आज का मौसम, 11 मई: दिल्ली में छाए रहेंगे बदरा, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, आंधी की आशंका
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली एनसीआर, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में ज्यादा दूर जाने से मना किया गया है।

Aaj ka Mausam: मई के महीने में मौसम भारतवासियों को ठंडक का अहसास करा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) कि रिपोर्ट के मुताबिक 11 मई को भी देश के कई हिस्सों पर बदरा मेहरबान रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों जैसे कि जम्मू-कश्मी, हिमाचल, लद्दाख और उत्तराखंड में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी की संभावना भी बनी हुई है। इन मैदानी इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, देश पर अभी भी पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है। हालांकि उत्तर भारत से नीचे की तरफ आने पर इसका प्रभाव कम होता दिख रहा है। राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम गर्म बना रहेगा। कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति भी बनेगी। सौराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहेगा। हालांकि, इन क्षेत्रों के कई इलाकों में बादलों के छाए रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की आशंका भी है। तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश और तेज गरज के साथ बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कर्नाटक और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
बिहार, झारखंड में सक्रिय रहेगा मौसम
IMD की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम लगातार मेहरबान बना रहेगा। झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में सोमवार को तेज गरज के साथ बारिश होगी। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले दो से तीन दिनों तक ऐसे ही हालात का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्वोत्तर भारत भी सोमवार को बारिश से भीगता हुआ नजर आएगा। अरुणाचल प्रदेश, मेघायल, असम, नागालैंड और मिजोरम के कई इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। कुल मिलाकर मई के महीने में भी देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इसकी वजह से गर्मी का असर कम रहेगा और तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


