गर्मी से मिलेगी राहत! दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट; इन राज्यों में भी करवट लेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट घोषित किया है। अगले दो दिन यूपी, हरियाणा में भी बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। IMD का कहना है कि 30 मई को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है। मौसि विभाग ने उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भी आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने का अनुमान जतााया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी 60-70 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चल सकती है और ओले गिर सकते हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। दो दिन पहले हुई बारिश से अब भी तापमान कम है। कई शहरों का तापमान 20 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के सभी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं ग्लावियर और चंबल संभाग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और इंदौर में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद एक बार फिर तेज धूप खुल रही है। हालांकि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जल्द मौसम बदल सकता है। कल भी यूपी में हल्के बादल छाए थे। मंगलवार की शाम तक आंधी आ सकती है। ज्यादा बारिश का अनुमान नहीं जताया गया है। बादलों की आवाजाही लगी रहेगी और कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, मेघालय, मणिपुर, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पुदुचेरी में आंधी तूफाने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। केरल के तट पर हवा की रफ्तार काफी तेज हो सकती है। इसको देखते हुए मछुआरों को कई इलाकों में समंदर में ना उतरने की सलाह दी गई है।
