IMD ने दी गुड न्यूज, मौसम बना रहेगा कूल-कूल, दर्जन भर राज्यों में पूरे हफ्ते आंधी-बारिश के आसार, 100 की स्पीड से झोंके
Weather Updates: मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 से 31 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मध्यम से गंभीर गरज-चमक के साथ तूफानी हवाएं चलेंगी, जिसकी गति 70-105 किमी प्रति घंटे तक रह सकती हैं।
Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास में गुरुवार शाम हुई बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आज शुक्रवार (29 मई) को भी ये राहत कायम है। न्यूनतम तापमान एक दिन पहले दर्ज 28.4 डिग्री सेल्सियस से घटकर 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा पूर्वानुमानों में शुक्रवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विभाग ने दोपहर और शाम के समय बारिश होने, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 34°C से 37°C के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम है।
IMD ने कहा है कि देश के कई हिस्सों में बारिश होने के वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण ऊष्ण लहर और लू (Heatwave) का कहर अब थम गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कल से मध्य भारत के अधिकांश भागों में भी लू की स्थिति समाप्त हो जाएगी। पिछले 24 घंटों के दौरान, देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.5°C दर्ज किया गया। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर सहित कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 3-5°C की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिली है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश के आसार
IMD कहा है कि आगामी 31 मई से 4 जून के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में फिर से 5-7°C की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है लेकिन दर्जन भर से ज्यादा राज्यों में मौसम कूल-कूल बना रहेगा और वहां आंधी बारिश का दौर चलता रहेगा। IMD के मुताबिक, इस दोरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवा के झोंके चल सकते हैं।IMD ने कहा है कि 1 से 4 जून के दौरान पूर्वोत्तर भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में छिटपुट से लेकर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और केरल में इस दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 से 31 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मध्यम से गंभीर गरज-चमक के साथ तूफानी हवाएं चलेंगी, जिसकी गति 70-105 किमी प्रति घंटे तक रह सकती हैं। IMD के मुताबिक, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 29 मई को ओलावृष्टि की भी प्रबल आशंका है।
कहां-कहां बारिश के आसार
IMD ने कहा है कि अगले पूरे सप्ताह अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश (1-4 जून), असम और मेघालय (2-4 जून) और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में (31 मई से 3 जून) के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक में 2 जून तक हल्की से मध्यम वर्षा, गरज और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं। केरल और माहे में 29 मई और फिर 31 मई से 4 जून के दौरान भारी बारिश की संभावना है। लक्षद्वीप में 31 मई से 4 जून के बीच भारी बारिश हो सकती है।
सावधानी और सुरक्षा निर्देश
खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण मछुआरों को 3 जून तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के गहरे इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना वाले क्षेत्रों के किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें और तैयार उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें। इसके अलावा आम जनता के लिए भी मौसम विभागन सुरक्षा के निर्देश जारी किए हैं। IMD ने आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित आश्रय लेने, पेड़ों के नीचे न खड़े होने और बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल देने का सुझाव दिया है।
मॉनसून की प्रगति
दूसरी तरफ, IMD ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी गति से आगे बढ़ रहा है। विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ पूरी तरह अनुकूल हैं।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


