कल का मौसम, 12 जून: दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में आंधी-बारिश का दौर; 70 की स्पीड से तूफानी हवाएं, IMD का अलर्ट
IMD Weather Updates Monsoon Rain Alert: मौसम विभाग ने कहा है कि 12 जून को पंजाब, हरियाणा,राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 50-60 KM/H की रफ्तार से आंधी-तूफान और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के अनुमान हैं।

IMD Weather Updates Monsoon Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि कल यानी शुक्रवार, 12 जून 2026 को देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। IMD के मुताबिक, एक तरफ जहां पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, वहीं दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की प्रगति के कारण देश के दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। IMD ने इसके लिए करीब दर्जन भर राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर-पश्चिम भारत के लिए नया अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के पास बने चक्रवाती दबाव के कारण कल से 13 जून तक इस क्षेत्र में तेज बारिश हो सकती है। IMD ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि 12 जून को पंजाब, हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का अनुमान जताया गया है।
उत्तर-पश्चिम भारत: भीषण गर्मी से राहत, ओलावृष्टि की चेतावनी
IMD ने कहा है कि कल यानी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 'काफी ज्यादा' से लेकर 'व्यापक' (Widespread) वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश होने की वजह से तापमान के मोर्चे पर बड़ी राहत की उम्मीद है, क्योंकि इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 5-7°C की गिरावट आ सकती है। हालाँकि, मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के लिए 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं के साथ 'तेज आंधी-तूफान' (Thundersquall) और ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल, गरज के साथ बारिश
IMD ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में कल आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। विभाग के अनुसार, सुबह और दोपहर के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश होने, बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से काफी कम होगा।
13 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की संभावना
IMD के मुताबिक कल यानी शुक्रवार 12 जून को देश के 13 राज्यों यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आंधी और तूफान चलने की आशंका है, तब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने मॉनसून की उत्तरी सीमा की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह रेखा वर्तमान में चेन्नई, सोलापुर (महाराष्ट्र), हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम (तेलंगाना) और कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से होते हुए रायगंज (पश्चिम बंगाल) और मधुबनी (बिहार) तक पहुंच चुकी है।
मध्य और पूर्वी भारत में आंधी-बारिश और तूफान
IMD ने कहा है कि मध्य भारत के छत्तीसगढ़ में कल अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 'काफी ज्यादा' वर्षा के साथ 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ और इलाकों सहित तमिलनाडु और पुडुचेरी के बचे हुए हिस्सों में पूरी तरह दाखिल हो चुका है। इसके साथ ही मॉनसून ने पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों और बिहार के कुछ इलाकों में भी अपनी दस्तक दे दी है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत: भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने मॉनसून की सक्रियता के चलते केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर 'बहुत भारी' बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और रायलसीमा में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में भी व्यापक वर्षा का अनुमान है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सुरक्षा सलाह और कृषि परामर्श
मौसम विभाग ने हालांकि, दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों, जैसे तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में अभी भी लू (Heatwave) की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। इन मौसमी दशाओं के मद्देनजर आम जनता को सलाह दी गई है कि वे आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के समय घरों के अंदर रहें, सुरक्षित आश्रय लें और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। किसानों को अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और खेतों में जल निकासी का उचित प्रबंध करने का भी सुझाव दिया गया है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


