आज का मौसम 12 जुलाई: यूपी-बिहार में भारी बारिश, दिल्ली-मुंबई समेत कई राज्यों में अलर्ट

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मौसम विभाग ने बताया है कि मॉनसून अपनी चाल बदल रहा है और अब इसका रुख उत्तर प्रदेश  और पहाड़ी राज्यों की ओर है। ऐसे में अगले तीन दिन पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

मॉनसून

इस समय पूरे उत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय है और बड़े इलाके को तर कर रहा है। मुंबई में मूसलाधार बारिश और जल-जमाव की वजह से जन-जीवन और यातायात अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब-हरियाणा समेत 16 राज्यों में अगले 12 घंटों के अंदर आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश के अलर्ट के बीच भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

किन राज्यों में अलर्ट?

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई जगहों पर 70 की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है। वहीं मॉनसून भी अपनी चाल बदल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में बादल ज्यादा मेहरबान रहेंगे। वहीं उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश

मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां शिमला, मनाली, कुल्लू, धर्मशाला, सोलन और मंडी में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और देहरादून में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने वाले समय में मौसम के दो रंग नजर आएंगे। फिलहाल 12 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद अभी भारी बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में कम बारिश की वजह से उमस बढ़ेगी और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वहीं दिल्ली में बादल छाए रहेंगे।

यूपी में झमाझम बारिश का अलर्ट

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रायबरेली, हरदोई, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, बस्ती, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, बहराइच, कानपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और मेरठ में भारी बारिश हो सकती है। हवाओं की स्पीड 50 से 60 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है।

बिहार और झारखंड का मौसम

बिहार के पटना, खगड़िया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधुबनी, समस्तीपुर, दरभंगा, अररिया, वैशाली, सिवान, नवादा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, अरवल, लखीसराय, नालंदा और वैशाली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं झारखंड के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

महाराष्ट्र के इन इलाकों में मूसलाधार बारिश, IMD की सलाह

मुंबई एवं पुणे क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा, जलभराव तथा मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर बोल्डर गिरने के कारण पश्चिम एवं मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जुलाई तक मुंबई और आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि जिन इलाकों में ज्यादा बारिश का अलर्ट है वहां लोग, बेवजह आवाजाही से बचें। इसके अलावा खेतों में भी सावधानी बरतें।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।