आज का मौसमः कहां अटक गया मॉनसून? 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट; दिल्ली-यूपी को कब मिलेगी राहत
आज का मौसमः मॉनसून पिछले दो सप्ताह से बिहार और महाराष्ट्र में अटका है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में बारिश में समय लगय रहा है। फिलहाल IMD ने 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश में लू का कहर जारी रहेगा।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पिछले दो सप्ताह से महाराष्ट्र और बिहार में ही अटका हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी चार से पांच दिन तक इसके आगे बढ़ने की संभावना भी नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में मॉनसून की एंट्री में भी लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है। दूसरी ओर मुंबई में भी अगले सप्ताह ही बारिश शुरू हो सकती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कम से कम 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। राजधानी दिल्ली में भी 19 जून से 21 जून तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तेज हवाओं के साथ बौछार पड़ सकती है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD)ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। बारिश के साथ ही 70 से 80 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और ओडिशा में बारिश की संभावना है।
यूपी का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। वहीं लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, प्रयागराज, कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, बरेली, मेरठ, पीलीभीत, सहारनुप, बिजनौर, हरदोई, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, महोबा, झांसी, कौशांबी, हमीरपुर, चित्रकूट और बांदा में लू का अलर्ट जारी किया है। एक- दो दिन में कुछ जगहों पर बौछार पड़ सकती है। हालांकि ज्यादा बारिश का अलर्ट नहीं है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके अलावा 19 से 21 जून तक कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। फिलहाल अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री तक बने रहने की संभावना है।
बिहार और झारखंड का मौसम
बिहार के कई जिलों में मॉनसून पहुंच गया है। ऐसे में पटना, पश्चिमी चंपारण, सिवान, गया, शेखपुर, बेगुसराय, मुंगेर, नवादा, कटिहार, गोपालगंज, समस्तीपुर, नालंदा और मुजफ्फरपुर में 19 जून को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 80 से 90 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ों में हो सकती है बर्फबारी और बारिश
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। इसके अलावा मैदानी इलाकों से जुड़े जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में 19 जून को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शिमाल, मंडी और कुल्लू में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में भूस्खलन की भी संभावना है। चंबा और कांगड़ा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, पुलवामा, राजौरी और पुंछ में बौछार पड़ने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब के होशियारपुर, पठानकोट मुक्तसर और बठिंडा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बौछार पड़ सकती है। 21 जून तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 25 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


