
पश्चिम बंगाल में पुलिस वैन में मां काली की मूर्ति, BJP ने उठाए सवाल; जानें क्यों मचा बवाल
संक्षेप: पश्चिम बंगाल में सुंदरबन के निकट काकद्वीप में मां काली की प्रतिमा के साथ कथित तोड़फोड़ की घटना ने राजनीतिक हंगामा मचा दिया है। भाजपा ने सत्ताधारी टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए जोरदार हमला बोला है। साथ ही पार्टी ने पुलिस-बल को भी आड़े हाथों लिया
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप क्षेत्र में मां काली की मूर्ति को पुलिस वैन में ले जाए जाने की घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है और विवाद तेज हो गया है। इस पूरे प्रकरण की शुरुआत एक गांव के मंदिर से हुई, जहां मां काली की प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने इसे अपनी धार्मिक भावनाओं पर हमला बताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दूसरी तरफ, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर इस मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने दावा किया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों को समझा-बुझा लिया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। तृणमूल नेताओं का कहना है कि कुछ तत्व इस घटना का दुरुपयोग कर विकृत राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर तीखा प्रहार किया। उन्होंने लिखा कि ममता बनर्जी की पुलिस ने मां काली को पुलिस वैन में बंद करके ले जाया! यह शर्मनाक है, बेहद शर्मनाक। इस अपमान को छिपाने की कोई गुंजाइश नहीं। मालवीय ने प्रशासन पर घटना को दबाने की कोशिश का इल्जाम लगाया और बताया कि पुलिस ने शुरुआत में ग्रामीणों को धमकाया, मंदिर के फाटक बंद कर दिए, लेकिन स्थानीय लोगों के उग्र विरोध के बाद उन्हें फिर से खोलना पड़ा।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी एक्स पर पोस्ट कर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के बजाय मां काली की मूर्ति को पुलिस वैन में ठूंस दिया गया! साथ ही सात हिंदू रक्षकों को गिरफ्तार कर लिया। आप जैसा चाहें वैसा कीजिए।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ सुकांता मजूमदार ने भी ममता सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने इसे कट्टरपंथियों के प्रति तुष्टिकरण का स्पष्ट उदाहरण बताते हुए ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर सनातन हिंदू अनुयायियों की धार्मिक भावनाओं को बार-बार ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। मजूमदार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ऐसा दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक दृश्य कभी नहीं देखा गया। मां काली की मूर्ति को पुलिस वैन के अंदर रखना न केवल निंदनीय है, बल्कि हर भक्त के सिर को शर्म से झुका देता है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




