बंगाल के अस्तित्व पर ही खतरा, अब BJP बचाएगी; घुसपैठ पर अमित शाह का 'ट्रिपल D' वाला फॉर्मूला

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share

होम मिनिस्टर अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि हम डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट की नीति अपनाकर घुसपैठ की समस्या का हल करेंगे। अमित शाह ने कहा कि भाजपा की ओर से बंगाल में अंधकार का राज खत्म किया जाएगा।

बंगाल के अस्तित्व पर ही खतरा, अब BJP बचाएगी; घुसपैठ पर अमित शाह का 'ट्रिपल D' वाला फॉर्मूला

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया है। इस दौरान भाजपा ने कहा कि बंगाल में जनता परिवर्तन चाहती है। पश्चि बंगाल में बीते 15 सालों में ममता बनर्जी ने कोई काम नहीं किया है और यह अंधकार का युग रहा है। अब इसे भाजपा ही समाप्त करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प पत्र विकसित बंगाल का रोडमैप है। हम ऐसी सरकार देंगे, जहां मन भयमुक्त ना हो और सिर गर्व से ऊंचा हो। गुरुवर रवींद्रनाथ ठाकुर के इस विचार को हम जमीन पर उतारने का काम करेंगे। भय और भ्रष्टाचार को ममता बनर्जी ने बंगाल की नीति बना दिया है, लेकिन अब भाजपा के साथ चलकर बंगाल की जनता बदलाव लाएगी।

हम कानून के राज, राष्ट्रीय सुरक्षा, रोजगार का भरोसा देंगे। सोनार बांग्ला का यही भरोसा है और हम इस चुनाव में रचनात्मक मुद्दे उठाकर उतर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि बंगाल की जनता हमें 5 सालों के लिए लोकप्रिय सरकार बनाने का मौका जरूर देगी। हम उस भरोसे के आधार पर बंगाल के पुनर्निर्माण का अभियान फिर से शुरू करेंगे। अमित शाह ने कहा कि हम घुसपैठ की समस्या को खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों को लगता है कि राज्य के अस्तित्व पर ही खतरा है। घुसपैठिये कोलकाता तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए हम डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट की नीति अपनाएंगे। इस तरह उन्होंने साफ किया कि बंगाल में आए बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा।

उत्तर बंगाल पर विशेष फोकस, IIT, IIM और एम्स बनेंगे

गृह मंत्री ने कहा कि हम 100 दिनों के अंदर एक औद्योगिक नीति लाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल का क्षेत्र विकास में पीछे रहा है। उसे मुख्यधारा में लाने के लिए हम एक आईआईटी बनाएंगे। एक आईआईएम, एक एम्स और एक फैशन टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट की भी हम स्थापना करेंगे। अमित शाह ने कहा कि भाजपा राज्य में 6 महीने के अंदर ही समान नागरिक संहिता लागू कर देगी। इसके अलावा महिला सुरक्षा को अहमियत देते हुए महिला थाने स्थापित किए जाएंगे। ऐसी सुरक्षा दी जाएगी कि यह ना कहना पड़े कि आखिर महिलाओं को रात में बाहर निकलने की जरूरत ही क्या है।

महिलाओं के खाते में तीन हजार, टीएमसी के खिलाफ श्वेत पत्र

उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को तीन हजार रुपये की रकम उनके खातों में दी जाएगी। अमित शाह ने कहा कि हम सरकार बनने के बाद 7वां वेतन आयोग भी बंगाल के कर्मचारियों के लिए लागू करेंगे। अमित शाह ने कहा कि हम बंगाल को भय और भ्रष्टाचार की नीति से मुक्त कराएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर टीएमसी के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार और अपराध की घटनाओं पर दो अलग-अलग श्वेत पत्र भी जारी किए जाएंगे।

Surya Prakash

लेखक के बारे में

Surya Prakash

दुनियादारी में रुचि पत्रकारिता की ओर खींच लाई। समकालीन राजनीति पर लिखने के अलावा सामरिक मामलों, रणनीतिक संचार और सभ्यतागत प्रश्नों के अध्ययन में रुचि रखते हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले सूर्यप्रकाश को पत्रकारिता जगत में करीब डेढ़ दशक का अनुभव है। 10 वर्षों से ज्यादा समय से डिजिटल मीडिया में कार्यरत हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं राज्यों से संबंधित खबरों का संपादन करते हैं एवं डेस्क इंचार्ज के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। समाचारों के त्वरित प्रकाशन से लेकर विस्तृत अध्ययन के साथ एक्सप्लेनर आदि में भी रुचि रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज प्रकाशित करने और खबरों के अंदर की खबर को विस्तार से समझाने में रुचि रखते हैं। हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को समझते हैं और उसके अनुसार ही पाठकों को खबरें देने के लिए तत्परता रखते हैं।


अकादमिक योग्यता: एक तरफ डेढ़ दशक का सक्रिय पत्रकारिता करियर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सूर्यप्रकाश अकादमिक अध्ययन में भी गहरी दिलचस्पी रखते रहे हैं। पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन और मास्टर्स की पढ़ाई के साथ ही 'हाइब्रिड वारफेयर में मीडिया के इस्तेमाल' जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते विषय पर पीएचडी शोध कार्य भी किया है। पत्रकारिता, समाज, साहित्य में रुचि के अलावा वारफेयर में मीडिया के प्रयोग पर भी गहरा अध्ययन किया है। इसी कारण डिफेंस स्टडीज जैसे गूढ़ विषय में भी वह रुचि रखते हैं। इस प्रकार सूर्यप्रकाश का एक लंबा पेशेवर अनुभव रहा है तो वहीं गहरी अकादमिक समझ भी रही है।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय महत्व के समाचारों में गहरी दिलचस्पी रखते हैं तो वहीं नैरेटिव वारफेयर के बारे में भी गहरा अध्ययन है। खबरों के अंदर की खबर क्या है और किसी भी समाचार के मायने क्या हैं? ऐसी जरूरी चीजों को पाठकों तक पहुंचाने में भी रुचि रखते हैं। लाइव हिन्दुस्तान में बीते 5 सालों से जुड़े हैं और गुणवत्तापूर्ण समाचार देने की मुहिम को बल प्रदान किया है। सूर्यप्रकाश को पाठकों की पसंद को समझने और उसके अनुसार समाचारों के प्रस्तुतिकरण में भी महारत हासिल है। कठिन विषयों को सरल शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने की रुचि है और इसी कारण एक्सप्लेनर आदि भी लिखते हैं।

और पढ़ें