कल का मौसम, 7 मई: गुरुवार को भी नहीं थमेगी बारिश, आंधी-तूफान की आशंका; IMD का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान 7 मई को गरज चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान 30 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पूर्वोत्तर भारत के तमाम राज्यों में भी बारिश होगी।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज के मुताबिक गुरुवार को भी देश के कई राज्यों में बारिश होगी। IMD ने अलर्ट जारी करके बताया कि दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, और पूर्वोत्तर भारत के तमाम राज्यों में तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा के झोंके आने की संभावना भी बनी रहेगी। मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ में भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, इन राज्यों में कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों के तापमान पिछले दिनों के अनुसार ही बने रहेंगे। हालांकि, विदर्भ के ज्यादातर हिस्सों, तेलंगाना, सौराष्ट्र, और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 मई को मेघालय, नागालैंड, मणिपुर में तेज गरज के साथ बारिश होगी। असम भी इससे अछूता नहीं रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के कई अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान में बारिश का एक नया दौर शुरू होने वाला है। आने वाले दिनों में इसका असर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी दिखेगा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, बिहार में बारिश
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा के कई इलाकों में आने वाले दिनों में 7 से 10 मई के बीच में तेज गरज चमक के साथ बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा कई जगहों पर छिटपुट बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में आंधी चलने की प्रबल संभावना है। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गुरुवार को बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में रहेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक आधे से ज्यादा देश जहां बारिश के भीग रहा होगा, वहीं पश्चिम राजस्थान, पश्चिमी मध्य-प्रदेश, मराठवाड़ा, विदर्भ के कुछ हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र में मौसम गर्म बना रहेगा। इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना है। देश के कुछ हिस्सों में तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा। पहाड़ी क्षेत्र में तापमान अपने अनुसार कम होगा।
IMD के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों की तरफ दक्षिण भारत भी गुरुवार को बारिश से भीगता हुआ नजर आएगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवा के साथ बिजली भी कड़क सकती है। अगले सात दिनों के दौरान इन राज्यों में भारी बारिश की भी संभावना है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


