शर्मा को तृणमूल समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा, जिन्होंने फाल्टा में जहांगीर खान के आवास के साथ-साथ उनके चुनाव कार्यालय के बाहर जय बांग्ला के नारे लगाए। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया कि आयोग को खबर मिली थी कि खान के समर्थक फाल्टा में लोगों से कथित तौर पर उनके मतदाता पहचान पत्र एकत्र कर रहे थे और उन्हें धमका रहे थे, जिसके बाद शर्मा ने क्षेत्र का दौरा किया।

अधिकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में सिंघम के नाम से मशहूर अजय पाल शर्मा ने फाल्टा के अपने दौरे के दौरान स्पष्ट किया कि वह जहांगीर खान और उनके समर्थकों को मतदाताओं को डराने-धमकाने नहीं देंगे। शर्मा उन 95 पर्यवेक्षकों में शामिल हैं, जिन्हें निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया है। खान ने घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की ओर से तैनात पुलिस अधिकारियों को मतदाताओं को डराने-धमकाने नहीं देंगे।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें