
यूपी-दिल्ली समेत इन राज्यों में भीषण ठंड का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश बढ़ाएगी मुसीबत
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा पंजाब औऱ हरियाणा में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। वहीं घने कोहरे ने मुसीबत और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत ज्यादातर राज्यों में भीषण ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि घने कोहरे की वजह से हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में दृश्यता बेहद कम रहेगी।
पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, गिलगित और बाल्टिस्तान में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा करेंगी। मैदानी इलाके की बात करें तो गुरुवार को सबसे कम तापमान इंदौर का 4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कई राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 21 दिसंबर तक राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं स्मॉग की वजह से भी दिल्ली की परेशानी बढ़ सकती है। गुरवार को दिल्ली के 15 इलाकों में एक्यूआई 400 को पार कर गया। बाकी जगहों पर भी हालात बेहद खराब थे।
यूपी का मौसम
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का प्रकोप बना रहेगा और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि निचले वायुमंडल में बनी प्रतिकूल परिस्थितियों, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर तराई और मैदानी क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस की जाएगी।
विभाग के मानकों के अनुसार जब मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहता है, तो उसे शीत दिवस कहा जाता है। वहीं यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम हो जाए, तो गंभीर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है।
पंजाब और हरियाणा में हो सकती है बारिश
तापमान में लगातार गिरावट के मद्देनजर पंजाब में ठंड बढ़ने और 20 से 22 दिसंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही घना कोहरा छाये रहने के भी आसार जताए गए हैं। मौसम वैज्ञानिक शिवेंद्र सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में अधिक ठंड देखने को मिलेगी। उन्होंने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने खासकर राजमार्ग पर यात्रा करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को अपनी गाड़ी की हेडलाइट जलाकर रखने और फॉग लाइट अथवा चारों इंडिकेटर चालू रखने की अपील की गयी है। ऐसा करने से दृश्यता कम होने के कारण होने वाले हादसों से बचा जा सकेगा। सुबह और शाम के समय कोहरे का असर अधिक रहने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




