
घने कोहरे से अभी नहीं मिलेगी राहत, दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में IMD का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन उत्तर भारत को कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। यूपी से दिल्ली तक घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश, राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहीं घना कोहरा मुसीबत और बढ़ा रहा है। शनिवार सुबह हाल यह रहा कि सड़कों पर कोहरे की वजह से घुप्प अंधेरा छाया रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार को लेकर भयंकर कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में ज्यादा कमी नहीं आएगी। राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 दिसंबर तक 8 से 9 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 20 से 22 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
बादल नहीं खुलने देंगे धूप
मौसम विभाग ने कहा है कि यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत उत्तर के सभी राज्यों में घने कोहरे के साथ बादल भी डेरा डाले रहेंगे। ऐसे में दिन में भी धूप खुलने की गुंजाइश कम ही है। 21 दिसंबर को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ाएंगी।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा और दिन में देर तक बना रहा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं। यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी। मौसम विभाग के अधिकारियों ने इस स्थिति के लिए उत्तर भारत से होकर गुजरने वाली पश्चिमी हवाओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप, पिछले 72 घंटे में कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया, जबकि न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं हुआ।
पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसमें राज्य के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा और ठंड से लेकर बहुत अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इसके बाद आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और कोहरे की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। मौसम केंद्र, लखनऊ ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जिन इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, उनमें कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर और देहात, उन्नाव, रायबरेली, अयोध्या, सुल्तानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और आसपास के इलाके शामिल हैं।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार को भयंकर कोहरा छाया है। दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण शुक्रवार को उड़ान परिचालन बाधित हुआ और इस कारण कम से कम 177 उड़ानों को रद्द कर दिया गया और 500 से अधिक उड़ानों में विलंब हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 177 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें प्रस्थान और आगमन दोनों शामिल हैं। दिल्ली में अभी दो दिन धूप खुलने की गुंजाइश कम ही है। सुबह घना कोहरा और इसके बाद बादलों की आवाजाही जारी रहेगी।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेखक के बारे में
Ankit Ojhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




