अगले हफ्ते फिर लौटेगा आंधी-तूफान, दर्जन भर राज्यों में तो झमाझम बरसेंगे बदरा; दिल्ली-NCR से बिहार तक IMD का गुड न्यूज
Next Week Weather Updates: IMD ने कहा है कि दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों में तापमान में क्रमिक वृद्धि होगी और 9 मई तक अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, 6 और 7 मई की शाम या रात को बारिश के आसार हैं।

Next Week Weather Updates: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले हफ्ते भी देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। मौसम विभाग ने एक तरफ उत्तर-पश्चिम भारत के लिए आंधी-तूफान का नया अलर्ट जारी किया है,तो दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू (Heatwave) चलने की चेतावनी दी है। 6 मई की दोपहर जारी पूर्वानुमान में IMD ने कहा है कि 10 से 12 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक, बिजली कड़कने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का एक नया दौर आने की संभावना है। इसका प्रभाव मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में देखने को मिलेगा।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने करीब दर्जन भार राज्यों में अगले सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने कहा है कि दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6-7 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान केरल के कुछ हिस्सों में 11-20 सेमी तक भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने ये भी अनुमान जताया है कि पूर्वोत्तर भारत में भी अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में व्यापक रूप से बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
बढ़ता तापमान और लू का प्रकोप
मौसम के दूसरे मिजाज के बारे में अनुमान लगाते हुए IMD ने कहा है कि देश के कई हिस्सों में गर्मी का सितम भी शुरू हो गया है। IMD के मुताबिक विदर्भ, तेलंगाना, रायलसीमा और पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम तापमान 40°C या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, वर्धा (महाराष्ट्र) में पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सर्वाधिक तापमान 43.5°C दर्ज किया गया। अगले हफ्ते का पूर्वानुमान जारी करते हुए IMD ने कहा है कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 09 से 11 मई के दौरान लू चलने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही कोंकण, गोवा और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों कोपरेशान करेगी।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत का हाल
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों में तापमान में क्रमिक वृद्धि होगी और 9 मई तक अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, IMD ने कहा है कि 6 और 7 मई की शाम या रात को गरज-चमक के साथ मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इसके तहत जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगिट-बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब और हरियाणा और दिल्ली में 10 से12 मई के दौरान; और हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड में 11 और 12 मई को गरज, बिजली चमकने के साथ तेज़ हवाओं के साथ, कहीं छिटपुट तो कहीं मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 60 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में गिरे ओले, आंधी के साथ बारिश
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कई हिस्सों में ओलावृष्टि और आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई है। इससे एक तरफ मौसम कूल-कूल बना हुआ है तो दूसरी तरफ शहर की हवा इस साल की सबसे साफ दर्ज की गई। द्वारका और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित कई इलाकों में सुबह ओले गिरे, जिससे लोग चौंक गए। हालांकि, इससे गर्मी से राहत मिली। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्युआई) लगातार दूसरे दिन 'संतोषजनक' श्रेणी में रहा।
बिहार-झारखंड का कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने कहा है कि बिहार में 06 से 10 मई के दौरान और झारखंड तथा ओडिशा में अगले 7 दिनों के दौरान, गरज-चमक, बादल कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ कहीं छिटपुट तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, गंगा के मैदानी भाग वाले पश्चिमी बंगाल में 09 मई को तेज आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की स्पीड 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम विभाग ने ये भी कहा है कि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 06 मई को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा बिहार में 06 मई को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


