कल का मौसम, 16 जुलाई: गुरुवार को इन इलाकों में भारी बारिश, रथ यात्रा पर आसमानी आफत का भी 'महा-अलर्ट'
मौसम विभाग ने कहा है कि कल यानी 16 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उससे सटे बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा के लिए तो रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Kal Ka Mausam 16 July: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि कल यानी 16 जुलाई को बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार समेत देश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ने के कारण मॉनसून अब अपने सबसे आक्रामक रूप में आ गया है। विभाग ने गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग की इस चेतावनी और मौसम के मिजाज ने प्रशासन और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। IMD ने ओडिशा के लिए 'रेड वार्निंग' जारी किया है।
IMD ने अपने विस्तृत पूर्वानुमान में कहा है कि ऊपरी वायुमंडल में चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों के पास बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया। IMD ने कहा कि निम्न दबाव के क्षेत्र के अगले दो दिनों में उत्तरी ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदान क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने कहा है कि ओडिशा में 16 और 17 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिशहोने की प्रबल संभावना है। IMD के मुताबिक, पुरी में पहले ही रिकॉर्ड 143.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे 'ग्रैंड रोड' जैसे इलाकों में जलभराव हो गया है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे बिजली कड़कने की स्थिति में पेड़ों या अस्थायी ढांचों के नीचे शरण न लें।
कल कहां-कहां भारी बारिश?
मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा के अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल में भी कल कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में कल बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में भी 16 जुलाई को भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने कहा है कि 16 जुलाई को बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 17 और 21 जुलाई को बी बिहार और झारखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। IMD ने छत्तीसगढ़ में भी 16 जुलाई को भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। विभाग ने कहा है कि वहीं बिहार और झारखंड में भारी बारिश (7-11 सेमी) का सिलसिला जारी रहेगा।
पहाड़ी राज्यों का क्या हाल?
IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत और पहाड़ी राज्यों खासकर उत्तराखंड में कल कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कहीं-कहीं या कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD ने पश्चिम और दक्षिण भारत के कोंकण और गोवा में भी गुरुवार को व्यापक रूप से बारिश होने का अनुमान जताया है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक (तटीय, उत्तर और दक्षिण आंतरिक हिस्से) के कुछ इलाकों में भी कल वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बुधवार तड़के हल्की बारिश हुई। इससे उमस और गर्मी बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-NCR में उमस और गर्मी का डबल अटैक आगे जारी रह सकता है और बारिश का इंतज़ार लंबा हो सकता है। IMD ने कहा है कि दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 37°C से 39°C के बीच रहेगा, जो सामान्य से 3-5 डिग्री अधिक हो सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ''दिनभर बादल छाए रहने के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।'' IMD ने कहा है कि दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में कल हीट वेव (लू) की स्थिति बनी रहेगी।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


