कल का मौसम, 5 जून: दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 19 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश; IMD का अलर्ट, 80 की रफ्तार में झोंके

Pramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

IMD Alert Weather Updates Monsoon 2026:  IMD ने कल के लिए यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और असम में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

कल का मौसम, 5 जून: दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 19 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश; IMD का अलर्ट, 80 की रफ्तार में झोंके

IMD Alert Weather Updates Monsoon 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने आज केरल में दस्तक दे दी है। इसके साथ ही IMD ने कल यानी शुक्रवार, 5 जून को देश के करीब 19 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। IMD के मुताबिक, इस दौरान बारिश के साथ-साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, सबसे ज्यादा असर पूर्वी राज्यों पर पड़ने वाला है, जहां आंधी, बिजली और वज्रपात कहर बरपा सकती है।

दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश की दोहरी लहर

IMD ने कहा है कि शुक्रवार यानी 5 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में कल का दिन हलचल भरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, कल आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। IMD ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में कल दो चरणों में मौसम बदलने के आसार हैं। पहली खेप में सुबह से दोपहर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा (झोंकों में 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि शाम से रात तक गरज के साथ बहुत हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है। IMD के मुताबिक कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच रहने का अनुमान है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

कहां-कहां भारी बारिश की चेतावनी?

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून के सक्रिय होने के कारण केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में अगले 5-7 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। IMD ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, विशेष रूप से 5 जून को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के ताजा पूर्वानुमानों के मुताबिक, 5 जून को उत्तरी भारत में पहाड़ों पर ओले और मैदानों में तूफान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कल छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की आशंका है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

कुछ राज्यों में भारी उमस का अनुमान

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिणी राज्य केरल में भले ही मॉनसून आ गया है, लेकिन कुछ राज्यों में अभी भी उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। IMD के मुताबिक, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में 5 जून को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। विभाग ने ये भी कहा है कि बिहार में फिर से लू (Heatwave) की स्थिति 6 जून से शुरू होने की उम्मीद है, इसलिए कल वहां तापमान में बढ़त देखी जा सकती है। इस बीच IMD ने खराब मौसम और ऊंची लहरों के कारण मछुआरों को 9 जून तक केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाकों में समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। इसके अलावा ओलावृष्टि संभावित क्षेत्रों के किसानों को अपनी फसलों और बागानों को बचाने के लिए हेल-नेट का उपयोग करने को कहा गया है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों से जल निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।