दिल्ली-NCR में फिर आ रहा आंधी-बारिश का दौर, IMD का अलर्ट; कहां पहुंचा मॉनसून, किन-किन राज्यों में बारिश?
IMD Weather Update Rain Alert Monsoon: मौसम विभाग ने कहा है कि 11 जून के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसकी वजह से दिल्ली एनसीआर में फिर से आंधी-बारिश का दौर लौट सकता है।

IMD Weather Update Rain Alert Monsoon: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून देश के कई नए हिस्सों में अपनी पकड़ मजबूत कर चुका है और अब यह पश्चिम-मध्य और पूर्वी-मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों और तेलंगाना के कुछ इलाकों में आगे बढ़ चुका है। IMD के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों के दौरान मॉनसून बंगाल की खाडी के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत पूर्वोत्तर राज्यों के बाकी हिस्सों में बढ़ सकता है क्योंकि इसके लिए मौ,मी दशाएं अनुकूल बनी हुई हैं।
वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने भारी गर्मी से झुलस रहे उत्तर भारत के लिए राहत की खबर दी है। IMD ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में फिर से आंधी-बारिश का दौर लौट सकता है। IMD ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में 11 जून तक लू (Heatwave) की स्थिति बनी रह सकती है और अगले कुछ दिनों तक तापमान 42°C से 44°C के बीच रहने का अनुमान है।
आ रहा एक नया पश्चिमी विक्षोभ
हालांकि, IMD ने कहा है कि 11 जून की शाम से एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे दिल्ली में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, इसी सिस्टम के प्रभाव से 11 और 12 जून को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बिजली कड़कने, तेज हवाओं और ओलावृष्टि हो सकती है।
तप रहा राजस्थान, 45 पर पहुंचा पारा
IMD ने बताया है कि राजस्थान के कई इलाकों में एक बार फिर तेज गर्मी पड़ रही है और गंगानगर में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान कई जगह बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में 'हीटवेव' चल सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सोमवार सुबह तक बीते चौबीस घंटों में पूर्वी भाग में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गयी। सर्वाधिक बारिश पुष्कर (अजमेर) में 50.0 मिलीमीटर हुई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।
इस हफ्ते कहां-कहां बारिश?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस हफ्ते (8 से 14 जून तक) देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर हिस्से में जहां मॉनसून की वजह से भारी बारिश हो सकती है, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने के आसार हैं। IMD ने कहा है कि केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में पूरे हफ्ते (8-14 जून) व्यापक बारिश की संभावना है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुदुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 8-14 जून के दौरान बारिश के आसार हैं। IMD के मुताबिक, तेलंगाना, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में भी इस हफ्ते के अलग-अलग दिनों में बारिश होने की उम्मीद है।
कर्नाटक-केरल में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने इस दौरान यानी 8 और 9 जून को कर्नाटक और केरल में अत्यंत भारी बारिश (>20 सेमी) का अलर्ट जारी किया है। IMD के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे हफ्ते (8-14 जून) व्यापक बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 8-14 जून के दौरान लगातार बारिश की संभावना है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 9 से 14 जून के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ से लू से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने कहा है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 11 से 14 जून के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे इस क्षेत्र में भीषण गर्मी और ली से राहत मिलने के आसार हैं। विभाग के मुताबिक, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी 10 से 14 जून के बीच बारिश के आसार बन रहे हैं। IMD के मुताबिक, 11 और 12 जून को उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 8 से 14 जून के दौरान छिटपुट बारिश के आसार हैं।
मध्य और पूर्वी भारत में भी छिटपुट बारिश के आसार
IMD के मुताबिक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 8 से 14 जून के दौरान छिटपुट बारिश होने की संभावना है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे हफ्ते व्यापक बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 11 से 14 जून के बीच बारिश की गतिविधि बढ़ने की उम्मीद है। वहीं पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 8 से 10 जून के दौरान भारी बारिश और उसके बाद (11-14 जून) छिटपुट बारिश के आसार हैं। मध्य महाराष्ट्र, मराठावाड़ा और गुजरात क्षेत्र में भी 8-14 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


