कल का मौसम, 01 अक्टूबर: गुरुवार को 20 राज्यों में रिमझिम बारिश; मॉनसून विदाई के बीच 60 की स्पीड से आंधी-तूफान
अभी भी 5 चक्रवाती सर्कुलेशन कायम हैं, जिनकी वजह से कई राज्यों में जोरदार बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान पहाड़ी राज्यों में तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी देखने को मिल सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि कल यानी गुरुवार, 01 अक्तूबर को देश के करीब 20 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ राज्यों में आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है और कहा गया है कि उस दरम्यान हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रतिघंटे रह सकती है। IMD ने कहा है कि गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, बंगाल, यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत डेढ़ दर्जन राज्यों में बारिश होने की संभावना है। IMD ने पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत दक्षिणी राज्यों में भी गुरुवार को बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पीछे हटने (withdrawal) के लिए हालात पूरी तरह अनुकूल हैं लेकिन इन राज्यों के ऊपर वायुमंडल में पांच चक्रवाती सर्कुलेशन अभी भी कायम हैं, जिनकी वजह से इन राज्यों में कहीं-कहीं जोरदार बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि पहाड़ी राज्यों में तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी देखने को मिल सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
इस बीच, मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर को दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार जताए हैं। IMD ने कहा है कि 1 अक्तूबर को तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा केरल, माहे और तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के काफी बड़े हिस्सों में व्यापक बारिश दर्ज की जा सकती है। IMD ने कहा है कि इस दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कराईकल में 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर भारत और ओडिशा का हाल
मौसम विभाग ने नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं,अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना जताई है। IMD ने कहा है कि 1 अक्टूबर को ओडिशा में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने ये भी कहा है कि 4 से 6 अक्तूबर को दौरान बिहार में और 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के दौरान ओडिशा में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कडकने और 50 किमी की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में साफ आसमान और सुहावना मौसम
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से साफ और सुहावना बना रहेगा। वर्षा की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क/DRY रहेगा। IMD ने कहा है कि दिल्ली में 1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33°C से 35°C (सामान्य के पास) और न्यूनतम तापमान 21°C से 23°C (सामान्य से थोड़ा कम) रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 15 किमी/घंटा की रफ्तार से हल्की हवाएं चलेंगी, जबकि दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली सतही हवाओं की गति बढ़कर 22 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। विभाग ने कहा है कि शाम और रात में हवा की गति धीमी होकर पश्चिम या उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 15 किमी/घंटा तक रह जाएगी।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।


