Hindi Newsमौसम न्यूज़imd 22 December weather updates temperature in up rainfall aaj ka Mausam
ठंड और कोहरे की मार कम नहीं, अब बारिश भी होगी, इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

ठंड और कोहरे की मार कम नहीं, अब बारिश भी होगी, इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

संक्षेप:

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में रातभर हल्की बारिश शुरू हुई जो रुक-रुक कर जारी रही। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान घाटी में बर्फबारी और बारिश में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है।

Dec 22, 2025 08:23 am ISTNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Weather Today: उत्तर भारत में रविवार को कहीं कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुराया तो कहीं कोहरे की घनी चादर ने रफ्तार थाम दी। उत्तर भारत के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में पारा लुढ़क गया जबकि पंजाब व हरियाणा में ठंड का प्रकोप बढ़ गया और दिल्ली व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 48 घंटे राहत के आसार नहीं हैं।

कोहरे की मार

IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तरपूर्वी हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और कुछ स्थानों पर बारिश के साथ-साथ बर्फ गिरने का अनुमान जताया है। IMD के अनुसार, प्रमुख मौसम निगरानी केंद्रों में शामिल पालम में शानिवार रात 10 बजे से रविवार दोपहर 12:30 बजे के बीच मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता सबसे कम 300 मीटर दर्ज की गई।

IMD ने बताया कि हल्के कोहरे के कारण दृश्यता बढ़कर 600 मीटर हो गई लेकिन पूर्व-दक्षिणपूर्वी दिशा से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण फिर से 350 मीटर तक गिर गई। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में देर रात डेढ़ बजे से ढाई बजे के बीच मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता सबसे कम 200 मीटर तक गिर गई।

IMD के अनुसार, सुबह साढ़े पांच बजे तक यह धीरे-धीरे बढ़कर 500 मीटर तक पहुंच गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उड़ानें प्रभावित

मौसम विभाग के अनुसार, शाम 5:30 बजे आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली हवाई अड्डे पर रविवार को घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की वजह से कुल 97 उड़ानें रद्द हुईं और 200 से अधिक उड़ानें विलंबित हुईं। भारतीय विमानन प्राधिकरण के अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खराब मौसम के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी कम से कम 11 उड़ानें रद्द हुईं।

कश्मीर में भीषण ठंड की शुरुआत

कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई। कश्मीर में 40 दिन की सबसे कठोर शीत ऋतु की अवधि ‘चिल्ला-ए-कलां’ की शुरुआत के साथ घाटी के लोगों को लंबे शुष्क दौर के बाद काफी राहत मिली। अधिकारियों ने यहां बताया, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग में बर्फबारी हुई, जहां लगभग दो इंच बर्फ जमा हो गई है।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर-कारगिल राजमार्ग पर स्थित सोनमर्ग में रविवार सुबह बर्फबारी शुरू हुई, जो आखिरी सूचना मिलने तक जारी थी। नियंत्रण रेखा के पास स्थित तंगधार सेक्टर को मुख्य कश्मीर घाटी से जोड़ने वाले साधना टॉप पर शनिवार रात से अब तक मध्यम बर्फबारी हुई है, जिससे लगभग छह इंच बर्फ जमा हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में रातभर हल्की बारिश शुरू हुई जो रुक-रुक कर जारी रही। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान घाटी में बर्फबारी और बारिश में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है।

कश्मीर में हुई बारिश से लंबे समय से जारी शुष्क दौर का अंत हो गया। शुष्क दौर के कारण खासकर बच्चों और बुजुर्गों में खांसी-जुकाम जैसी सामान्य बीमारियों के मामलों में वृद्धि हो गई थी। चिल्ला-ए-कलां के पहले दिन हुई बारिश और बर्फबारी को स्थानीय लोग शुभ संकेत मानते हैं और इसे अच्छी बर्फबारी का अग्रदूत माना जाता है।

पिछले वर्ष शुष्क सर्दी के कारण स्थानीय निवासियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा था। उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग एकमात्र ऐसा मौसम केंद्र रहा जहां पारा शून्य से नीचे रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से पांच डिग्री अधिक है।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम सहित अन्य सभी मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री से 3.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। चिल्ला-ए-कलां (बड़ी ठंड) की अवधि 30 जनवरी को समाप्त होगी। इसके बाद ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ (छोटी ठंड) और ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ (हल्की ठंड) का दौर आएगा।

बारिश के आसार

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से लेकर भारी बर्फबारी का अनुमान है। IMD के मुताबिक, इन दोनों जिलों के साथ-साथ चंबा में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। IMD ने बताया कि 21 व 22 दिसंबर की देर रात और सुबह के दौरान ऊना, बिलासपुर (भाखरा बांध रिजर्व) और मंडी (बल्ह घाटी) जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने का अनुमान है।

कैसा रहा मौसम

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रविवार को भीषण ठंड रही और दोनों राज्यों के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, पंजाब में गुरदासपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के भिवानी में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 9.5 डिग्री, रोहतक में 10.8 डिग्री और सिरसा में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना और बठिंडा में 8.6 डिग्री, पटियाला में 9.3 डिग्री और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई।

कब तक छाया रहेगा कोहरा

विभाग ने यह भी अनुमान जताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 23 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। राजस्थान में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान अब भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

कई दिनों की कड़ाके की ठंड के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को 5.4 डिग्री सेल्सियस था।

सीकर में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले यह 5.8 डिग्री सेल्सियस था। चूरू में रात का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को 7.6 डिग्री सेल्सियस था। चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस और पिलानी (झुंझुनू) में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि सिरोही में रात का तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बारां जिले के अंता में यह 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात की तुलना में करीब दो डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से 24 दिसंबर से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। साथ ही, राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में 23 और 24 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

IMD ने झारखंड के कुछ हिस्सों में ठंड और घने कोहरे को लेकर रविवार को अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

IMD के अनुसार, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा जिलों के लिए सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक ठंड को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी सहित कुल 15 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

Google Trends

IMD ने एक बुलेटिन में बताया कि राज्य के छह जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति भी दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। इन जिलों में गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और रांची शामिल हैं।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;