आज का मौसम: नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, UP-हरियाणा सहित 9 राज्यों में होगी झमाझम बारिश
Aaj Ka Mausam 17 June: मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून पिछले सप्ताह दक्षिण बंगाल पहुंच चुका है, लेकिन इसकी गतिविधि कमजोर बनी हुई है। इसके कारण क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं हो रही और उमस भरी गर्मी जारी है।

IMD 17 June Weather Forecast: देश का मौसम तेजी से बदलने वाला है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके कारण उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाके से लेकर हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों तक झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कई राज्यों में आंधी और तूफान का भी अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि जहां पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं, कमजोर मॉनसून के कारण दक्षिण बंगाल और कुछ अन्य राज्यों में गर्मी और लू का असर जारी रहने का अनुमान है।
18 से 22 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी इस दौरान धूल भरी आंधी, बिजली गिरने और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
अलनीनो का असर, 12 राज्यों में विशेष तैयारी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अल नीनो के कारण उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटका, ओडिशा, गुजरात, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र सहित 12 राज्यों में मॉनसून पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसलिए केंद्रीय मंत्री ने इन राज्यों के 326 संवेदनशील जिलों के लिए वैकल्पिक कृषि योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वर्षा की कमी की स्थिति में किसानों को समय पर सहायता मिल सके।
हिमाचल के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 18 जून के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में 22 जून तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में गोहर में 44.6 मिलीमीटर, जोत में 41 मिलीमीटर और कुफरी में 39.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
महाराष्ट्र में सामान्य से 74 प्रतिशत कम बारिश
महाराष्ट्र में 1 से 15 जून के बीच सामान्य 103.8 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 27.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य वर्षा का मात्र 26 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने किसानों को फिलहाल बुवाई में जल्दबाजी न करने की सलाह दी है। रिपोर्ट के अनुसार, 18 जून के बाद विदर्भ और मराठवाड़ा में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
राजस्थान में बारिश-आंधी से राहत
राजस्थान के कई हिस्सों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिला। चूरू में 29 मिलीमीटर और सीकर में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं झुंझुनूं जिले के पिलानी में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 50.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
मछुआरों और किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने 16 से 21 जून के बीच बंगाल की खाड़ी, अरब सागर, अंडमान सागर और मन्नार की खाड़ी में खराब मौसम की चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही किसानों को फसलों को ओलावृष्टि और जलभराव से बचाने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।
दक्षिण बंगाल में मॉनसून कमजोर, गर्मी से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून पिछले सप्ताह दक्षिण बंगाल पहुंच चुका है, लेकिन इसकी गतिविधि कमजोर बनी हुई है। इसके कारण क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं हो रही और उमस भरी गर्मी जारी है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


