Aaj Ka Mausam: तेज हुई मॉनसून की रफ्तार, गर्मी से मिलेगी राहत; 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार
Aaj Ka Mausam 4 july: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ इलाकों में 4 से 10 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं।
Aaj Ka Mausam 4 July: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता तेजी से बढ़ रही है। 4 से 10 जुलाई के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व, पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत के राज्यों में व्यापक से लेकर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में अगले एक हफ्ते तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में 4 से 10 जुलाई के दौरान व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 5 से 10 जुलाई के बीच मॉनसूनी बारिश जोर पकड़ेगी।
मैदानी इलाकों की बात करें तो हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 6 से 8 जुलाई के बीच झमाझम बारिश होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून रफ्तार पकड़ेगा। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में भी 4 से 10 जुलाई तक मौसम मेहरबान रहेगा।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ इलाकों में 4 से 10 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 से 10 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
एमपी और छत्तीसगढ़ में भारी आफत
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई इलाकों में 4 से 10 जुलाई के दौरान मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही 4 से 6 जुलाई के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और 4-5 जुलाई को विदर्भ में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में भी 4 से 8 जुलाई के बीच लगातार भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान
पूर्वी भारत के राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में 4 से 8 जुलाई के बीच मॉनसून की सक्रियता चरम पर रहेगी। विशेषकर 4 जुलाई को ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार और अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं झारखंड में 4 जुलाई को मध्यम से तीव्र गति से बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। बिहार में 4 से 10 जुलाई के दौरान छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश होगी, जबकि 5 से 7 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस पूरे हफ्ते 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 10 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होगी। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 4 से 7 जुलाई के बीच भारी बारिश होने का अनुमान है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


