दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, नया पश्चिमी विक्षोभ फिर कूल करेगा मौसम
मार्च के जाते-जाते मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक एक नए पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर उत्तर-पश्चिम भारत में बादल डेरा डाल रहे हैं और कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम की लिहाज से मार्च का महीना काफी उथल-पुथल वाला रहा है। शुरुआत में भयंकर गर्मी पड़ी तो इसके बाद बारिश और ओलावृष्टि ने माहौल ही बदलकर रख दिया। यह महीना जाते-जाते एक बार फिर मौसम करामात दिखाने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण से पूर्वोत्तर के राज्यों तक बादल एक बार फिर अपना डेरा डाल रहे हैं। अगले चार दिनों तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी समेत कई राज्यों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजधानी दिल्ली में येलो अलर्ट
मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी नयी दिल्ली में हल्की बारिश, बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को शहर में हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, पटेल नगर और बुद्धा जयंती पार्क जैसे इलाकों में रविवार शाम के बाद हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। सोमवार को भी शाम से रात तक बूंदाबांदी जारी रहने और 20-30 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम में इस बदलाव के चलते अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह कश्मीर से लेकर हिमाचल तक के पहाड़ों में बारिश होने वाली है। 30 मार्च को उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल और उत्तराखंड के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
पूर्वोत्तर के राज्यों का मौसम
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा और मिजोरम में भी इस सप्ताह मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कई जगहों पर बारिश की संभावना है।
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 31 मार्च को बिहार और तटीय पश्चिम बंगाल में तूफानी हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 2 अप्रैल तक मध्यम बारिश की संभावना है।
अप्रैल में होगा हीटवेव का असर?
मौसम के जानकारों का कहना है कि बार-बार आने वाले पश्चिमी विक्षोभों की वजह से अप्रैल में तापमान सामान्य से दो या तीन डिग्री कम ही रह सकता है। 20 अप्रैल के बाद गर्मी बढ़ सकती है। ऐसे में अप्रैल महीने में लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। हालांकि बार-बार होने वाली बेमसम बारिश की वजह से किसानों को नुकसान हो सकता है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


