बरसात के दिनों में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड; श्रीनगर में 70 साल बाद इतना तापमान, पहलगाम का क्या हाल
पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए प्रमुख आधार शिविरों में से एक है। यहां पर्यटक रिसॉर्ट ने जुलाई का सबसे गर्म दिन देखा। तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने पिछले साल 21 जुलाई को दर्ज 31.5 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शनिवार को 7 दशकों में जुलाई का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के दौरान औसत तापमान से 7.8 डिग्री अधिक है। यह तापमान शहर में अब तक का तीसरा सबसे अधिक तापमान है और 1953 के बाद से सबसे अधिक है। श्रीनगर में अब तक का सबसे अधिक तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस है, जो 10 जुलाई, 1946 को दर्ज किया गया था।
इसके अलावा, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक पहलगाम में पर्यटक रिसॉर्ट में सबसे गर्म जुलाई का दिन रहा। यहां तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछला रिकॉर्ड 31.5 डिग्री सेल्सियस था, जो पिछले साल 21 जुलाई को दर्ज किया गया था। कश्मीर में जून से ही भीषण गर्मी पड़ रही है और लगातार चल रही लू ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। स्वतंत्र मौसम पूर्वानुमानकर्ता फैजान आरिफ ने कहा कि घाटी में गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। उन्होंने असामान्य रूप से भीषण गर्मी को देखते हुए कहा, 'श्रीनगर में आज सामान्य दिन की तुलना में 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया। पर्यटन स्थलों में पहलगाम में सर्वकालिक रिकॉर्ड तोड़ते हुए अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।'
कुपवाड़ा और गुलमर्ग का क्या हाल
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2006 के बाद से सबसे अधिक है। कश्मीर के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो जुलाई महीने में अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। कोकरनाग के अन्य पहाड़ी रिसॉर्ट में 34.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो शहर के इतिहास में जुलाई महीने का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के पहाड़ी रिसॉर्ट में दिन का तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में केंद्र शासित प्रदेश में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।